Hyundai Bayon: नई मिड-साइज SUV का नाम हुआ फाइनल, जानिए इंजन से लेकर लॉन्च तक की पूरी जानकारी
Hyundai ने अपनी नई मिड-साइज SUV Bayon के नाम का खुलासा कर दिया है। कंपनी की यह नई कार टेक्नोलॉजी से लैस होगी और SUV सेगमेंट में Hyundai की पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी। इसमें इंजन, CNG ऑप्शन और इलेक्ट्रिक मॉडल से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है।

In Short
- Hyundai Bayon का नाम फ्रांस के शहर Bayonne से प्रेरित है, फेस्टिव सीजन 2026 में होगी लॉन्च।
- SUV में Creta वाला 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन और CNG ऑप्शन मिलने की उम्मीद है।
- Hyundai Venue साइज सेगमेंट में एक नया डेडिकेटेड इलेक्ट्रिक व्हीकल भी लाएगी।
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने अपनी आने वाली मिड-साइज SUV के नाम से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इस नई SUV का नाम Hyundai Bayon रखा है। यह SUV भारतीय बाजार में फेस्टिव सीजन 2026 के दौरान लॉन्च की जाएगी। कंपनी का कहना है कि Bayon सिर्फ एक नई SUV नहीं होगी, बल्कि ग्राहकों के लिए एक नया और स्मार्ट ड्राइविंग एक्सपीरियंस लेकर आएगी।
फ्रांस के शहर Bayonne से लिया गया नाम
Hyundai Bayon का नाम फ्रांस के Basque Country में स्थित शहर Bayonne से प्रेरित है। कंपनी के मुताबिक यह नाम उस शहर की अलग पहचान और डायनामिक स्पिरिट को दिखाता है। Hyundai का कहना है कि Bayon उसकी SUV लाइन-अप में एक नया मॉडल होगा, जो नई पीढ़ी के ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
ज्यादा टेक्नोलॉजी से लैस होगी Bayon
Hyundai Motor India के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO तरुण गर्ग ने पहले Business Today को दिए इंटरव्यू में बताया था कि Bayon में टेक्नोलॉजी पर खास फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि यह मॉडल ज्यादा टेक्नोलॉजी हैवी होगा और इसमें युवा ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए SDV (Software Defined Vehicle) प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा।
कंपनी के मुताबिक Bayon Hyundai की ग्लोबल डिजाइन और प्रोडक्ट फिलॉसफी को आगे बढ़ाएगी। इसमें ग्राहकों को इंटेलिजेंट और आसान टेक्नोलॉजी एक्सपीरियंस देने की कोशिश की जाएगी।
Creta वाला इंजन मिलने की उम्मीद
Hyundai Bayon में Creta का 1.5 लीटर 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। यह इंजन 115hp की पावर जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल और CVT गियरबॉक्स का विकल्प दिया जा सकता है।
इसके अलावा Bayon में CNG ऑप्शन भी मिलने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो यह चार मीटर से ज्यादा लंबाई वाली Hyundai की पहली कार होगी, जिसमें CNG के लिए अंडरबॉडी टैंक दिया जाएगा।
मिड-साइज SUV सेगमेंट में बढ़ेगी Hyundai की पकड़
Hyundai Bayon की एंट्री ऐसे समय में हो रही है, जब भारत में मिड-साइज SUV सेगमेंट तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल Hyundai Creta इस सेगमेंट में मजबूत स्थिति में है और हर साल करीब 2 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज कर रही है।
कंपनी का मानना है कि Bayon के आने से उसकी SUV रेंज और मजबूत होगी और इस तेजी से बढ़ते सेगमेंट में बिक्री को बढ़ावा मिलेगा।
Venue साइज इलेक्ट्रिक SUV भी आएगी
Hyundai ने Bayon के अलावा एक और बड़ी जानकारी दी है। कंपनी इस वित्त वर्ष के अंत तक Venue साइज सेगमेंट में एक नई इलेक्ट्रिक व्हीकल लॉन्च करेगी। यह इलेक्ट्रिक कार Venue का इलेक्ट्रिक वर्जन नहीं होगी, बल्कि एक पूरी तरह नया डेडिकेटेड EV मॉडल होगा।