Hyundai की पहली मिड साइज CNG SUV आने को तैयार, बड़ी SUV में मिलेगा कम खर्च का ऑप्शन
Hyundai Motor India अपनी नई SUV Bayon के साथ बाजार में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। Venue और Creta के बीच आने वाली इस SUV में कंपनी फिटेड CNG पावरट्रेन मिलने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो Bayon भारत में 4 मीटर से लंबी पहली CNG SUV बन सकती है, जो ग्राहकों को कम रनिंग कॉस्ट और ज्यादा स्पेस देगी।

In Short
- Hyundai Bayon में मिल सकता है 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ फैक्ट्री फिटेड CNG ऑप्शन
- नई SUV Venue और Creta के बीच होगी पोजिशन और कीमत करीब 10 से 15 लाख रुपये हो सकती है
- Bayon में ADAS 360 डिग्री कैमरा और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद
Hyundai Motor India अपने SUV पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी ने अपनी नई SUV का नाम Hyundai Bayon कंफर्म कर दिया है, जिसे फेस्टिव सीजन के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। यह SUV कंपनी की Venue और Creta के बीच पोजिशन की जाएगी। खास बात यह है कि Bayon के साथ Hyundai भारत में 4 मीटर से लंबी SUV में पहली बार फैक्ट्री फिटेड CNG पावरट्रेन पेश कर सकती है।
अगर Hyundai Bayon में कंपनी फिटेड CNG ऑप्शन मिलता है, तो यह भारतीय बाजार में एक नया सेगमेंट तैयार कर सकती है। अभी तक फैक्ट्री फिटेड CNG का इस्तेमाल ज्यादातर छोटी कारों और 4 मीटर से कम लंबाई वाली SUVs में किया जाता है। Hyundai फिलहाल Exter और Grand i10 Nios जैसे मॉडल्स में CNG ऑप्शन देती है, लेकिन Creta जैसे बड़े SUVs में अभी तक CNG उपलब्ध नहीं है।
वहीं, Maruti Suzuki अपनी Vitara और Grand Vitara में CNG विकल्प देती है, जबकि Toyota Urban Cruiser Hyryder में भी CNG पावरट्रेन उपलब्ध है। Hyundai Bayon इस मुकाबले में बड़ी SUV के स्पेस और CNG की कम रनिंग कॉस्ट का कॉम्बिनेशन पेश कर सकती है।
Hyundai Bayon में मिल सकता है 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन
Hyundai Bayon में कंपनी 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दे सकती है। यही इंजन फिलहाल Creta में भी इस्तेमाल किया जाता है, जो 115bhp की पावर और 143.8Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड मैनुअल और CVT गियरबॉक्स के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है।
हालांकि, Hyundai ने अभी तक Bayon के इंजन विकल्प, CNG टैंक क्षमता, पावर आउटपुट और ट्रांसमिशन से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
Hyundai Bayon नाम कैसे पड़ा?
Hyundai ने 14 सितंबर को अपनी नई SUV का नाम आधिकारिक तौर पर Bayon घोषित किया था। इस नाम को फ्रांस के Basque Country में स्थित शहर Bayonne से लिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह नाम SUV के ग्लोबल डिजाइन और डायनामिक कैरेक्टर को दर्शाता है।
इससे पहले टेस्टिंग के दौरान Bayon की कार पर “BRING IT ON” लिखा हुआ देखा गया था। इसके साथ Innovation, Transformation, Inspiration और Evolution जैसे शब्द भी लिखे गए थे। अब कंपनी के टीज़र कैंपेन से साफ हुआ है कि इन सभी शब्दों में मौजूद “ON” पर फोकस किया गया था।
डिजाइन और फीचर्स में क्या मिलेगा?
टेस्टिंग मॉडल्स के आधार पर Hyundai Bayon का डिजाइन कंपनी की नई SUV लाइनअप से प्रेरित नजर आता है। इसमें एक पारंपरिक SUV स्टांस, फ्लैट रूफ, बड़े व्हील आर्च, रूफ रेल्स और पुल टाइप डोर हैंडल मिलने की उम्मीद है।
इसके फ्रंट में स्प्लिट हेडलैंप डिजाइन दिया जा सकता है, जिसमें ऊपर स्लिम LED लाइटिंग सिग्नेचर और नीचे मुख्य हेडलैंप यूनिट होगी। साइड प्रोफाइल में राइजिंग विंडो लाइन और C पिलर के पास डिजाइन एलिमेंट्स देखने को मिल सकते हैं। पीछे की तरफ हॉरिजॉन्टल टेल लाइट और रूफ स्पॉयलर मिलने की संभावना है।
इंटीरियर में Hyundai की नई डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिल सकती है। इसमें डुअल डिजिटल स्क्रीन सेटअप, इंफोटेनमेंट सिस्टम और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए इंटीग्रेटेड डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। स्टीयरिंग व्हील पर Hyundai का नया चार डॉट वाला लोगो डिजाइन भी दिया जा सकता है।
फीचर्स की बात करें तो Bayon में 360 डिग्री कैमरा, सनरूफ, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
Venue और Creta के बीच होगी Hyundai Bayon की जगह
Hyundai Bayon की कीमत करीब 10 लाख रुपये से 15 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है। यह SUV कंपनी के लाइनअप में Venue और Creta के बीच अपनी जगह बनाएगी।
अगर Hyundai इसमें 4 मीटर से ज्यादा लंबाई वाली SUV में फैक्ट्री फिटेड CNG विकल्प पेश करती है, तो Bayon भारतीय बाजार में एक अलग पहचान बना सकती है। यह उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है, जो बड़ी SUV का स्पेस चाहते हैं लेकिन पेट्रोल-डीजल के मुकाबले कम रनिंग कॉस्ट वाली कार की तलाश में हैं।