Hybrid और Plug-in Hybrid में क्या फर्क? MG Hector Tomahawk की टेक्नोलॉजी आसान भाषा में समझिए

नॉर्मल हाइब्रिड और प्लग-इन हाइब्रिड देखने में भले एक जैसी तकनीक लगें, लेकिन इनके काम करने का तरीका काफी अलग है। MG Hector Tomahawk PHEV इस फर्क को साफ करती है, जहां बाहर से चार्ज होने वाली बैटरी 115 KM से ज्यादा इलेक्ट्रिक रेंज और पेट्रोल इंजन लंबी दूरी का सहारा देता है।

Advertisement
Normal Hybrid से कैसे अलग है Plug in Hybrid EV समझिए पूरा फर्क
Normal Hybrid से कैसे अलग है Plug in Hybrid EV समझिए पूरा फर्क

In Short

  • MG Hector Tomahawk PHEV में 20.5 kWh बैटरी और 115 KM से ज्यादा इलेक्ट्रिक रेंज का दावा
  • नॉर्मल हाइब्रिड के मुकाबले PHEV को बाहर से चार्ज किया जा सकता है और इसमें बड़ी बैटरी मिलती है
  • फुल बैटरी और फुल पेट्रोल टैंक के साथ 1,100 KM से ज्यादा कुल रेंज का दावा

By Gaurav Kumar:

भारत में हाइब्रिड कारें अब नई नहीं हैं, लेकिन प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी PHEV की तकनीक अभी भी बहुत से ग्राहकों के लिए नई है। सामान्य हाइब्रिड और प्लग-इन हाइब्रिड दोनों में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी मिलती है, लेकिन दोनों की बैटरी को चार्ज करने और गाड़ी चलाने का तरीका अलग होता है। MG Hector Tomahawk PHEV इसी फर्क को समझने का अच्छा उदाहरण है। कंपनी इसे भारत की पहली प्लग-इन हाइब्रिड EV के तौर पर पेश कर रही है। कंपनी का दावा है कि पूरी तरह चार्ज बैटरी और फुल पेट्रोल टैंक के साथ यह SUV 1,100 किलोमीटर से ज्यादा की कुल रेंज दे सकती है।

सबसे पहले समझिए नॉर्मल हाइब्रिड क्या होती है

नॉर्मल हाइब्रिड या स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड कार में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी भी होती है। आमतौर पर इसकी बैटरी को बाहर से चार्जर लगाकर चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती।

गाड़ी चलते समय पेट्रोल इंजन और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम बैटरी को चार्ज करने में मदद करते हैं। ब्रेक लगाने या गाड़ी की रफ्तार कम करने के दौरान पैदा होने वाली कुछ ऊर्जा को दोबारा बैटरी में जमा किया जाता है।

कम रफ्तार या कुछ खास परिस्थितियों में कार इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से चल सकती है, जबकि ज्यादा पावर की जरूरत होने पर पेट्रोल इंजन काम संभाल लेता है। इसका मुख्य मकसद पेट्रोल की खपत कम करना और बेहतर माइलेज हासिल करना होता है।

प्लग-इन हाइब्रिड में क्या बदल जाता है

प्लग-इन हाइब्रिड में भी पेट्रोल इंजन, इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी होती है, लेकिन इसका बड़ा अंतर इसकी बड़ी बैटरी और बाहर से चार्ज करने की सुविधा है।

इसकी बैटरी को घर या चार्जिंग स्टेशन पर चार्जर लगाकर चार्ज किया जा सकता है। बड़ी बैटरी होने की वजह से ऐसी कार सामान्य हाइब्रिड के मुकाबले ज्यादा दूरी तक केवल बिजली से चल सकती है।

आसान भाषा में कहें तो नॉर्मल हाइब्रिड में इलेक्ट्रिक मोटर मुख्य रूप से पेट्रोल बचाने में मदद करती है, जबकि प्लग-इन हाइब्रिड रोजमर्रा के कई सफर एक इलेक्ट्रिक कार की तरह पूरा कर सकती है। बैटरी की चार्जिंग कम होने पर पेट्रोल इंजन आगे का सफर संभाल लेता है।

Hector Tomahawk में 115 KM से ज्यादा इलेक्ट्रिक रेंज का दावा

MG Hector Tomahawk PHEV में 20.5 kWh की बैटरी दी गई है। कंपनी के ब्रॉशर के मुताबिक यह केवल बैटरी की ताकत पर 115 किलोमीटर से ज्यादा चल सकती है। इसमें 52 लीटर का पेट्रोल टैंक भी मिलता है। बैटरी और पेट्रोल को मिलाकर कंपनी 1,100 किलोमीटर से ज्यादा की कुल रेंज का दावा कर रही है।

हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि इन रेंज आंकड़ों का अंतिम सर्टिफिकेशन अभी बाकी है। असली रेंज ड्राइविंग स्टाइल, ट्रैफिक, रफ्तार और गाड़ी पर मौजूद वजन के हिसाब से बदल सकती है।

यहीं PHEV और नॉर्मल हाइब्रिड का बड़ा अंतर दिखता है। Tomahawk को चार्ज करके रोजाना के छोटे सफर सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड में किए जा सकते हैं, जबकि लंबी यात्रा में पेट्रोल इंजन बैकअप देता है।

घर पर भी चार्ज कर सकेंगे बैटरी

Tomahawk में CCS2 चार्जिंग कनेक्टर दिया गया है और यह अधिकतम 25 kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक 25 kW DC चार्जर से बैटरी को 30 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 35 मिनट लग सकते हैं।

वहीं 3.3 kW AC चार्जिंग से 10 से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में करीब 7.5 घंटे लग सकते हैं। Exclusive और Essence दोनों वेरिएंट के लिए 3.3 kW AC पोर्टेबल चार्जिंग केबल और 3.3 kW AC होम चार्जिंग बॉक्स भी फीचर लिस्ट में शामिल हैं।

छह अलग तरीकों से काम करता है हाइब्रिड सिस्टम

Tomahawk का सिस्टम छह अलग ऑपरेटिंग मोड में काम कर सकता है। Pure EV Mode में बैटरी इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देती है। Series Hybrid Mode में मोटर गाड़ी चलाती है जबकि पेट्रोल इंजन बिजली पैदा करता है। ज्यादा पावर की जरूरत होने पर Parallel Hybrid Boost Mode में इंजन और मोटर दोनों साथ काम करते हैं।

Regeneration Mode में गाड़ी की रफ्तार कम होने या ढलान पर चलते समय ऊर्जा बैटरी में वापस जाती है। Pure Engine Mode में पेट्रोल इंजन सीधे गाड़ी चलाता है। वहीं Engine Drive + Charge Mode में इंजन पहियों को चलाने के साथ बैटरी को भी चार्ज करता है।

पेट्रोल इंजन के साथ ताकतवर इलेक्ट्रिक मोटर

इस SUV में 1.5 लीटर Atkinson Cycle पेट्रोल इंजन मिलता है। यह 75 kW की अधिकतम पावर और 125 Nm टॉर्क देता है। इसके साथ Permanent Magnet Synchronous Motor लगी है, जो 148 kW की अधिकतम पावर और 237 Nm टॉर्क देती है। इसमें Dedicated Hybrid Transmission का इस्तेमाल किया गया है।

कंपनी Dedicated Hybrid Engine के लिए 43.2 प्रतिशत थर्मल एफिशिएंसी और Dedicated Hybrid Transmission के लिए 98.8 प्रतिशत एफिशिएंसी का दावा करती है। बैटरी को 2,000 से ज्यादा बेंच टेस्ट और 490 से ज्यादा व्हीकल लेवल टेस्ट से गुजारने की बात भी कही गई है।

कीमत में BaaS का भी विकल्प

MG Hector Tomahawk PHEV दो 7-सीटर वेरिएंट में उपलब्ध है। Exclusive की सामान्य एक्स-शोरूम कीमत 25.69 लाख रुपये और Essence की 27.79 लाख रुपये है। Battery-as-a-Service यानी BaaS के तहत Exclusive की शुरुआती कीमत 21.79 लाख रुपये और Essence की 23.89 लाख रुपये है। इसके ऊपर 3.2 रुपये प्रति किलोमीटर बैटरी किराया देना होगा।

अगर कोई ग्राहक महीने में 1,000 किलोमीटर गाड़ी चलाता है तो बैटरी किराया करीब 3,200 रुपये बनेगा। 1,500 किलोमीटर चलाने पर यह करीब 4,800 रुपये होगा। इसमें बैटरी चार्ज करने पर खर्च होने वाली बिजली शामिल नहीं है।

बैटरी पर Lifetime Warranty

कंपनी पहले निजी मालिक के लिए हाई-वोल्टेज बैटरी पर लाइफटाइम वारंटी दे रही है। अगर गाड़ी का मालिक बदलता है या इसे कमर्शियल रजिस्ट्रेशन में बदला जाता है तो हाई-वोल्टेज बैटरी की वारंटी 8 साल या 1.60 लाख किलोमीटर हो जाएगी, जो भी पहले पूरा हो।

गाड़ी पर 3 साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी और 3 साल की रोडसाइड असिस्टेंस भी दी गई है।

टेक्नोलॉजी और सेफ्टी में क्या मिलेगा

Tomahawk के टॉप वेरिएंट में 15.6 इंच की Grand View टचस्क्रीन दी गई है। कंपनी इसमें Gen AI आधारित वॉयस असिस्टेंट और Karaoke के साथ 8,000 से ज्यादा गानों का दावा करती है। इसके अलावा 80 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स और 30 से ज्यादा हिंग्लिश वॉयस कमांड मिलते हैं।

सभी वेरिएंट में छह एयरबैग स्टैंडर्ड हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, हिल होल्ड कंट्रोल, ABS के साथ EBD, ब्रेक असिस्ट, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। Essence वेरिएंट में Level-2 ADAS पैकेज भी मिलता है।

Normal Hybrid या Plug-in Hybrid किसके लिए बेहतर

अगर किसी ग्राहक के पास घर या ऑफिस में नियमित चार्जिंग की सुविधा नहीं है और उसकी प्राथमिकता बेहतर माइलेज है तो नॉर्मल हाइब्रिड ज्यादा आसान विकल्प हो सकती है।

वहीं जिन ग्राहकों के पास चार्जिंग की सुविधा है और वे रोजाना के ज्यादातर सफर इलेक्ट्रिक मोड में करना चाहते हैं, उनके लिए प्लग-इन हाइब्रिड ज्यादा दिलचस्प विकल्प हो सकती है।

MG Hector Tomahawk का पूरा दांव भी इसी सोच पर है। यह रोजमर्रा में इलेक्ट्रिक कार जैसा अनुभव देने और लंबी यात्रा में पेट्रोल इंजन का सहारा देने की कोशिश करती है। अब असली सवाल यह होगा कि भारतीय सड़कों पर इसकी 115 किलोमीटर से ज्यादा की दावा की गई इलेक्ट्रिक रेंज कितनी मिलती है और बैटरी किराया तथा चार्जिंग खर्च जोड़ने के बाद इसे चलाना कितना किफायती साबित होता है।

Read more!
Advertisement