Maruti की नई WagonR BioFlex ने E85 पर कितना दिया माइलेज? टेस्ट में खुला राज
E85 फ्यूल पर चलने वाली Maruti की नई WagonR BioFlex को लेकर चर्चा तेज है। पेट्रोल से सस्ते फ्यूल और माइलेज के सवाल के बीच यह कार लोगों का ध्यान खींच रही है। टेस्ट ड्राइव में क्या सामने आया और यह कार कितनी काम की साबित हो सकती है, पूरी रिपोर्ट में जानिए।

In Short
- WagonR BioFlex E85 फ्यूल पर चलती है, इसलिए इसका माइलेज पेट्रोल कार से कम हो सकता है।
- टेस्ट ड्राइव में कार ने 11.8 किलोमीटर प्रति लीटर माइलेज दिखाया, लेकिन यह फाइनल माइलेज नहीं है।
- कार चलाने में आम WagonR जैसी लगी, लेकिन E85 फ्यूल मिलना अभी बड़ी चुनौती है।
WagonR BioFlex: Maruti की नई WagonR BioFlex को लेकर लोगों में काफी दिलचस्पी है, क्योंकि यह E85 फ्यूल पर चलने वाली फ्लेक्स-फ्यूल कार है। यह फ्यूल पेट्रोल से सस्ता बताया जा रहा है, लेकिन लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल माइलेज को लेकर है। अब समझते हैं कि ज्यादा इथेनॉल वाले फ्यूल से माइलेज पर क्या असर पड़ सकता है।
क्या ज्यादा इथेनॉल से माइलेज कम हो सकता है?
हां, ज्यादा इथेनॉल होने से कार का माइलेज कम हो सकता है , क्योकि E85 फ्यूल में 85 पर्सेंट इथेनॉल और 15 पर्सेंट पेट्रोल होता है। इथेनॉल से इंजन की परफॉर्मेंस अच्छी रह सकती है, लेकिन इसमें पेट्रोल के मुकाबले प्रति लीटर ताकत कम होती है। इसी वजह से ज्यादा इथेनॉल वाले फ्यूल पर कार कम माइलेज दे सकती है।
टाटा मोटर्स के एमडी और सीईओ शैलेष चंद्रा ने भी कहा था कि E20 तक नई कारों में बड़ी दिक्कत नहीं होनी चाहिए, लेकिन अगर फ्यूल में इथेनॉल ज्यादा हो, तो माइलेज में ज्यादा गिरावट आ सकती है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: इलेक्ट्रिक कार बाजार में Tata और Mahindra का जलवा! जून में बिक्री में जबरदस्त उछाल, जानें अन्य कंपनियों का हाल
टेस्ट ड्राइव में कितना माइलेज मिलेगा?
टेस्ट ड्राइव के दौरान WagonR BioFlex के डिस्प्ले पर माइलेज 11.8 किलोमीटर प्रति लीटर दिखा। हालांकि इसे कार का पक्का माइलेज नहीं माना जा सकता, क्योंकि टेस्ट दिल्ली के ट्रैफिक में हुआ था। इस दौरान कई बार कार रोकी गई, वीडियो शूट हुआ, इंजन लंबे समय तक चालू रहा और बार-बार स्पीड भी बढ़ाई गई।
सही माइलेज जानने के लिए कार को लंबी दूरी पर और बेहतर तरीके से टेस्ट करना होगा।
ड्राइविंग में क्या फर्क महसूस हुआ?
दिल्ली की भीड़भाड़ वाली सड़कों, फ्लाईओवर और खाली रास्तों पर कार चलाने के दौरान ड्राइविंग आम WagonR जैसी ही लगी। इंजन आराम से चला और स्पीड बढ़ाने में भी कोई दिक्कत नहीं दिखी। कार चलाते समय ऐसा नहीं लगा कि यह किसी अलग तरह के फ्यूल पर चल रही है।
इंजन में झटके या ज्यादा हिलने की बात समझने के लिए स्टार्ट कार के इंजन पर पानी की बोतल रखकर भी देखा गया। टेस्ट के दौरान बोतल ज्यादा नहीं हिली, जिससे लगा कि इंजन का कंपन पेट्रोल वाली WagonR जैसा ही है।
कीमत कम, लेकिन E85 मिलना बड़ी चुनौती
WagonR BioFlex की कीमत 7.24 लाख रुपये एक्स-शोरूम रखी गई है। यह पेट्रोल वाले टॉप मॉडल से करीब 74,000 रुपये महंगी है। दिल्ली में E85 फ्यूल की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर बताई गई है, जबकि रेगुलर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर है।
टेस्ट से यह तो लगा कि फ्लेक्स-फ्यूल कार चलने के लिए तैयार है, लेकिन असली सवाल E85 फ्यूल को लेकर है। जब तक देशभर में यह फ्यूल आसानी से नहीं मिलेगा और इसकी कीमत लोगों के बजट में रहेगी, तब तक ऐसी कारों की मांग ज्यादा बढ़ना मुश्किल हो सकता है।