Honda की इन 3 SUVs से बदलेगा बाजार का खेल? Creta और Nexon को मिलेगी चुनौती, एक पुरानी कार की होगी वापसी
भारतीय कार बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Honda बड़ी तैयारी कर रही है। कंपनी आने वाले वर्षों में तीन नई SUVs पेश करने की योजना बना रही है। इनमें एक लोकप्रिय मॉडल की वापसी होगी, जबकि दो नई गाड़ियां देश के सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा वाले SUV सेगमेंट में उतरेंगी। जानिए इनके संभावित लॉन्च, इंजन, कीमत और फीचर्स के बारे में।

In Short
- Honda भारत में तीन नई SUVs लाने की तैयारी कर रही है।
- CR-V हाइब्रिड की 2028 की शुरुआत तक वापसी संभव।
- नई SUVs का मुकाबला Creta, Nexon और Brezza से होगा।
जापान की कार कंपनी Honda भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए SUV लाइनअप बढ़ाने की तैयारी कर रही है। हाल ही में Honda Elevate का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने के बाद कंपनी अब तीन नई SUVs लाने की योजना पर काम कर रही है। इनमें Honda CR-V की वापसी के साथ दो नई SUVs शामिल हो सकती हैं। खास बात यह है कि कंपनी हाइब्रिड टेक्नोलॉजी पर भी ध्यान दे रही है। हालांकि, तीनों मॉडल में हाइब्रिड इंजन मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Honda CR-V Hybrid की होगी वापसी
Honda की लोकप्रिय SUV CR-V साल 2028 की शुरुआत तक भारतीय बाजार में वापसी कर सकती है। इस बार इसमें स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड इंजन मिलने की उम्मीद है। इसे Elevate से ऊपर प्रीमियम सेगमेंट में रखा जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, CR-V को पूरी तरह तैयार यूनिट (CBU) के रूप में भारत लाया जा सकता है। इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 40 से 45 लाख रुपये हो सकती है।
इसमें 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ Honda का नया टू-मोटर e:HEV हाइब्रिड सिस्टम मिल सकता है। इसका पावर आउटपुट करीब 204 bhp और टॉर्क 334 Nm होने की उम्मीद है।
SUV में 15-इंच टचस्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीटें और Level 2 ADAS जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं।
Tata Nexon और Brezza को टक्कर देगी नई SUV
Honda ने भारत के लिए चार मीटर से छोटी नई SUV विकसित करने की पुष्टि की है। इसे 2028 तक पेश किया जा सकता है।
इसका मुकाबला Tata Nexon, Maruti Brezza, Hyundai Venue, Kia Sonet और Mahindra XUV 3XO से होगा।
Honda पहले इस सेगमेंट में WR-V बेचती थी, जिसे मार्च 2023 में बंद कर दिया गया था। नई SUV के जरिए कंपनी दोबारा इस बाजार में उतरना चाहती है।
हालांकि, इसके इंजन और कीमत की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इसमें स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड विकल्प मिलेगा या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है।
Hyundai Creta के मुकाबले भी आएगी नई SUV
Honda साल 2028 के बाद एक नई कॉम्पैक्ट SUV लाने की योजना बना रही है। इसका मुकाबला Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Grand Vitara और Toyota Hyryder जैसी गाड़ियों से होगा।
संभावना है कि यह नई SUV मौजूदा Honda Elevate की जगह ले सकती है। हालांकि, कंपनी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
इसमें 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल, स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन जैसे विकल्प दिए जा सकते हैं, लेकिन फिलहाल ये संभावनाएं हैं। नई SUV में बड़ी टचस्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और ADAS जैसे आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
Honda की इन तीन नई SUVs से भारतीय बाजार में मुकाबला और तेज हो सकता है। हालांकि, लॉन्च टाइमलाइन, कीमत और फीचर्स की अंतिम जानकारी कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।