शानदार इंटीरियर और 500 KM तक की संभावित रेंज, ऐसी होगी भारत में Honda की पहली इलेक्ट्रिक SUV
होंडा भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV Alpha को 2 दिसंबर को पेश करने वाली है। इससे पहले कंपनी ने इसके इंटीरियर की पहली झलक दिखाई है। इसमें कई ऐसे फीचर्स देखने को मिलेंगे, जो होंडा की मौजूदा कारों में नहीं हैं। जानें इसके डिजाइन और संभावित ड्राइविंग रेंज की डिटेल।

In Short
- 2 दिसंबर को भारत में पेश होगी होंडा की पहली इलेक्ट्रिक SUV।
- डुअल स्क्रीन और पर्पल एंबिएंट लाइटिंग से लैस होगा इंटीरियर।
- सिंगल चार्ज में 500 किलोमीटर तक की रेंज मिलने की उम्मीद।
होंडा भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV Alpha पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2 दिसंबर को इस इलेक्ट्रिक SUV को भारत में पेश करेगी। इससे पहले होंडा ने एक डिजाइन स्केच जारी कर इसके इंटीरियर की पहली झलक दिखाई है। इसमें डैशबोर्ड, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और केबिन की कलर थीम का खुलासा हुआ है। इस इलेक्ट्रिक SUV का निर्माण राजस्थान के टपूकड़ा स्थित होंडा के प्लांट में किया जाएगा।
कैसा होगा SUV का इंटीरियर?
होंडा Alpha के केबिन को ब्लैक और ऑफ व्हाइट डुअल टोन कलर थीम के साथ डिजाइन किया गया है। इसमें पर्पल एंबिएंट लाइटिंग भी देखने को मिलेगी। डैशबोर्ड के बीच में बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट स्क्रीन दी गई है। वहीं, स्टीयरिंग व्हील के पीछे फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा। खास बात यह है कि होंडा फिलहाल भारत में अपनी किसी भी कार में फुली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले नहीं देती है।
मिलेंगे कई खास फीचर्स
इस इलेक्ट्रिक SUV में नया थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है, जिस पर होंडा की नई ब्रांडिंग और फिजिकल बटन देखने को मिलेंगे। AC कंट्रोल पैनल का डिजाइन काफी हद तक होंडा Elevate जैसा है। इसके अलावा सेंटर कंसोल में USB चार्जिंग पोर्ट दिए गए हैं और वायरलेस फोन चार्जर मिलने की भी उम्मीद है। पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए कप होल्डर के साथ सेंटर आर्मरेस्ट भी मिल सकता है।
कैसा होगा SUV का लुक?
होंडा ने Alpha के एक्सटीरियर का डिजाइन स्केच भी जारी किया है। इसका लुक अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो में दिखाए गए प्रोटोटाइप जैसा नजर आता है। इसके फ्रंट में कनेक्टेड LED डेटाइम रनिंग लाइट्स, पतले हेडलैंप, ग्लॉसी ब्लैक ग्रिल और चमकता हुआ होंडा लोगो देखने को मिलेगा। इसके अलावा फ्लश डोर हैंडल, डुअल टोन अलॉय व्हील और व्हील आर्च के आसपास ब्लैक क्लैडिंग दी गई है। पीछे की तरफ U-शेप वाली LED लाइटिंग मिलने की उम्मीद है।
कितनी होगी बैटरी और ड्राइविंग रेंज?
होंडा ने अभी तक इस इलेक्ट्रिक SUV की बैटरी क्षमता, मोटर पावर और चार्जिंग से जुड़ी जानकारी का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि इसमें 60kWh से 70kWh तक का बैटरी पैक दिया जा सकता है। अपने सेगमेंट की दूसरी इलेक्ट्रिक SUV को देखते हुए Alpha की ड्राइविंग रेंज 400 से 500 किलोमीटर के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, इसकी वास्तविक बैटरी क्षमता, रेंज और चार्जिंग फीचर्स की जानकारी कंपनी के आधिकारिक खुलासे के बाद ही सामने आएगी।