1 रुपये में 4KM... इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की बंपर डिमांड, एक साल में 108% बढ़ी बिक्री
इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बढ़ती मांग के बीच हीरो विडा की बिक्री में बड़ा उछाल देखने को मिला है। कंपनी का एक स्कूटर कम रनिंग कॉस्ट की वजह से भी ध्यान खींच रहा है। आखिर कितनी है इसकी कीमत, फुल चार्ज में कितना खर्च आता है और अगस्त में कितनी यूनिट्स बिकीं? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- अगस्त 2026 में हीरो विडा की बिक्री सालाना आधार पर 108% बढ़कर 25,558 यूनिट्स पहुंची।
- विडा वीएक्स2 गो 2.2kWh की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 79,999 रुपये है।
- 8 रुपये प्रति यूनिट बिजली के हिसाब से स्कूटर की रनिंग कॉस्ट करीब 25 पैसे प्रति किलोमीटर बैठती है।
भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। खासकर इलेक्ट्रिक स्कूटर्स को खरीदारों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। अगस्त 2026 के बिक्री आंकड़े भी यही तस्वीर दिखा रहे हैं। इस दौरान हीरो विडा की बिक्री में सालाना आधार पर 108% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी के पोर्टफोलियो में अलग-अलग बैटरी साइज और रेंज वाले कई इलेक्ट्रिक स्कूटर मौजूद हैं।
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बिक्री में 146% की ग्रोथ
अगस्त 2026 में भारतीय बाजार में कुल 1,87,214 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बिक्री हुई। अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 76,118 यूनिट्स था। इस तरह सालाना आधार पर इस सेगमेंट की बिक्री में 146% की बढ़ोतरी हुई है।
हीरो विडा की बात करें तो पिछले महीने कंपनी ने कुल 25,558 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे। अगस्त 2025 में कंपनी की बिक्री 12,273 यूनिट्स रही थी। यानी एक साल में विडा की बिक्री में 108% की ग्रोथ हुई है। कंपनी वीएक्स2 और वी2 सीरीज के तहत कुल 5 स्कूटर बेचती है।
सबसे सस्ते विडा स्कूटर में क्या मिलता है?
कंपनी के पोर्टफोलियो में वीएक्स2 गो लेटेस्ट एडिशन है। यह इलेक्ट्रिक स्कूटर तीन बैटरी ऑप्शन में आता है। इसमें 2.2kWh, 3.1kWh और 3.4kWh बैटरी का विकल्प मिलता है।
विडा वीएक्स2 गो के 2.2kWh मॉडल की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 79,999 रुपये है। कंपनी के मुताबिक यह स्कूटर 93 किलोमीटर की क्लेम्ड रेंज देता है।
1 रुपये में करीब 4 किलोमीटर का सफर
अगर बिजली की कीमत 8 रुपये प्रति यूनिट मानी जाए और स्कूटर को घर पर चार्ज किया जाए, तो इसे फुल चार्ज करने में करीब 20 रुपये का खर्च आएगा। क्लेम्ड रेंज के मुकाबले स्कूटर कुछ कम दूरी तय कर सकता है। ऐसे में इसकी एवरेज रनिंग कॉस्ट करीब 25 पैसे प्रति किलोमीटर यानी 1 रुपये में लगभग 4 किलोमीटर बैठती है।
अगस्त में किस स्कूटर की कितनी बिक्री?
अगस्त में बजाज चेतक 52,248 यूनिट्स की बिक्री के साथ सबसे आगे रहा। टीवीएस आईक्यूब की 42,882 यूनिट्स बिकीं, जबकि हीरो विडा की बिक्री 25,558 यूनिट्स रही।
एथर रिज्टा की 22,586 यूनिट्स और टीवीएस ऑर्बिटर की 14,641 यूनिट्स बिकीं। इसके अलावा ग्रीव्स मैग्नस की 9,772 यूनिट्स और एथर 450 की 6,891 यूनिट्स अगस्त में बेची गईं।