हाईवे पर सफर करने वाले सावधान! टोल टैक्स बचाने की कोशिश पर लगेगा 5 गुना जुर्माना
हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने टोल टैक्स की चोरी रोकने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब नंबर प्लेट और FASTag से जुड़ी लापरवाही भारी पड़ सकती है। जानें किन परिस्थितियों में वाहन मालिकों पर जुर्माना लगेगा।

In Short
- जानबूझकर टोल टैक्स की चोरी करने वालों पर लगेगा पांच गुना जुर्माना।
- तय टोल फीस के अतिरिक्त वसूली जाएगी जुर्माने की रकम।
- सभी मौजूदा और भविष्य में बनने वाले MLFF टोल प्लाजा पर लागू होगा नियम।
देश में हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर को आसान बनाने के लिए सरकार लगातार टोल सिस्टम में बदलाव कर रही है। नई टेक्नोलॉजी की मदद से टोल प्लाजा पर गाड़ियों की लंबी कतारों को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही सरकार टोल टैक्स की चोरी करने वालों पर भी सख्ती बढ़ा रही है। ऐसे में आइए जानते हैं कि सरकार ने क्या फैसला लिया है और किन लोगों पर इसका असर पड़ेगा।
टोल टैक्स की चोरी पर लगेगा 5 गुना जुर्माना
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल प्लाजा पर जानबूझकर टोल टैक्स की चोरी करने वाले लोगों पर पांच गुना जुर्माना लगाने का फैसला किया है। अगर कोई व्यक्ति टोल टैक्स देने से बचने के लिए अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट छिपाता है, उससे छेड़छाड़ करता है या FASTag नहीं लगाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
टोल फीस के अलावा देना होगा जुर्माना
खास बात यह है कि यह जुर्माना तय टोल फीस के अतिरिक्त वसूला जाएगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी गाड़ी की टोल फीस 100 रुपये है, तो नियम का उल्लंघन करने पर 500 रुपये का जुर्माना लगेगा। ऐसे में गाड़ी मालिक को कुल 600 रुपये चुकाने होंगे। हालांकि, जुर्माना तभी लगाया जाएगा, जब यह साबित हो जाए कि ऐसा जानबूझकर टोल टैक्स देने से बचने के लिए किया गया है।
नंबर प्लेट छिपाने वालों पर होगी कार्रवाई
अगर किसी गाड़ी की आगे या पीछे की नंबर प्लेट या फिर दोनों नंबर प्लेट को इस तरह छिपाया गया है कि गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर पढ़ा नहीं जा सके और FASTag भी डिटेक्ट नहीं हो पाए, तो ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वाली गाड़ियों की पहचान टेक्नोलॉजी की मदद से की जाएगी।
क्या है मल्टी लेन फ्री फ्लो टोल सिस्टम?
मल्टी लेन फ्री फ्लो एक इलेक्ट्रॉनिक टोल सिस्टम है, जिसमें किसी तरह का बैरियर नहीं होता है। इसमें सड़क के ऊपर लगे स्ट्रक्चर पर FASTag रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाते हैं। ये कैमरे और रीडर वहां से गुजरने वाली गाड़ियों की पहचान करते हैं और टोल फीस अपने आप कट जाती है। इसके लिए गाड़ी रोकने की जरूरत नहीं पड़ती है।
कहां-कहां लागू होगा यह नियम?
सरकार का यह फैसला देश में मौजूद सभी मल्टी लेन फ्री फ्लो टोल प्लाजा पर लागू होगा। इसके अलावा भविष्य में जिन जगहों पर इस तरह का टोल सिस्टम शुरू किया जाएगा, वहां भी जुर्माने से जुड़ा यह नियम लागू होगा।