कार-बाइक वालों के लिए खुशखबरी! सरकार ने बदले PUC के नियम, अब इतने साल तक चलेगा सर्टिफिकेट

कार और बाइक मालिकों के लिए केंद्र सरकार ने PUC सर्टिफिकेट से जुड़े नियमों में अहम बदलाव किया है। अब कुछ BS-VI गाड़ियों का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा, जबकि पुरानी और कमर्शियल गाड़ियों के लिए अलग समयसीमा तय की गई है। नए नियम लागू हो चुके हैं। जानिए आपकी गाड़ी के लिए PUC रिन्यू कराने की नई समयसीमा क्या है।

Advertisement
नई BS-VI कारों के PUC सर्टिफिकेट की वैधता बढ़ेगी, जबकि पुरानी गाड़ियों को बार-बार रिन्यू कराना होगा।
नई BS-VI कारों के PUC सर्टिफिकेट की वैधता बढ़ेगी, जबकि पुरानी गाड़ियों को बार-बार रिन्यू कराना होगा।

In Short

  • केंद्र सरकार ने PUC सर्टिफिकेट की वैधता से जुड़े नए नियम लागू किए हैं।
  • छह साल तक पुरानी निजी BS-VI गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा।
  • BS-VI कमर्शियल गाड़ियों के लिए उम्र के आधार पर दो साल, एक साल और छह महीने की वैधता तय की गई है।

By Shakshi:

केंद्र सरकार ने गाड़ियों के पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत BS-VI गाड़ियों के मालिकों को अब बार-बार PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, यह राहत सभी गाड़ियों के लिए एक जैसी नहीं है। सर्टिफिकेट की वैधता गाड़ी की उम्र और उसके निजी या कमर्शियल इस्तेमाल के आधार पर तय होगी।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर 2026 को सेंट्रल मोटर व्हीकल्स (16वां संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं। ये नियम सरकारी गजट में प्रकाशित होने की तारीख से लागू हो गए हैं।

निजी गाड़ियों के लिए क्या बदला?

नए नियमों के मुताबिक, छह साल तक पुरानी निजी BS-VI गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट अब तीन साल तक वैध रहेगा। यानी इस अवधि के दौरान हर छह महीने या साल में सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी।

वहीं, छह साल से ज्यादा और 10 साल तक पुरानी गाड़ियों के लिए PUC सर्टिफिकेट एक साल तक वैध रहेगा। अगर गाड़ी 10 साल से ज्यादा पुरानी है, तो हर छह महीने में PUC रिन्यू कराना होगा।

कमर्शियल गाड़ियों के लिए अलग नियम

कमर्शियल यानी ट्रांसपोर्ट कैटेगरी की BS-VI गाड़ियों के लिए अलग व्यवस्था की गई है।

छह साल तक पुरानी कमर्शियल गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट दो साल तक वैध रहेगा। छह से 10 साल पुरानी गाड़ियों के लिए इसकी वैधता एक साल होगी। वहीं, 10 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों को हर छह महीने में PUC रिन्यू कराना होगा।

BS-IV उत्सर्जन मानकों वाली गाड़ियों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता छह महीने निर्धारित की गई है।

पुराने PUC सर्टिफिकेट का क्या होगा?

जिन गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट नए नियम लागू होने से पहले जारी हुआ है, उनकी मौजूदा वैधता तुरंत नहीं बदलेगी। नए नियम अगली बार सर्टिफिकेट रिन्यू कराने पर लागू होंगे।

अगर मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से पहले के 10 दिनों में रिन्यूअल कराया जाता है, तो नए सर्टिफिकेट की वैधता पुरानी एक्सपायरी तारीख से शुरू होगी। एक्सपायरी के बाद रिन्यू कराने पर वैधता रिन्यूअल की तारीख से शुरू होगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी गाड़ियों के लिए वैध PUC सर्टिफिकेट रखना जरूरी है। जांच के दौरान अधिकृत अधिकारी के मांगने पर इसे दिखाना होगा।

Read more!
Advertisement