Festive Car Sales 2026: नई कार खरीदने को लेकर ग्राहकों में कन्फ्यूजन! SUV या हाइब्रिड, किसका बढ़ा क्रेज

त्योहारी सीजन में नई कार खरीदने को लेकर भारतीय ग्राहकों की पसंद तेजी से बदल रही है। एक नए सर्वे में सामने आया है कि बड़ी संख्या में लोग अभी भी कार खरीदने का फैसला नहीं कर पाए हैं। SUV, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक कारों को लेकर क्या है ग्राहकों की सोच? जानिए।

Advertisement

In Short

  • सर्वे के मुताबिक, 32.9 फीसदी संभावित ग्राहक अभी भी नई कार खरीदने को लेकर फैसला नहीं कर पाए हैं।
  • SUV और क्रॉसओवर भारतीय ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई हैं, जबकि हाइब्रिड कारों में भी दिलचस्पी बढ़ रही है।
  • नई कार खरीदते समय ग्राहक अब कीमत और माइलेज के साथ सेफ्टी और मेंटेनेंस खर्च को भी अहमियत दे रहे हैं।

By Gungun Mishra:

भारत में त्योहारों के सीजन में नई कार खरीदने को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। हालांकि, बड़ी संख्या में ग्राहक अभी भी तय नहीं कर पा रहे हैं कि उन्हें कौन सी कार खरीदनी चाहिए। ग्रांट थॉर्नटन भारत की Festive Passenger Vehicle Pulse 2026 सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, 32.9 फीसदी संभावित ग्राहक अभी भी अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।

इस सर्वे में देशभर के 1,300 से ज्यादा ग्राहकों और 500 से अधिक डीलरों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 24.9 फीसदी लोगों ने इस फेस्टिव सीजन में कार खरीदने की संभावना जताई है या खरीदने का पक्का मन बना लिया है।

हाइब्रिड कारों की बढ़ी डिमांड

सर्वे में सामने आया कि भारतीय ग्राहकों के बीच हाइब्रिड कारों की लोकप्रियता बढ़ रही है। करीब 37 फीसदी लोगों ने हाइब्रिड कारों को अपनी पहली पसंद बताया। वहीं, 22.8 फीसदी ग्राहकों ने इलेक्ट्रिक कारों को प्राथमिकता दी।

ग्राहक अब सिर्फ कार की कीमत नहीं देख रहे हैं, बल्कि माइलेज, मेंटेनेंस खर्च और लंबे समय तक कार रखने के फायदे भी समझ रहे हैं। इसके अलावा पर्यावरण को लेकर भी लोगों की सोच बदल रही है। सर्वे में 70 फीसदी लोगों ने कहा कि अगली कार खरीदते समय पर्यावरण से जुड़े पहलू उनके लिए महत्वपूर्ण होंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

SUV बनी ग्राहकों की पहली पसंद

भारतीय बाजार में SUV और क्रॉसओवर कारों का दबदबा बरकरार है। सर्वे के मुताबिक, 58.3 फीसदी ग्राहकों ने SUV और क्रॉसओवर को अपनी पसंद बताया।

हालांकि, हैचबैक कारों में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। इससे पता चलता है कि ग्राहक अपनी पसंद के साथ बजट का भी ध्यान रख रहे हैं।

कार खरीदते समय सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता बनकर सामने आई है। करीब 57 फीसदी ग्राहकों ने सेफ्टी को सबसे जरूरी बताया। इसके बाद 51.6 फीसदी ने माइलेज और 47.2 फीसदी ने कीमत को अहम माना।

नई टेक्नोलॉजी को लेकर ग्राहकों में सवाल

सर्वे में यह भी सामने आया कि 40.9 फीसदी ग्राहकों को E20 फ्यूल के अनुकूल कारों के इंजन की परफॉर्मेंस और मेंटेनेंस को लेकर चिंता है। वहीं, सिर्फ 32.6 फीसदी लोगों को आने वाले CAFE Phase III नियमों की जानकारी है।

ग्रांट थॉर्नटन भारत के पार्टनर और ऑटो एवं EV इंडस्ट्री लीडर साकेत मेहरा के मुताबिक, कारों की मांग बनी हुई है, लेकिन असली चुनौती ग्राहकों की दिलचस्पी को बिक्री में बदलने की है।

उन्होंने कहा कि ग्राहक अब शुरुआती कीमत के बजाय कार रखने के कुल खर्च और फायदे को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।

डीलरों के पास पूछताछ अच्छी बनी हुई है। हालांकि, कंपनियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती ग्राहकों को टेक्नोलॉजी, माइलेज, कीमत और भविष्य की जरूरतों के बारे में सही जानकारी देकर खरीदारी के लिए तैयार करना होगी।

Read more!
Advertisement