Ferrari ने पेश कीं दो नई सुपरकार! 700bhp तक की पावर, रफ्तार और फीचर्स जानकर रह जाएंगे हैरान
Ferrari ने स्पेन में आयोजित एक इवेंट में अपनी दो नई सुपरकार 296 Challenge Stradale और 296 Challenge Evo पेश की हैं। दोनों में दमदार V6 इंजन दिया गया है, जो 700bhp तक की पावर पैदा करता है। खास बात यह है कि एक कार सड़क पर चलाने के लिए बनाई गई है, जबकि दूसरी रेसिंग ट्रैक के लिए तैयार हुई है। जानिए इनकी खासियत।

In Short
- Ferrari ने 296 Challenge Stradale और 296 Challenge Evo से पर्दा उठाया।
- दोनों कारों में ट्विन-टर्बो V6 इंजन, अधिकतम 700bhp की पावर।
- 296 Challenge Evo की रेसिंग शुरुआत 2027 Ferrari Challenge में होगी।
लग्जरी स्पोर्ट्स कार बनाने वाली इटली की कंपनी Ferrari ने अपनी दो नई हाई-परफॉर्मेंस कारों से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने 296 Challenge Stradale और 296 Challenge Evo को स्पेन में आयोजित 2026 Ferrari Finali Mondiali इवेंट में पेश किया है। दोनों कारों में पावरफुल V6 इंजन मिलता है, जो अधिकतम 700bhp तक की ताकत पैदा करता है। इनमें एक कार सड़क पर चलाने के लिए तैयार की गई है, जबकि दूसरी को खास तौर पर रेसिंग ट्रैक के लिए विकसित किया गया है।
दोनों कारों में कितना पावरफुल इंजन?
Ferrari 296 Challenge Stradale और 296 Challenge Evo में 2,992cc का ट्विन-टर्बोचार्ज्ड V6 इंजन दिया गया है। खास बात यह है कि दोनों कारों में हाइब्रिड सिस्टम नहीं मिलता।
296 Challenge Stradale का इंजन 8,000rpm पर 670bhp की पावर देता है। इसमें 8-स्पीड डुअल-क्लच F1 ट्रांसमिशन मिलता है। वहीं, 296 Challenge Evo का इंजन 7,500rpm पर 700bhp की पावर पैदा करता है। इसमें 7-स्पीड F1 ट्रांसमिशन दिया गया है।
दोनों कारों का ड्राई वेट 1,330 किलोग्राम है। Challenge Stradale का वजन 296 GTB के मुकाबले 140 किलोग्राम कम है।
रफ्तार के साथ एयरोडायनामिक्स पर फोकस
Ferrari ने दोनों कारों को तेज रफ्तार पर बेहतर स्थिरता देने के लिए खास एयरोडायनामिक डिजाइन दिया है।
296 Challenge Stradale 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर 617 किलोग्राम डाउनफोर्स पैदा करती है। यह 296 GTB के मुकाबले 72% ज्यादा है।
इसमें फिक्स्ड रियर विंग, फ्रंट स्प्लिटर और खास अंडरबॉडी डिजाइन जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
दूसरी तरफ, 296 Challenge Evo में मौजूदा 296 Challenge के मुकाबले अधिकतम डाउनफोर्स 12% बढ़ाया गया है। कंपनी के मुताबिक, 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर यह करीब 100 किलोग्राम अतिरिक्त डाउनफोर्स पैदा करती है।
ब्रेकिंग और कंट्रोल में भी बड़ा बदलाव
296 Challenge Stradale में ABS Evo टेक्नोलॉजी, खास सस्पेंशन सेटअप और Pirelli के हाई-परफॉर्मेंस टायर दिए गए हैं।
वहीं, 296 Challenge Evo में अपडेटेड ट्रैक्शन कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल और बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम मिलता है।
Ferrari का दावा है कि इन बदलावों से तेज मोड़ों पर कार का कंट्रोल बेहतर होता है और लंबे समय तक रेसिंग के दौरान टायरों की घिसावट कम होती है।
कंपनी की टेस्टिंग के मुताबिक, नई Challenge Evo ने Mugello सर्किट पर मौजूदा 296 Challenge के मुकाबले 0.8 सेकंड बेहतर लैप टाइम दर्ज किया।
2027 में रेसिंग ट्रैक पर दिखेगी Challenge Evo
Ferrari 296 Challenge Evo को 2027 Ferrari Challenge रेसिंग सीजन के लिए तैयार किया गया है। कंपनी अगले सीजन में नया Endurance फॉर्मेट भी शुरू करेगी। इसमें तीन राउंड होंगे और प्रत्येक रेस 40 मिनट की होगी।
Challenge Evo की रेसिंग शुरुआत सीजन के दूसरे इवेंट में Mugello सर्किट पर होगी।
Ferrari ने फिलहाल इन दोनों कारों की कीमत और बाजार में उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।