EV चलाने के तुरंत बाद चार्जिंग पर लगाते हैं? बैटरी को हो सकता है नुकसान, IIT Madras के वैज्ञानिक ने बताई वजह

EV Battery Charging Tips: क्या आप भी इलेक्ट्रिक स्कूटर या कार चलाने के तुरंत बाद उसे चार्जिंग पर लगा देते हैं? अगर हां, तो यह आदत बैटरी की लाइफ पर असर डाल सकती है। IIT Madras के वैज्ञानिकों ने अपनी रिसर्च में बताया है कि ज्यादा गर्मी EV बैटरी के लिए क्यों नुकसानदायक है। जानिए चार्जिंग का सही तरीका और जरूरी सावधानियां।

Advertisement
EV चलाने के तुरंत बाद चार्ज करना बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। IIT मद्रास के प्रोफेसर अरविंद पट्टामट्टा ने बताई इसकी वजह और कूलिंग तकनीक। (फोटो: Getty)
EV चलाने के तुरंत बाद चार्ज करना बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। IIT मद्रास के प्रोफेसर अरविंद पट्टामट्टा ने बताई इसकी वजह और कूलिंग तकनीक। (फोटो: Getty)

In Short

  • EV चलाने के तुरंत बाद चार्जिंग करने से गर्म बैटरी का तापमान और बढ़ सकता है।
  • IIT Madras की रिसर्च में बैटरी का तापमान 45°C से ऊपर पहुंचा।
  • रोजाना जरूरत के मुताबिक करीब 80% चार्जिंग बैटरी की उम्र के लिए फायदेमंद हो सकती है।

By Shakshi:

अगर आप इलेक्ट्रिक स्कूटर या कार चलाते हैं और घर पहुंचते ही उसे चार्जिंग पर लगा देते हैं, तो यह आदत बैटरी की लाइफ पर असर डाल सकती है। दरअसल, गाड़ी चलने के दौरान बैटरी गर्म हो जाती है और तुरंत चार्जिंग शुरू करने से उसका तापमान और बढ़ सकता है। IIT Madras के वैज्ञानिकों ने इस समस्या पर रिसर्च की है। आइए जानते हैं कि बैटरी गर्म क्यों होती है और इसे सुरक्षित रखने के लिए क्या करना चाहिए।

गाड़ी चलाने के बाद बैटरी चार्ज करना क्यों पड़ सकता है भारी?

IIT Madras के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर अरविंद पट्टामट्टा पिछले पांच साल से EV बैटरी के तापमान पर रिसर्च कर रहे हैं। उनकी टीम ने पाया कि 35 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले वातावरण में एक बड़ी लिथियम-आयन बैटरी का तापमान ज्यादा लोड पर 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।

बैटरी गाड़ी चलाते समय और चार्जिंग के दौरान गर्मी पैदा करती है। ऐसे में पहले से गर्म बैटरी को तुरंत चार्ज करने, खासकर फास्ट चार्जिंग करने से उसका तापमान और बढ़ सकता है। ज्यादा गर्मी बैटरी की क्षमता कम होने की प्रक्रिया को तेज करती है। गंभीर स्थिति में सुरक्षा का खतरा भी पैदा हो सकता है।

क्या EV बैटरी को 100% चार्ज करना सही है?

रिसर्च के मुताबिक, बैटरी को बार-बार 100 प्रतिशत तक चार्ज करने से उसकी उम्र पर असर पड़ सकता है। खासकर ज्यादा तापमान में पूरी तरह चार्ज रखी गई बैटरी तेजी से खराब हो सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, रोजमर्रा के इस्तेमाल में जरूरत के हिसाब से बैटरी को करीब 80 प्रतिशत तक चार्ज करना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, लंबी यात्रा से पहले 100 प्रतिशत चार्ज किया जा सकता है। यह सलाह बैटरी की तकनीक पर भी निर्भर करती है। इसलिए वाहन निर्माता के निर्देशों का पालन करना जरूरी है।

IIT Madras के वैज्ञानिक क्या समाधान खोज रहे हैं?

प्रोफेसर पट्टामट्टा की टीम बैटरी को ठंडा रखने के लिए नई तकनीकों पर काम कर रही है। वैज्ञानिक हाई-स्पीड इंफ्रारेड कैमरे से बैटरी के उन हिस्सों की पहचान करते हैं, जहां सबसे ज्यादा गर्मी पैदा होती है।

रिसर्च में T-शेप वाली लिक्विड कूलिंग प्लेट का कंप्यूटर मॉडल भी जांचा गया। निर्धारित परीक्षण परिस्थितियों में इससे बैटरी का अधिकतम तापमान प्राकृतिक कूलिंग के मुकाबले 41.8 प्रतिशत कम हुआ।

इसके अलावा वैज्ञानिक Immersion Cooling तकनीक पर भी काम कर रहे हैं। इसमें बैटरी को ऐसे खास तरल पदार्थ में रखा जाता है, जो बिजली का संचालन नहीं करता और गर्मी सोखने में मदद करता है। हालांकि, इलेक्ट्रिक स्कूटर में इस तकनीक का इस्तेमाल कितना कारगर होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

EV की बैटरी सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?

अगर इलेक्ट्रिक स्कूटर या कार चलाने के बाद बैटरी काफी गर्म है, तो चार्जिंग से पहले उसे ठंडा होने का समय दें। वाहन को तेज धूप के बजाय छाया में पार्क करें। जरूरत न होने पर बार-बार फास्ट चार्जिंग और 100 प्रतिशत चार्ज करने से बचें।

ध्यान रखें कि सभी इलेक्ट्रिक गाड़ियों की कूलिंग व्यवस्था एक जैसी नहीं होती। कई इलेक्ट्रिक कारों में सक्रिय बैटरी कूलिंग सिस्टम मिलता है। इसलिए चार्जिंग से पहले कितना इंतजार करना चाहिए, इसके लिए अपने वाहन की कंपनी के निर्देशों को प्राथमिकता दें।

Read more!
Advertisement