इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ी डिमांड, सितंबर में बिक्री ने पकड़ी रफ्तार; जानें कौन सी कंपनी बनी नंबर वन

सितंबर में भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में बिक्री ने तेज रफ्तार पकड़ी है। कई कंपनियों ने शानदार ग्रोथ दर्ज की, लेकिन इस दौरान रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी टॉप-5 से बाहर हो गई। जानिए किस कंपनी ने मारी बाजी और कौन रहा नंबर वन।

Advertisement

In Short

  • सितंबर 2026 में 35,048 इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री हुई
  • टाटा मोटर्स 42.2 फीसदी मार्केट शेयर के साथ पहले नंबर पर रही
  • मारुति सुजुकी 1,104 इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की बिक्री के साथ छठे नंबर पर रही

By Gungun Mishra:

भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। सितंबर 2026 में मास मार्केट कंपनियों ने कुल 35 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल बेचे। इस दौरान टाटा मोटर्स ने सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कारें बेचकर अपनी बादशाहत बरकरार रखी। वहीं, देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी को बड़ा झटका लगा है और वह इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में टॉप-5 से बाहर हो गई है।

सितंबर में 35 हजार के पार पहुंची बिक्री

सितंबर 2026 में देश में ऑल इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 35,048 यूनिट्स रही। पिछले साल सितंबर में यह आंकड़ा 17,932 यूनिट्स था। यानी सालाना आधार पर बिक्री में 95.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

मंथली आधार पर भी इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री बढ़ी है। अगस्त में 31,769 यूनिट्स की बिक्री हुई थी, जिसके मुकाबले सितंबर में 10.3 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई। टॉप तीन ब्रांड्स ने मिलकर सितंबर में 27,816 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं।

टाटा मोटर्स का सबसे ज्यादा मार्केट शेयर

इलेक्ट्रिक कार बाजार में टाटा मोटर्स पहले नंबर पर बनी हुई है। कंपनी ने सितंबर में 14,792 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं। पिछले साल सितंबर में कंपनी की बिक्री 7,369 यूनिट्स थी। इस तरह सालाना आधार पर बिक्री 100.7 फीसदी बढ़ी है। अगस्त में टाटा ने 13,825 इलेक्ट्रिक कारें बेची थीं। कंपनी का मार्केट शेयर 42.2 फीसदी है।

दूसरे नंबर पर महिंद्रा रही, जिसने सितंबर में 7,782 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं। पिछले साल इसी महीने कंपनी ने 3,973 यूनिट्स बेची थीं। यानी सालाना ग्रोथ 95.9 फीसदी रही। अगस्त में महिंद्रा की बिक्री 6,827 यूनिट्स थी। कंपनी का सेगमेंट शेयर बढ़कर 22.2 फीसदी पहुंच गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

तीसरे नंबर पर जेएसडब्लू-एमजी

जेएसडब्लू-एमजी 5,242 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री के साथ तीसरे नंबर पर रही। सितंबर 2025 में कंपनी ने 4,803 कारें बेची थीं। यानी सालाना आधार पर बिक्री 9.1 फीसदी बढ़ी है। चौथे नंबर पर विनफास्ट रही, जिसने सितंबर में 2,964 कारें बेचीं। पिछले साल इसी महीने कंपनी ने सिर्फ 6 कारें बेची थीं।

टॉप-5 से बाहर हुई मारुति सुजुकी

सितंबर में बड़ा उलटफेर पांचवें स्थान पर देखने को मिला। किआ मोटर्स 1,263 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गई। पिछले साल सितंबर में कंपनी ने 598 कारें बेची थीं। इस तरह बिक्री में 111.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

मारुति सुजुकी 1,104 इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की बिक्री के साथ छठे नंबर पर रही। इसके अलावा बीवाईडी ने 836, हुंडई ने 792, टोयोटा ने 218 और सिट्रोएन ने 55 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं। इन आंकड़ों में प्रीमियम सेगमेंट के कार ब्रांड्स को शामिल नहीं किया गया है।

Read more!
Advertisement