₹25 लाख तक की कार खरीद का फैसला बदला! E20 के बाद EV और CNG गाड़ियों पर 6 महीने की वेटिंग
E20 पेट्रोल को लेकर बढ़ती चिंताओं ने ऑटो बाजार की तस्वीर बदल दी है। ग्राहक अब पेट्रोल कारों के बजाय CNG और EV मॉडल्स की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। बढ़ती डिमांड के कारण कई लोकप्रिय गाड़ियों पर वेटिंग पीरियड 6 महीने तक पहुंच गया है और कंपनियों पर सप्लाई का दबाव बढ़ गया है।

In Short
- E20 फ्यूल की चिंता से बदली ग्राहकों की पसंद, EV और CNG गाड़ियों की डिमांड में 30% से ज्यादा बढ़ोतरी।
- Mahindra XEV 9S पर 6 महीने तक वेटिंग, Tata Punch EV और Tiago EV के कुछ वेरिएंट्स पर 18-24 हफ्ते इंतजार।
- Maruti Brezza की 70% बुकिंग CNG और टर्बो पेट्रोल वेरिएंट्स की, ग्राहक नए फ्यूल ऑप्शन अपना रहे हैं।
इथेनॉल ब्लेंडेड E20 पेट्रोल को लेकर बढ़ती चर्चाओं ने देश के ऑटो बाजार का ट्रेंड बदल दिया है। भले ही E20 फ्यूल का आपकी कार के माइलेज और मेंटेनेंस कॉस्ट पर कितना असर हुआ है यह तय करना मुश्किल है, लेकिन इससे ग्राहकों की पसंद जरूर बदलती नजर आ रही है। अब कई लोग पेट्रोल कारों की जगह CNG और इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी EV खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
E20 को लेकर चिंता से बदली ग्राहकों की पसंद
हाल के दिनों में कई ग्राहकों ने E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के बाद माइलेज कम होने और मेंटेनेंस खर्च बढ़ने की शिकायतें की थीं। इन चर्चाओं का असर अब कार खरीदारी के फैसलों पर दिखाई दे रहा है। EV और CNG वाहनों की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे कई लोकप्रिय मॉडल्स की सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है।
यस सिक्योरिटीज के अगस्त में किए गए चैनल इंस्पेक्शन के मुताबिक EV और CNG वाहनों के लिए एंक्वायरी और बुकिंग में 30 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़ोतरी पारंपरिक पेट्रोल डीजल यानी ICE वाहनों की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। रिपोर्ट के अनुसार करीब पांच महीने पहले जहां अधिकतम वेटिंग लगभग एक महीने की थी, वहीं अब यह बढ़कर तीन से चार महीने तक पहुंच गई है।
इन EV और CNG गाड़ियों पर बढ़ा इंतजार
सबसे ज्यादा चर्चा Mahindra XEV 9S की हो रही है, जिस पर ग्राहकों को करीब छह महीने तक इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं Tata Punch EV और Tata Tiago EV के कुछ वेरिएंट्स पर 18 से 24 हफ्ते तक की वेटिंग चल रही है।
इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में TVS iQube की डिमांड भी काफी ज्यादा बनी हुई है। इसके कुछ वेरिएंट्स के लिए ग्राहकों को चार से पांच महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है।
वहीं Maruti Brezza की औसत वेटिंग करीब दो महीने है। इसकी कुल बुकिंग में करीब 70 फीसदी हिस्सेदारी टर्बो पेट्रोल और CNG वेरिएंट्स की है। इससे साफ है कि ग्राहक अब सिर्फ पेट्रोल मॉडल पर निर्भर नहीं रहना चाहते।
सस्ते EV मॉडल्स के लिए सबसे ज्यादा वेटिंग
EV बाजार में एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। कम कीमत वाले वेरिएंट्स की डिमांड ज्यादा होने से इन पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। Tata Punch EV Smart 30 और Tiago EV के कुछ वेरिएंट्स पर 18 से 24 हफ्ते तक की वेटिंग है।
वहीं Tata Sierra EV Pure 65 वेरिएंट की डिलीवरी के लिए करीब 12 से 15 हफ्ते इंतजार करना पड़ सकता है। इसके मुकाबले Sierra EV के कुछ महंगे वेरिएंट्स की वेटिंग करीब चार से छह हफ्ते है।
त्योहारों से पहले बढ़ी EV और CNG की मांग
EV और CNG वाहनों की बढ़ती मांग ऐसे समय में आई है जब देश में त्योहारी खरीदारी शुरू होने वाली है। केरल में ओणम के दौरान पैसेंजर व्हीकल बिक्री सालाना आधार पर 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है। इसके बाद गणेश चतुर्थी नवरात्रि धनतेरस और दिवाली जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं।
त्योहारों के दौरान आमतौर पर कारों की बिक्री बढ़ती है, लेकिन इस बार ग्राहकों को पसंदीदा EV और CNG मॉडल पाने के लिए पहले से ही लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।