धनतेरस पर नई बाइक खरीदने का प्लान? Royal Enfield Bullet के अलावा ये 4 बाइक बन सकती हैं आपकी पहली पसंद
धनतेरस पर नई बाइक खरीदने की सोच रहे हैं तो रॉयल एनफील्ड बुलेट के अलावा भी कई शानदार विकल्प मौजूद हैं। करीब ₹2 लाख के बजट में दमदार इंजन, क्लासिक डिजाइन और आरामदायक राइड वाली बाइक मिल सकती हैं। जानिए कौन सी बाइक आपके बजट और जरूरत के हिसाब से बेहतर रहेगी।

In Short
- धनतेरस पर बुलेट के अलावा 350cc सेगमेंट की कई दमदार बाइक खरीदने का विकल्प।
- Honda CB350, Jawa 350, Yezdi Roadster और Jawa 42 FJ इस लिस्ट में शामिल।
- इन बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹1.95 लाख से ₹2.11 लाख के बीच है।
धनतेरस के मौके पर कई लोग नई बाइक खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। भारत में जब भी 350cc सेगमेंट की बाइक की बात होती है, तो रॉयल एनफील्ड बुलेट का नाम सबसे पहले सामने आता है। लेकिन बाजार में इसके अलावा भी कई ऐसी बाइक मौजूद हैं, जो शानदार लुक, आरामदायक राइड और दमदार इंजन के साथ आती हैं।
अगर आप इस धनतेरस नई बाइक घर लाना चाहते हैं और बजट भी ज्यादा नहीं बढ़ाना चाहते, तो Honda, Jawa और Yezdi की कुछ बाइक आपके लिए अच्छे विकल्प हो सकती हैं। आइए जानते हैं इनकी कीमत और खासियत।
Honda CB350: आरामदायक सफर के लिए अच्छा विकल्प
अगर आप ऐसी बाइक चाहते हैं, जिसका इंजन स्मूद हो और रोजाना चलाने में आराम मिले, तो Honda CB350 पर विचार कर सकते हैं। इस बाइक में 348.36cc का इंजन मिलता है, जो 20.7 bhp की पावर देता है।
इसकी शुरुआती कीमत करीब 1.95 लाख रुपये है। बाइक का रेट्रो डिजाइन और सीधी बैठने की पोजिशन इसे शहर की सड़कों के साथ हाईवे पर भी चलाने के लिए अच्छा विकल्प बनाती है। इसमें 15.2 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है, जो लंबी दूरी के सफर में काम आता है।
Jawa 350: क्लासिक लुक के साथ आधुनिक फीचर्स
पुराने जमाने की क्लासिक डिजाइन वाली बाइक पसंद करने वालों के लिए Jawa 350 भी एक विकल्प है। इसमें 334cc का इंजन मिलता है, जो 22.5 PS की पावर जनरेट करता है।
इस बाइक की शुरुआती कीमत करीब 2.11 लाख रुपये है। इसमें आरामदायक सीटिंग और छह-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। इसकी राइडिंग पोजिशन रोजाना आने-जाने के साथ वीकेंड पर लंबी दूरी तय करने के लिए भी सुविधाजनक है।
Yezdi Roadster: दमदार पावर चाहने वालों के लिए
अगर आपकी पहली पसंद ज्यादा पावर वाली बाइक है, तो Yezdi Roadster पर नजर डाल सकते हैं। इसमें 334cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 29.17 PS की पावर और 29.63 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
इसकी शुरुआती कीमत करीब 2 लाख रुपये है। आरामदायक राइडिंग पोजिशन के कारण इसे शहर में रोजाना चलाने के साथ कभी-कभार हाईवे पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
Jawa 42 FJ: स्पोर्टी लुक के साथ दमदार इंजन
Jawa 42 FJ उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है, जिन्हें क्लासिक डिजाइन के साथ स्पोर्टी लुक पसंद है। इसमें 334cc का इंजन मिलता है, जो 29.17 PS की पावर देता है।
इस बाइक की शुरुआती कीमत करीब 2.02 लाख रुपये है। इसमें छह-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इसका आधुनिक रेट्रो डिजाइन खासकर युवा खरीदारों को पसंद आ सकता है। बाइक रोजाना के सफर और वीकेंड हाईवे राइड दोनों के लिए उपयोगी है।
बाइक खरीदने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
धनतेरस पर नई बाइक खरीदने से पहले सिर्फ कीमत और लुक देखना काफी नहीं है। माइलेज, मेंटेनेंस खर्च, सर्विस नेटवर्क, राइडिंग कम्फर्ट और बाइक को संभालने में आसानी जैसी बातों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
इसके अलावा रीसेल वैल्यू और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता की तुलना भी करें, ताकि लंबे समय तक बाइक रखना किफायती रहे।
नोट: ऊपर बताई गई सभी कीमतें अनुमानित शुरुआती एक्स-शोरूम कीमतें हैं। शहर, वेरिएंट और डीलरशिप के हिसाब से इनमें बदलाव हो सकता है।