भारत में लॉन्च हुई 7-सीटर लग्जरी इलेक्ट्रिक कार! 730 KM रेंज के साथ मिलेंगे ये धांसू फीचर्स
भारत के इलेक्ट्रिक कार बाजार में एक नई लग्जरी MPV ने एंट्री मारी है। शानदार डिजाइन, आरामदायक सीटों और हाईटेक फीचर्स के साथ आई Denza D9 कई मायनों में खास है। इसकी ड्राइविंग रेंज और चार्जिंग को लेकर कंपनी ने बड़े दावे किए हैं। जानिए कीमत और पूरी डिटेल।

In Short
- भारत में Denza D9 इलेक्ट्रिक MPV की एक्स-शोरूम कीमत ₹90 लाख रखी गई है।
- कंपनी का दावा है कि यह कार फुल चार्ज पर 730 किलोमीटर तक चल सकती है।
- कार में 7 सीटें, मसाज फंक्शन, रेफ्रिजरेटर और 16-स्पीकर साउंड सिस्टम जैसे लग्जरी फीचर्स मिलते हैं।
इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में अब एक नई लग्जरी MPV की एंट्री हो गई है। BYD के लग्जरी ब्रांड Denza ने भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक MPV D9 लॉन्च कर दी है। इस कार में लंबी ड्राइविंग रेंज के साथ कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। आइए जानते हैं इसकी कीमत, रेंज और खासियतों के बारे में।
कितनी है Denza D9 की कीमत?
Denza D9 की एक्स-शोरूम कीमत 90 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी इसे भारत में पूरी तरह इंपोर्ट करके बेचेगी। यह कार सिर्फ एक फुली लोडेड वेरिएंट में उपलब्ध होगी। इसकी बुकिंग 10,000 रुपये में शुरू हो चुकी है।
भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Toyota Vellfire, Mercedes-Benz V-Class और MG M9 जैसी लग्जरी MPV से होगा।
फुल चार्ज पर मिलेगी 730 KM की रेंज
Denza D9 में 115.07kWh का BYD Blade बैटरी पैक दिया गया है। इसमें फ्रंट व्हील को पावर देने वाली सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 462bhp की पावर और 365Nm का टॉर्क जनरेट करती है।
कंपनी के मुताबिक, यह कार सिर्फ 8.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी फुल चार्ज रेंज 730 किलोमीटर बताई गई है, जो NEDC टेस्टिंग के आधार पर है।
इसमें 11kW AC चार्जिंग और DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा मिलती है। कंपनी का दावा है कि अनुकूल DC चार्जर से बैटरी महज 9 मिनट में 10 से 97 फीसदी तक चार्ज हो सकती है।
अंदर मिलेंगे लग्जरी फीचर्स
Denza D9 एक 7-सीटर MPV है, जिसमें 2+2+3 सीटिंग लेआउट दिया गया है। इसकी सभी सीटों पर Nappa लेदर अपहोल्स्ट्री मिलती है।
दूसरी रो की कैप्टन सीटों में इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, वेंटिलेशन, मसाज और मेमोरी फंक्शन जैसे फीचर्स हैं। यात्रियों के आराम के लिए पावर्ड फुटरेस्ट भी दिया गया है।
कार में 15.6 इंच की टचस्क्रीन, 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 16-स्पीकर Devialet साउंड सिस्टम और तीन-जोन क्लाइमेट कंट्रोल मिलता है। इसके अलावा वायरलेस चार्जिंग, रेफ्रिजरेटर और डुअल सनरूफ भी दिए गए हैं।
डिजाइन और साइज में भी दमदार
Denza D9 की लंबाई 5,250mm, चौड़ाई 1,960mm और ऊंचाई 1,900mm है। इसका व्हीलबेस 3,110mm और बूट स्पेस 689 लीटर है।
इसमें 18 इंच के अलॉय व्हील्स, LED हेडलाइट्स, पावर्ड स्लाइडिंग डोर्स और पीछे पूरी चौड़ाई में LED टेललाइट्स मिलती हैं। कार चार एक्सटीरियर कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।
सेफ्टी और वारंटी में क्या मिलेगा?
सुरक्षा के लिए Denza D9 में 9 एयरबैग, ADAS, 360-डिग्री कैमरा, ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम दिया गया है।
बेहतर राइड के लिए इसमें DiSus-C सेमी-एक्टिव डैम्पर्स भी मिलते हैं। कंपनी इस इलेक्ट्रिक MPV पर 6 साल या 1.5 लाख किलोमीटर की वारंटी दे रही है, जो भी पहले पूरा हो।