दिल्ली में अब इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग होगी आसान! जानें किन इलाकों में लगेंगे 540 नए EV चार्जर

दिल्ली में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 62 करोड़ रुपये की नई योजना का ऐलान किया है। इसके तहत राजधानी में सैकड़ों नए EV चार्जर लगाए जाएंगे। वहीं, आने वाले वर्षों में गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन से जुड़े नियम भी बदलेंगे। जानें किन इलाकों में मिलेगी चार्जिंग की सुविधा।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में 180 जगहों पर लगाए जाएंगे 540 नए पब्लिक EV चार्जर।
  • हर लोकेशन पर मिलेगी तीन अलग-अलग क्षमता वाले चार्जर की सुविधा।
  • साल 2027 से चरणबद्ध तरीके से बदलेंगे गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के नियम।

By Urvashi Raghav:

दिल्ली में इलेक्ट्रिक गाड़ी चलाने वालों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग को आसान बनाने के लिए दिल्ली सरकार 180 जगहों पर 540 नए पब्लिक EV चार्जर लगाने जा रही है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, 62 करोड़ रुपये की इस योजना का ऐलान बुधवार को किया गया। इसका मकसद आम लोगों, कमर्शियल गाड़ी चलाने वालों और पहली बार इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने वाले ग्राहकों को बेहतर चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराना है।

हर लोकेशन पर लगेंगे तीन चार्जर

दिल्ली में EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की जिम्मेदारी संभालने वाली दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (DTL) ने केंद्र सरकार की PM E-DRIVE योजना के तहत चार्जिंग स्टेशन लगाने और उनका संचालन करने के लिए ऑपरेटरों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हर लोकेशन पर तीन चार्जिंग यूनिट लगाई जाएंगी। इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया गाड़ियों के लिए 12 किलोवाट, इलेक्ट्रिक कारों और हल्की मालवाहक गाड़ियों के लिए 60 किलोवाट और फास्ट चार्जिंग के लिए 120 किलोवाट का चार्जर लगाया जाएगा। प्रत्येक चार्जर में दो चार्जिंग गन होंगी।

दिल्ली के किन इलाकों में लगेंगे चार्जर?

सभी 180 लोकेशन को 90-90 जगहों के दो पैकेज में बांटा गया है। पहले पैकेज में मुख्य रूप से पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली के इलाके शामिल होंगे। वहीं, दूसरे पैकेज में दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली को कवर किया जाएगा।

मध्य दिल्ली में इंद्रलोक, प्रताप नगर, शाही ईदगाह, कमला मार्केट और लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के आसपास छह जगहों की पहचान की गई है। इसके अलावा राजघाट में भी दो चार्जिंग साइट बनाई जाएंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

2027 से बदल जाएंगे रजिस्ट्रेशन के नियम

दिल्ली EV पॉलिसी 2026 के तहत 1 जनवरी 2027 से L5 कैटेगरी में केवल इलेक्ट्रिक तिपहिया और N1 कैटेगरी में इलेक्ट्रिक मालवाहक गाड़ियों का नया रजिस्ट्रेशन होगा। वहीं, 1 अप्रैल 2028 से सिर्फ इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़ियों का नया रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।

इन नियमों के लागू होने से पब्लिक चार्जिंग स्टेशनों की मांग तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिसंबर 2029 तक दिल्ली में 32,062 EV चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।

प्रदूषण कम करने पर सरकार का जोर

दिल्ली में वायु प्रदूषण की बड़ी वजहों में सड़क परिवहन भी शामिल है। नई EV पॉलिसी के तहत इलेक्ट्रिक गाड़ियों की खरीद और पुरानी गाड़ियों की स्क्रैपिंग पर प्रोत्साहन, रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस में छूट के साथ बैटरी स्वैपिंग सुविधाओं को बढ़ावा देने की तैयारी है।

चार्जिंग नेटवर्क को लेकर क्या है चुनौती?

अधिकारियों के मुताबिक, योजना की सफलता इस बात पर भी निर्भर करेगी कि लोगों को चालू चार्जर खोजने, गाड़ी चार्ज करने और पेमेंट करने में कितनी आसानी होती है। मांग बढ़ने पर जगह और बिजली की उपलब्धता के आधार पर अतिरिक्त चार्जर भी लगाए जा सकते हैं।

केंद्र सरकार की 10,900 करोड़ रुपये की PM E-DRIVE योजना के तहत देशभर में 22,100 पब्लिक फास्ट चार्जर लगाने में मदद करने की तैयारी है। इनमें 18,900 शहरों में और 3,200 हाईवे पर लगाए जाने हैं।

Read more!
Advertisement