50% वर्क फ्रॉम होम, इन गाड़ियों की नो एंट्री! दिल्ली में 1 नवंबर से बदल जाएंगे कई नियम

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार ने नए नियमों का ऐलान किया है। 1 नवंबर से कई गाड़ियों की एंट्री बंद होगी और बिना वैध PUC के पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। साथ ही 50% वर्क फ्रॉम होम लागू होगा। किन गाड़ियों पर लगेगी रोक और क्या होंगे नए नियम?

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में 1 नवंबर से बाहर रजिस्टर्ड नॉन-BS6 गाड़ियों की एंट्री बंद होगी।
  • बिना वैध PUC के पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा।
  • सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में 50% वर्क फ्रॉम होम लागू होगा।

By Sonam:

दिल्ली में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि 1 नवंबर से 31 जनवरी तक दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड BS-VI से नीचे के एमिशन स्टैंडर्ड वाली गाड़ियों को राजधानी में एंट्री नहीं मिलेगी। इसके अलावा सरकार ने 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम, बिना वैध PUC के पेट्रोल-डीजल नहीं देने और कंस्ट्रक्शन साइट्स की AI से निगरानी जैसे कदम उठाने की घोषणा की है।

1 नवंबर से किन गाड़ियों की एंट्री होगी बंद?

दिल्ली सरकार के नए नियम के मुताबिक, राजधानी के बाहर रजिस्टर्ड BS-III और BS-IV जैसी पुरानी एमिशन स्टैंडर्ड वाली गाड़ियां 1 नवंबर से 31 जनवरी तक दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगी।

सरकार का कहना है कि सर्दियों में प्रदूषण बढ़ने से पहले ही सख्त कदम उठाना जरूरी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि पिछले साल के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से तैयारी की जा रही है।

बिना PUC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल

दिल्ली में 'नो वैलिड PUCC, नो फ्यूल' नियम भी लागू किया जाएगा। इसके तहत जिन गाड़ियों के पास वैध पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट (PUCC) नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल पंपों पर फ्यूल नहीं दिया जाएगा।

इसके साथ ही सरकार इलेक्ट्रिक बसों, मेट्रो, कारपूलिंग और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगी, ताकि लोग निजी गाड़ियों का इस्तेमाल कम करें।

दफ्तरों में 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम

प्रदूषण और ट्रैफिक कम करने के लिए सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम लागू करने की घोषणा की गई है।

Image Credit : Aaj Tak

इसके अलावा दफ्तरों के खुलने और बंद होने के समय में भी बदलाव किया जाएगा। इसका मकसद एक ही समय पर सड़कों पर गाड़ियों की भीड़ कम करना है।

कंस्ट्रक्शन साइट्स पर AI कैमरों से निगरानी

दिल्ली सरकार निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए भी सख्ती करेगी। इसके तहत कंस्ट्रक्शन और तोड़फोड़ से जुड़े कामों पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

सीमेंट, रेत और गिट्टी जैसी निर्माण सामग्री की ढुलाई पर भी पाबंदियां लगाई जाएंगी। वहीं, कंस्ट्रक्शन साइट्स की निगरानी AI कैमरों से होगी, जो सरकारी कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जुड़े रहेंगे।

दिल्ली वालों से सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी की हवा को बेहतर बनाने के लिए समय रहते कदम उठाना जरूरी है।

सरकार का फोकस गाड़ियों से निकलने वाले धुएं, निर्माण कार्यों की धूल और ट्रैफिक से होने वाले प्रदूषण को कम करने पर है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली के लोगों से इन उपायों में सहयोग करने की अपील की है।

Read more!
Advertisement