भारत में जल्द होगी लॉन्च होगी Citroen 2 CV, हैचबैक और पिकअप वर्जन में होगी एंट्री
फ्रांस की कार कंपनी Citroen भारतीय बाजार में अपनी एक बेहद पुरानी और मशहूर कार को नए अंदाज में लाने की तैयारी कर रही है। इस बार कार का डिजाइन और फीचर्स पहले से काफी अलग होंगे। खास बात यह है कि कंपनी इसे दो वर्जन में पेश कर सकती है। जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- Citroen अपनी आइकॉनिक 2 CV कार को भारत में नए अवतार में लाने की तैयारी कर रही है।
- नई Citroen 2 CV को हैचबैक और पिकअप, दो अलग-अलग वर्जन में पेश किया जा सकता है।
- कंपनी ने अभी भारत में इसकी कीमत, बैटरी और ड्राइविंग रेंज की जानकारी नहीं दी है।
फ्रांस की कार निर्माता कंपनी Citroen भारतीय बाजार में अपनी एक पुरानी और मशहूर कार को नए अवतार में लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी जल्द ही अपनी आइकॉनिक 2 CV को भारत में लॉन्च कर सकती है। खास बात यह है कि यह कार दो अलग-अलग वर्जन, हैचबैक और पिकअप में आएगी। नई 2 CV का डिजाइन 2026 पेरिस मोटर शो में पेश किए गए कॉन्सेप्ट से प्रेरित होगा। कंपनी का फोकस इसे किफायती, हल्का और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए सुविधाजनक बनाने पर है।
1948 में पहली बार आई थी Citroen 2 CV
Citroen 2 CV को पहली बार 1948 में पेश किया गया था। उस समय यह कार अपनी कम कीमत, साधारण डिजाइन और उपयोगिता के कारण काफी लोकप्रिय हुई थी। अब कंपनी इसी पहचान को आधुनिक तकनीक और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के साथ वापस लाना चाहती है।
पेरिस मोटर शो में दिखाई गई नई 2 CV कॉन्सेप्ट की लंबाई 3.76 मीटर है। कंपनी इसका वजन करीब एक टन रखने का लक्ष्य लेकर चल रही है, ताकि बैटरी, मैन्युफैक्चरिंग और रखरखाव की लागत कम रखी जा सके।
कैसा होगा नई Citroen 2 CV का डिजाइन?
नई 2 CV में पुरानी कार की कई खास डिजाइन खूबियां बरकरार रखी गई हैं। इसमें गोल हेडलैंप, घुमावदार छत, गोल व्हील आर्च और ऊंचा बॉडी डिजाइन देखने को मिलेगा। हालांकि, इसे आधुनिक लाइटिंग और नए बॉडी डिजाइन के साथ तैयार किया जाएगा।
कार के इंटीरियर में चौड़ी सीटें, फैब्रिक सनरूफ, हटाई जा सकने वाली स्टोरेज बास्केट और 8 इंच की टचस्क्रीन मिलेगी। इसके अलावा डिटैचेबल स्पीकर, सिंगल-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और ड्राइवर डिस्प्ले जैसी सुविधाएं भी कॉन्सेप्ट में दिखाई गई हैं।
हैचबैक और पिकअप वर्जन में क्या होगा अंतर?
Citroen 2 CV का हैचबैक वर्जन मुख्य रूप से रोजमर्रा की यात्रा और शहर में इस्तेमाल के लिए तैयार किया जाएगा। वहीं, पिकअप वर्जन उन ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें निजी इस्तेमाल के साथ कामकाज के लिए भी छोटी गाड़ी चाहिए।
फिलहाल कंपनी ने इसके बैटरी पैक, ड्राइविंग रेंज, चार्जिंग टाइम और पावरट्रेन की जानकारी नहीं दी है।
भारत में कितनी हो सकती है कीमत?
यूरोपीय बाजार के लिए Citroen नई 2 CV की शुरुआती कीमत करीब 15,000 यूरो रखने का लक्ष्य लेकर चल रही है। भारतीय करेंसी में यह लगभग 16 लाख रुपये है। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल की कीमत उसके पावरट्रेन, लोकल मैन्युफैक्चरिंग और बाजार में पोजिशनिंग पर निर्भर करेगी।
भारत में 12 नए प्रोडक्ट लाने की तैयारी
Citroen की पैरेंट कंपनी Stellantis ने भारत में करीब 4,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की है। कंपनी की योजना 2030 तक कुल 15,000 करोड़ रुपये निवेश करने की है।
इसके तहत Jeep और Citroen अगले तीन वर्षों में 12 प्रोडक्ट पेश करेंगी। इनमें सात बिल्कुल नए मॉडल और पांच बड़े अपडेट शामिल होंगे। पहला प्रोडक्ट 2027 की दूसरी तिमाही में आने वाला है। नई 2 CV के दोनों वर्जन भी कंपनी की इस विस्तार योजना का हिस्सा बन सकते हैं।