कार के एसी का ये छोटा बटन गर्मी में आएगा बड़े काम, जल्दी ठंडी होगी कार

गर्मी में कार का एसी चलाने के बाद भी अगर केबिन जल्दी ठंडा नहीं होता, तो हो सकता है आप एसी के एक छोटे से बटन का सही इस्तेमाल नहीं कर रहे हों। डैशबोर्ड पर मौजूद यह बटन न सिर्फ कार को जल्दी ठंडा करने में मदद करता है, बल्कि ट्रैफिक के धुएं और धूल को भी काफी हद तक अंदर आने से रोक सकता है।

Advertisement

In Short

  • एयर रिसर्कुलेशन मोड कार के अंदर की पहले से ठंडी हवा को दोबारा सर्कुलेट करता है, जिससे केबिन जल्दी ठंडा होता है।
  • गर्मी, ट्रैफिक, धूल या धुएं वाले इलाकों में इस मोड का इस्तेमाल बाहर की गर्म और प्रदूषित हवा को अंदर आने से रोकने में मदद करता है।
  • लंबे समय तक रिसर्कुलेशन मोड चालू रखने से केबिन में कार्बन डाइऑक्साइड बढ़ सकती है, इसलिए बीच-बीच में फ्रेश एयर मोड इस्तेमाल करना जरूरी है।

By Gaurav Kumar:

car AC recirculation button: ज्यादातर लोग रोज कार का एसी इस्तेमाल करते हैं, लेकिन डैशबोर्ड पर दिए एक खास बटन पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। कार के अंदर बने कार और घुमावदार तीर वाले निशान का यह बटन गर्मी में केबिन को जल्दी ठंडा करने में मदद कर सकता है। लेकिन इसका इस्तेमाल कब करना है और कब बंद रखना है, यह जानना भी उतना ही जरूरी है।

क्या करता है एयर रिसर्कुलेशन बटन?

एयर रिसर्कुलेशन मोड ऑन करने पर कार बाहर की हवा अंदर खींचना बंद कर देती है और केबिन के अंदर मौजूद हवा को ही दोबारा घुमाती रहती है। चूंकि एसी पहले से कुछ ठंडी हवा को ही फिर से ठंडा करता है, इसलिए कार का केबिन जल्दी ठंडा हो जाता है और एसी सिस्टम को भी कम मेहनत करनी पड़ती है।

कई नई कारों में यह फीचर कुछ स्थितियों में अपने आप भी काम करता है, लेकिन ज्यादातर कारों में इसे ड्राइवर मैनुअली भी चला सकता है।

गर्मी में ऐसे करें इस्तेमाल

गर्मियों में यह फीचर सबसे ज्यादा काम आता है। धूप में खड़ी कार में बैठने के बाद पहले थोड़ी देर के लिए खिड़कियां खोल दें, ताकि अंदर की गर्म हवा बाहर निकल सके। इसके बाद एसी ऑन करके रिसर्कुलेशन मोड चालू करने से बाहर की गर्म हवा को बार-बार ठंडा करने की जरूरत नहीं पड़ती और कार जल्दी ठंडी होती है।

ट्रैफिक और धूल में भी आएगा काम

भारी ट्रैफिक में आसपास चल रही गाड़ियों का धुआं और प्रदूषण कार के अंदर आ सकता है। ऐसे समय रिसर्कुलेशन मोड बाहर की हवा को अंदर आने से रोकने में मदद करता है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: कार के टायर कब बदलें? ये 5 संकेत दिखें तो बिल्कुल न करें नजरअंदाज

इसी तरह धूल भरी सड़क, कंस्ट्रक्शन साइट या धुएं वाले इलाके से गुजरते समय भी यह मोड धूल और खराब गंध को कार के अंदर आने से कम कर सकता है।

बारिश और सर्दियों में कब बंद रखें?

ठंड या बारिश के मौसम में लंबे समय तक रिसर्कुलेशन मोड चालू रखना सही नहीं है। इससे कार के अंदर नमी बढ़ सकती है और खिड़कियों पर धुंध जम सकती है। इससे ड्राइवर को सड़क साफ दिखाई नहीं देती। ऐसी स्थिति में फ्रेश एयर मोड और डिफॉगर का इस्तेमाल बेहतर रहता है।

लंबे सफर में लगातार न चलाएं

लंबे सफर के दौरान रिसर्कुलेशन मोड को लगातार चालू रखने से कार के अंदर वही हवा बार-बार घूमती रहती है। समय के साथ कार्बन डाइऑक्साइड का लेवल बढ़ सकता है, जिससे लोगों को नींद या असहज महसूस हो सकता है। इसलिए लंबे सफर में बीच-बीच में फ्रेश एयर मोड चालू करना बेहतर है।

क्या इससे पेट्रोल भी बचेगा?

इससे होने वाली बचत बहुत ज्यादा नहीं होती, लेकिन एसी सिस्टम को बाहर की गर्म हवा को बार-बार ठंडा नहीं करना पड़ता। इससे कंप्रेसर पर लोड थोड़ा कम हो सकता है और गर्म मौसम में एसी लगातार चलने पर फ्यूल इकॉनमी में हल्का फायदा मिल सकता है।

अगर कार तेज धूप में खड़ी रही है, तो पहले करीब एक मिनट खिड़कियां खोलकर गर्म हवा बाहर निकालें। इसके बाद एसी और रिसर्कुलेशन मोड चालू करें। लंबे सफर में मौसम के हिसाब से रिसर्कुलेशन और फ्रेश एयर मोड को बदलते रहें, ताकि कार ठंडी भी रहे और अंदर की हवा भी ठीक तरह से वेंटिलेट होती रहे।

Read more!
Advertisement