BSA Gold Star 650 के दो नए स्पेशल एडिशन लॉन्च! क्लासिक लुक और दमदार इंजन के साथ मिलेंगे ये फीचर्स
ब्रिटिश मोटरसाइकिल ब्रांड BSA ने Gold Star 650 के दो नए स्पेशल एडिशन लॉन्च किए हैं. दोनों बाइक्स में क्लासिक डिजाइन के साथ कई प्रीमियम बदलाव देखने को मिलते हैं. खास बात यह है कि कंपनी ने इन्हें अपनी पुरानी विरासत से जोड़कर तैयार किया है. जानिए कीमत और फीचर्स.

In Short
- BSA ने Gold Star 650 के दो नए स्पेशल एडिशन Birmingham Blue और Brooklands Black Legacy लॉन्च किए हैं.
- दोनों बाइक्स की एक्स-शोरूम कीमत ₹3.55 लाख से ₹3.64 लाख के बीच रखी गई है.
- दोनों एडिशन में 652cc का इंजन मिलता है, जो 45bhp की पावर और 55Nm का टॉर्क जेनरेट करता है.
ब्रिटिश मोटरसाइकिलों के क्लासिक डिजाइन को पसंद करने वालों के लिए BSA ने अपनी लोकप्रिय Gold Star 650 के दो नए स्पेशल एडिशन लॉन्च किए हैं. कंपनी ने इन्हें Birmingham Blue और Brooklands Black Legacy नाम दिया है. दोनों बाइक्स को खास कलर स्कीम और प्रीमियम डिजाइन के साथ पेश किया गया है. हालांकि, इनके इंजन और मैकेनिकल फीचर्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
कितनी है दोनों बाइक्स की कीमत?
BSA Gold Star 650 के इन स्पेशल एडिशन की कीमत 3.55 लाख रुपये से शुरू होती है. Birmingham Blue एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत 3.55 लाख रुपये रखी गई है. वहीं, Brooklands Black Legacy के लिए ग्राहकों को 3.64 लाख रुपये खर्च करने होंगे. दोनों मॉडल के बीच सबसे बड़ा अंतर इनके कलर और डिजाइन का है.
Birmingham Blue में क्या है खास?
Birmingham Blue एडिशन को गहरे नीले रंग में तैयार किया गया है. इसके साइड पैनल पर सिल्वर बैज दिया गया है, जबकि इंजन पर भी खास फिनिश देखने को मिलती है. यह बाइक पुराने दौर की ब्रिटिश मोटरसाइकिलों की याद दिलाती है.
इस एडिशन का नाम ब्रिटेन के बर्मिंघम शहर से लिया गया है, जहां BSA ब्रांड की शुरुआत हुई थी. कंपनी ने इस बाइक के जरिए अपनी पुरानी पहचान को नए अंदाज में पेश करने की कोशिश की है.
Brooklands Black Legacy का डिजाइन कितना अलग?
दूसरा एडिशन Brooklands Black Legacy है, जिसे ज्यादा प्रीमियम लुक दिया गया है. इसमें गहरे काले रंग के साथ क्रोम फिनिश वाले फेंडर मिलते हैं. इन पर गोल्ड पिनस्ट्राइपिंग की गई है, जो बाइक को अलग पहचान देती है.
इसके अलावा क्रोम फिनिश वाला फ्यूल टैंक और खास डिजाइन वाली क्विल्टेड सीट भी दी गई है. इस एडिशन का नाम इंग्लैंड के मशहूर Brooklands रेसिंग सर्किट से प्रेरित है.
इंजन और परफॉर्मेंस में क्या बदला?
दोनों स्पेशल एडिशन में स्टैंडर्ड Gold Star 650 वाला ही इंजन मिलता है. इसमें 652 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 45bhp की पावर और 55Nm का टॉर्क जेनरेट करता है.
कंपनी ने इंजन या दूसरे मैकेनिकल हिस्सों में कोई बदलाव नहीं किया है. यानी ग्राहकों को पहले जैसी ही परफॉर्मेंस मिलेगी, लेकिन बाइक का लुक पहले से अलग होगा.
इन बाइक्स में कौन-कौन से फीचर्स मिलेंगे?
फीचर्स की बात करें तो दोनों स्पेशल एडिशन में Brembo ब्रेक्स, डुअल-चैनल ABS और वायर-स्पोक व्हील्स दिए गए हैं. कुल मिलाकर BSA ने इन नए एडिशन में अपनी ब्रिटिश विरासत और क्लासिक डिजाइन पर ज्यादा ध्यान दिया है.