BMW की नई स्पोर्ट्स कार की बुकिंग शुरू! 3.7 सेकंड में 100 की रफ्तार, 285 Kmph टॉप स्पीड और सिर्फ गिनी-चुनी यूनिट्स
BMW ने भारत में अपनी नई M2 xDrive Turbo Edition की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। यह लिमिटेड एडिशन स्पोर्ट्स कार 480 HP पावर के साथ सिर्फ 3.7 सेकंड में 100 Kmph की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 285 Kmph तक जा सकती है। खास बात यह है कि कंपनी इसकी सीमित यूनिट्स ही बेचेगी। जानिए फीचर्स और बुकिंग डिटेल।

In Short
- BMW M2 xDrive Turbo Edition की भारत में प्री-बुकिंग शुरू, सीमित यूनिट्स मिलेंगी।
- 480 HP पावर, सिर्फ 3.7 सेकंड में 0 से 100 Kmph की रफ्तार।
- ऑप्शनल पैकेज के साथ 285 Kmph टॉप स्पीड, कार्बन-फाइबर फीचर्स।
लग्जरी कार निर्माता BMW ने भारत में अपनी नई BMW M2 xDrive Turbo Edition की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। यह एक लिमिटेड एडिशन परफॉर्मेंस कूपे है, जिसे कंपनी की ऐतिहासिक 1973 BMW 2002 Turbo से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इस कार में 480 HP का दमदार इंजन, कार्बन-फाइबर पार्ट्स और खास डिजाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं। कंपनी इसे सीमित संख्या में बेचेगी और ग्राहकों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बुकिंग मिलेगी।
BMW M2 xDrive Turbo Edition में क्या है खास?
इस स्पेशल एडिशन को Alpine White कलर में पेश किया गया है। कार पर हाथ से पेंट की गई BMW Motorsport स्ट्राइप्स दी गई हैं। इसके बोनट पर ब्लैक पावर डोम और उल्टा लिखा हुआ 'turbo' बैज मिलता है।
कार में कार्बन-फाइबर रूफ, टेलगेट और रियर स्पॉइलर दिए गए हैं। ग्राहक चाहें तो Gold Bronze फिनिश वाले 19 इंच के फ्रंट और 20 इंच के रियर M Performance फोर्ज्ड व्हील्स भी चुन सकते हैं।
480 HP इंजन और जबरदस्त रफ्तार
BMW M2 xDrive Turbo Edition में 3.0 लीटर का इनलाइन 6-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 480 HP की पावर जनरेट करता है।
कंपनी के मुताबिक, यह कार महज 3.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिक रूप से 250 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित है। हालांकि, ऑप्शनल M Driver's Package के साथ टॉप स्पीड 285 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
केबिन में मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
कार के इंटीरियर में M Carbon बकेट सीट्स, M Alcantara स्टीयरिंग व्हील और कार्बन-फाइबर ट्रिम दिए गए हैं। इसके सेंटर कपहोल्डर कवर पर खास 'turbo' बैज मिलता है, जो इसे स्टैंडर्ड BMW M2 से अलग बनाता है।
1973 की BMW 2002 Turbo से मिली प्रेरणा
नई M2 xDrive Turbo Edition को 1973 में आई BMW 2002 Turbo की याद में तैयार किया गया है। उस दौर की यह कार 170 BHP की पावर देती थी और 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रफ्तार पकड़ सकती थी।
BMW 2002 Turbo शुरुआती टर्बोचार्ज्ड प्रोडक्शन पैसेंजर कारों में शामिल थी।
भारत में कैसे होगी बुकिंग?
BMW M2 xDrive Turbo Edition की प्री-बुकिंग भारत के अधिकृत BMW डीलरशिप पर शुरू हो चुकी है। कंपनी ने साफ किया है कि इस स्पेशल एडिशन की केवल सीमित यूनिट्स उपलब्ध होंगी।
हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी कीमत और भारत के लिए कुल यूनिट्स की संख्या की जानकारी नहीं दी है।