भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 की तारीखों का हुआ ऐलान - नोट कर लें डेट और प्लेस

सरकार इस आयोजन को और भव्य बनाने की तैयारी में है ताकि भारत की ग्लोबल मोबिलिटी हब बनने की संभावनाएं और मजबूत की जा सकें। 2024 और 2025 में हुए पहले दो संस्करणों को जबरदस्त सफलता मिली थी।

Advertisement
Maruti e Vitara at Bharat Mobility Global Expo
Maruti e Vitara at Bharat Mobility Global Expo

By Gaurav Kumar:

BMGE 2027: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो (BMGE) 2027 के तीसरे संस्करण की तारीखों की घोषणा कर दी है। यह मेगा ऑटो शो आगामी 4 से 9 फरवरी 2027 तक दिल्ली-एनसीआर के तीन प्रमुख स्थानों: भारत मंडपम (नई दिल्ली), यशोभूमि (द्वारका) और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट (ग्रेटर नोएडा) में आयोजित किया जाएगा।

BMGE अब केवल एक ऑटोमोबाइल शो नहीं रह गया है, बल्कि यह एक ऐसा मंच बन चुका है, जहां उद्योग जगत, नीति निर्माता, स्टार्टअप्स, और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट एक साथ आकर मोबिलिटी के भविष्य पर बात करते हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 2027 संस्करण भी पिछली बार की तरह प्रदर्शनी, टेक्नोलॉजी सेशन और स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन से भरपूर होगा।

BMGE 2027 न केवल ऑटोमोटिव उद्योग के लिए बल्कि भारत की ग्लोबल इमेज को मजबूत करने का भी एक अहम मंच बन चुका है। यह एक्सपो ‘मेक इन इंडिया’ और ‘ग्रीन मोबिलिटी’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों को गति देने में योगदान देता है। मंत्रालय का मानना है कि यह आयोजन निवेशकों, तकनीकी साझेदारों और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों को भारत के उभरते मोबिलिटी इकोसिस्टम से जोड़ने का एक रणनीतिक अवसर है, जिससे देश में भविष्य की मोबिलिटी तकनीकों के विकास को बल मिलेगा।

2024 और 2025 में हुए पहले दो संस्करणों को जबरदस्त सफलता मिली थी। इस साल जनवरी में आयोजित दूसरे संस्करण में 1500 से अधिक प्रदर्शकों ने भाग लिया था और शो को लगभग 9.8 लाख विजिटर्स ने देखा था। इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों की भारी मौजूदगी इस बात का संकेत थी कि भारत, मोबिलिटी के क्षेत्र में तेजी से बदलाव की ओर बढ़ रहा है।

मंत्रालय ने बताया है कि BMGE 2027 में मल्टी-मॉडल मोबिलिटी और लॉजिस्टिक्स पर एक समर्पित सेगमेंट जोड़ा जाएगा, जिसमें रेल, सड़क, वायु, जल और ग्रामीण शहरी परिवहन पर फोकस होगा। इसके अलावा एग्रीकल्चर मोबिलिटी और ट्रैक्टर सॉल्यूशन भी इस बार के प्रमुख आकर्षण होंगे।

सरकार इस आयोजन को और भव्य बनाने की तैयारी में है ताकि भारत की ग्लोबल मोबिलिटी हब बनने की संभावनाएं और मजबूत की जा सकें। मारुति, हुंडई, होंडा और सुजुकी जैसी प्रमुख कंपनियों के इलेक्ट्रिक वाहन पिछले शो में सुर्खियों में रहे थे, और अब अगले संस्करण से भी इसी तरह की नवाचार और टेक्नोलॉजी शोकेस की उम्मीद की जा रही है।
 

Read more!
Advertisement