Batman की करोड़ों की कार को नहीं मिला खरीदार! 29 करोड़ रुपये की बोली भी पड़ी कम

Batman की फिल्मों में नजर आने वाली मशहूर Batmobile एक बार फिर चर्चा में है। साल 1992 की फिल्म Batman Returns में इस्तेमाल हुई इस कार को नीलामी में रखा गया, जहां इसके लिए करोड़ों रुपये की बोली लगी। लेकिन इतनी बड़ी रकम मिलने के बावजूद कार नहीं बिक सकी। आखिर मालिक कितनी कीमत चाहता था और इस कार में ऐसा क्या खास है? जानिए पूरी कहानी।

Advertisement
Batmobile को कई सालों तक स्टोरेज में रखने के बाद कैलिफोर्निया के टस्टिन स्थित Marconi Automotive Museum में प्रदर्शित किया गया था। (फोटो क्रेडिट: Batman.fandom.com)
Batmobile को कई सालों तक स्टोरेज में रखने के बाद कैलिफोर्निया के टस्टिन स्थित Marconi Automotive Museum में प्रदर्शित किया गया था। (फोटो क्रेडिट: Batman.fandom.com)

In Short

  • Batman Returns की मशहूर Batmobile के लिए 32.5 लाख डॉलर की बोली लगी, फिर भी नहीं बिकी कार
  • नीलामी में 50 से 70 लाख डॉलर मिलने की थी उम्मीद, कार में आज भी मौजूद है असली V-8 इंजन
  • करीब 20 फीट लंबी Batmobile में आग निकालने वाला एग्जॉस्ट, सार्वजनिक सड़कों पर चलाने की अनुमति नहीं

By Shakshi:

हॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म Batman Returns में इस्तेमाल हुई मशहूर Batmobile की नीलामी चर्चा में है। इस कार के लिए 32.5 लाख डॉलर यानी करीब 29 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगी, लेकिन इसके बावजूद कार नहीं बिक सकी। दरअसल, यह बोली विक्रेता की तय न्यूनतम कीमत से कम थी।

समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, इस खास कार की अनुमानित कीमत 50 लाख से 70 लाख डॉलर रखी गई थी। हालांकि, नीलामी में खरीदार इतनी रकम देने के लिए तैयार नहीं हुए।

1992 की फिल्म में इस्तेमाल हुई थी कार

यह Batmobile साल 1992 में रिलीज हुई टिम बर्टन की फिल्म Batman Returns में इस्तेमाल की गई थी। फिल्म के लिए ऐसी तीन खास कारें तैयार की गई थीं। इनमें से नीलामी में रखी गई कार को 'Number One Hero Car' कहा जाता है।

करीब 20 फीट लंबी इस काले रंग की कार के पिछले हिस्से में दो बड़े फिन लगे हैं। नीलामी कंपनी Julien's Auctions के मुताबिक, फिल्म के ज्यादातर ड्राइविंग सीन में इसी कार का इस्तेमाल हुआ था।

असली इंजन और आग निकालने वाला एग्जॉस्ट

इस Batmobile में आज भी इसका ओरिजिनल पेंट और Chevrolet V-8 इंजन मौजूद है। इसके अलावा कार में रिमोट से नियंत्रित होने वाला खास एग्जॉस्ट सिस्टम भी लगा है, जिससे आग की लपटें निकलती हैं।

फिल्म में माइकल कीटन के Batman ने इसी फीचर का इस्तेमाल किया था। लंबे समय तक स्टोरेज में रहने के बाद इस कार को कैलिफोर्निया के Marconi Automotive Museum में प्रदर्शित किया गया था।

पहले कितने में बिकी थी Batmobile?

Julien's Auctions को उम्मीद थी कि यह कार Batmobile की नीलामी का पुराना रिकॉर्ड तोड़ देगी।

साल 2013 में 1960 के दशक की Batman टीवी सीरीज में इस्तेमाल हुई Batmobile करीब 46 लाख डॉलर में बिकी थी। इस रकम में नीलामी शुल्क भी शामिल था।

हालांकि, इस बार सबसे ऊंची बोली 32.5 लाख डॉलर तक ही पहुंच सकी।

खरीदने के बाद भी नहीं चला सकते सड़क पर

इस Batmobile की एक खास शर्त भी है। यह कार सार्वजनिक सड़कों पर चलाने के लिए कानूनी रूप से मान्य नहीं है।

नीलामी कंपनी के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद इसके इंजन और ट्रांसमिशन की सीमित बार ही जांच की गई है।

इसके अलावा Warner Bros. Consumer Products के साथ समझौते के तहत कार को किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रदर्शित करने के लिए अनुमति लेनी होगी। प्रदर्शन के दौरान कार को एक ही जगह खड़ा रखना भी जरूरी है।

यानी करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद खरीदार इसे सामान्य कार की तरह इस्तेमाल नहीं कर सकता।

Read more!
Advertisement