Bajaj की नई बाइक ने बढ़ाई हलचल, पहली Adventure Bike को लेकर सामने आई बड़ी जानकारी

बजाज की पहली एडवेंचर बाइक को लेकर हलचल तेज हो गई है। टेस्टिंग के दौरान दिखी इस बाइक को लेकर माना जा रहा है कि इसका नाम Bajaj Trekker हो सकता है। इसमें Pulsar N250 वाला इंजन मिलने की चर्चा है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो यह 2026 में भारत में एंट्री कर सकती है।

Advertisement

In Short

  • बजाज अपनी पहली एडवेंचर बाइक 2026 में लॉन्च कर सकती है।
  • बाइक का नाम Bajaj Trekker हो सकता है और इसमें Pulsar N250 वाला इंजन मिल सकता है।
  • लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Hero Xpulse 210 Yezdi Adventure और Suzuki V-Strom SX से हो सकता है।

By Gaurav Kumar:

Bajaj Adventure Bike: बजाज ऑटो भारतीय बाजार में अपनी पहली एडवेंचर बाइक लॉन्च करने की तैयारी में है। अब तक कंपनी कम्यूटर और परफॉर्मेंस फोकस्ड मोटरसाइकिलों के लिए जानी जाती रही है, लेकिन अब वह एडवेंचर सेगमेंट में भी कदम रख सकती है।

इस बाइक को भारत में कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। कयास हैं कि कंपनी इसे 2026 में ही लॉन्च कर सकती है।

भारत से पहले ब्राजील में हो सकती है लॉन्च

रिपोर्ट्स के मुताबिक बजाज अपनी इस नई एडवेंचर बाइक को भारत से पहले ब्राजील में पेश कर सकती है। भारत में इसके फेस्टिव सीजन के दौरान आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इस बाइक को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

ब्राजील में इस बाइक का डेवलपमेंट शुरू हो चुका है। बजाज ब्राजील के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर वाल्डिर फरेरा ने संकेत दिया है कि इसे क्रिसमस गिफ्ट के तौर पर लॉन्च किया जा सकता है।

नाम हो सकता है Bajaj Trekker

इस बाइक का नाम Bajaj Trekker हो सकता है। कंपनी ने Trekker नाम को ट्रेडमार्क भी करा लिया है। हालांकि बजाज की तरफ से अभी तक इसका नाम आधिकारिक तौर पर कन्फर्म नहीं किया गया है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: 25 साल की हुई Pulsar! पहली बाइक से ग्लोबल ब्रांड तक ऐसे कायम रहा युवाओं का प्यार

डिजाइन की बात करें तो इसका लुक मौजूदा एडवेंचर बाइक्स जैसा हो सकता है। इसमें लंबा फ्रंट एंड, बीक स्टाइल मडगार्ड, फोर्क गेटर्स, लंबी सिंगल पीस सीट और ऊपर की तरफ उठा हुआ एग्जॉस्ट देखने को मिल सकता है।

स्पोक व्हील्स के साथ हुई टेस्टिंग

टेस्टिंग के दौरान इस बाइक में स्पोक व्हील्स भी नजर आए हैं। कयास हैं कि इसमें 19 इंच का फ्रंट और 17 इंच का रियर व्हील दिया जा सकता है। यह सेटअप सड़क पर बेहतर स्टेबिलिटी देने के साथ हल्के ऑफ रोड रास्तों पर भी मदद कर सकता है।

Pulsar N250 वाला इंजन मिल सकता है

बजाज इस एडवेंचर बाइक में Pulsar N250 का इंजन इस्तेमाल कर सकती है। इसमें 249 सीसी का एयर और ऑयल कूल्ड सिंगल सिलेंडर इंजन दिया जा सकता है।

Pulsar N250 में यही इंजन 24.5 पीएस की पावर और 21.5 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 5 स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है।

एडवेंचर बाइक के हिसाब से हो सकता है बदलाव

कंपनी इस इंजन में एडवेंचर बाइक की जरूरत के मुताबिक कुछ बदलाव कर सकती है। ऐसे में इसका पावर आउटपुट Pulsar N250 से अलग भी हो सकता है। मौजूदा इंजन का इस्तेमाल करने से बजाज को इस बाइक की कीमत को कम रखने में भी मदद मिल सकती है।

इन बाइक्स से होगा मुकाबला

लॉन्च के बाद Bajaj की इस नई एडवेंचर बाइक का मुकाबला Hero Xpulse 210, Yezdi Adventure और Suzuki V-Strom SX जैसी बाइक्स से हो सकता है। फिलहाल इसके नाम, कीमत और लॉन्च डेट को लेकर कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Read more!
Advertisement