Auto Sales 2026: अक्टूबर में गाड़ियों की बिक्री में भारी गिरावट! क्या दिवाली के बाद फिर लौटेगी ऑटो बाजार की रौनक?

अक्टूबर 2026 में गाड़ियों की बिक्री के आंकड़ों ने ऑटो बाजार में हलचल मचा दी है. FADA की रिपोर्ट में सालाना आधार पर बड़ी गिरावट सामने आई है, लेकिन कुछ सेगमेंट ने रिकॉर्ड भी बनाए हैं. आखिर बिक्री घटने के बावजूद डीलर्स को नवंबर से इतनी उम्मीद क्यों है? जानिए पूरी रिपोर्ट.

Advertisement

In Short

  • अक्टूबर में गाड़ियों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 23.80% गिरी, लेकिन सितंबर के मुकाबले 25.05% बढ़ी.
  • टू-व्हीलर और पैसेंजर व्हीकल की बिक्री में गिरावट के बीच इलेक्ट्रिक गाड़ियों ने नया रिकॉर्ड बनाया.
  • नवंबर में धनतेरस और दिवाली की खरीदारी से ऑटो बाजार में तेजी लौटने की उम्मीद, डीलर्स ने जताया भरोसा.

By Gungun Mishra:

अक्टूबर में गाड़ियों की बिक्री सालाना आधार पर 23.80% गिर गई, लेकिन सितंबर के मुकाबले इसमें अच्छी बढ़ोतरी हुई है. FADA के मुताबिक, त्योहारों की तारीखों में बदलाव और पिछले साल की ज्यादा बिक्री का असर अक्टूबर के आंकड़ों पर पड़ा है. अब नवंबर में बाजार की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है.

भारत के ऑटो बाजार में अक्टूबर 2026 के दौरान गाड़ियों की बिक्री के मिले-जुले आंकड़े सामने आए हैं. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, अक्टूबर में कुल 31,72,466 गाड़ियां बिकीं. यह पिछले साल के मुकाबले 23.80% कम है, लेकिन सितंबर 2026 से 25.05% ज्यादा है. ऐसे में सवाल है कि क्या गाड़ियों की मांग सच में घट रही है या त्योहारों की तारीखों ने बिक्री का गणित बदल दिया है?

त्योहारों की तारीखों ने बदला बिक्री का हिसाब

FADA के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में नवरात्रि और दिवाली एक ही महीने में थीं. इसके अलावा 22 सितंबर 2025 को GST दरों में कटौती से भी मांग बढ़ी थी. इस साल धनतेरस 6 नवंबर और दिवाली 8 नवंबर को है. इसलिए त्योहारों की खरीदारी का बड़ा हिस्सा नवंबर में आने की उम्मीद है. हालांकि, अक्टूबर 2026 बिक्री के लिहाज से अब तक का दूसरा सबसे अच्छा अक्टूबर रहा.

टू-व्हीलर और कारों की बिक्री में कितनी गिरावट?

अक्टूबर में 23,21,419 दोपहिया गाड़ियां बिकीं, जो सालाना आधार पर 28.35% कम हैं. वहीं, कार और SUV समेत पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 14.23% घटकर 5,07,768 यूनिट रही.

दूसरी तरफ कमर्शियल वाहनों की बिक्री 2.29% बढ़कर 1,15,140 यूनिट पहुंची. थ्री-व्हीलर की बिक्री 3.97% बढ़कर 1,41,420 यूनिट और ट्रैक्टर की बिक्री 3.10% बढ़कर 79,285 यूनिट रही.

ग्रामीण इलाकों में टू-व्हीलर की बिक्री 33.97% गिरी, जबकि शहरी बाजार में 20.77% की गिरावट दर्ज हुई.

इलेक्ट्रिक गाड़ियों ने बनाया नया रिकॉर्ड

अक्टूबर में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री करीब 3.55 लाख यूनिट पहुंच गई. यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है. सालाना आधार पर EV बिक्री 44.88% बढ़ी. कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी करीब 11.5% रही. खास बात है कि थ्री-व्हीलर सेगमेंट में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी 62.63% पहुंच गई.

प्रतीकात्मक तस्वीर

नवंबर में क्या बढ़ेगी बिक्री?

FADA के सर्वे में 51.65% डीलर्स ने नवंबर में बिक्री बढ़ने की उम्मीद जताई है. वहीं, 34.71% को बिक्री स्थिर रहने और 13.64% को गिरावट की आशंका है.

अगले तीन महीनों के लिए 50.41% डीलर्स बिक्री बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं. हालांकि, बढ़ती EMI, गाड़ियों की उपलब्धता और त्योहारों के बाद मांग कमजोर पड़ने का जोखिम बना हुआ है.

Read more!
Advertisement