7.99 लाख रुपये से घर लाएं Electric SUV, Kia से MG तक इन 7 कारों पर मिल रहा BaaS का फायदा

भारत में BaaS मॉडल के जरिए इलेक्ट्रिक कार खरीदना अब पहले से आसान हो रहा है। Kia Syros EV की शुरुआती BaaS कीमत 7.99 लाख रुपये है, जबकि MG, Mahindra और Hyundai भी कई मॉडल इस स्कीम में दे रहे हैं। हालांकि बैटरी की अलग लागत जरूर जुड़ती है।

Advertisement
BaaS के साथ 7 इलेक्ट्रिक कारें, कम कीमत में EV खरीदने का नया तरीका
BaaS के साथ 7 इलेक्ट्रिक कारें, कम कीमत में EV खरीदने का नया तरीका

In Short

  • Kia Syros EV की BaaS कीमत 7.99 लाख रुपये से शुरू होती है।
  • Mahindra के कुछ EV मॉडल में शुरुआती कीमत पर करीब 8 लाख रुपये तक का अंतर पड़ता है।
  • Hyundai Creta Electric और MG Tomahawk EV भी BaaS विकल्प के साथ उपलब्ध हैं।

By Gaurav Kumar:

भारत में इलेक्ट्रिक कार खरीदने की सोच रहे लोगों के सामने सबसे बड़ी परेशानी अक्सर इसकी शुरुआती कीमत होती है। इसकी बड़ी वजह महंगा बैटरी पैक है। लेकिन अब Battery-as-a-Service यानी BaaS तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

इस मॉडल में खरीदार को कार और बैटरी की पूरी कीमत एक साथ नहीं चुकानी पड़ती। कार की शुरुआती कीमत कम हो जाती है और बैटरी के लिए अलग से तय चार्ज, प्रति किलोमीटर लागत या EMI देनी होती है।

अब Kia, MG, Mahindra और Hyundai जैसे ब्रांड इस मॉडल को आगे बढ़ा रहे हैं। कुछ इलेक्ट्रिक SUVs की BaaS कीमत 7.99 लाख रुपये से शुरू हो रही है। आइए जानते हैं ऐसी 7 नई इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारों के बारे में।

Kia Syros EV: BaaS कीमत 7.99 लाख रुपये से

इस लिस्ट में सबसे कम शुरुआती BaaS कीमत Kia Syros EV की है। इसका 42 kWh बैटरी वाला मॉडल BaaS के तहत 7.99 लाख रुपये से शुरू होता है। बिना BaaS इसकी शुरुआती कीमत 13.49 लाख रुपये है।

यानी शुरुआती खरीद कीमत में करीब 5.50 लाख रुपये का अंतर आता है। 42 kWh बैटरी के लिए बैटरी EMI की प्रभावी लागत 3.30 रुपये प्रति किलोमीटर से शुरू होती है। Kia Syros EV में 51.4 kWh का बड़ा बैटरी पैक भी मिलता है।

MG Hector Tomahawk EV: 13.99 लाख रुपये से शुरुआत

MG Hector Tomahawk EV भी BaaS के साथ बाजार में उतारी गई है। इसकी स्टैंडर्ड कीमत 19.49 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि BaaS मॉडल की शुरुआती कीमत 13.99 लाख रुपये रखी गई है।

इसके साथ बैटरी लागत 4.90 रुपये प्रति किलोमीटर से शुरू होती है। इसमें 69.2 kWh बैटरी दी गई है और कंपनी 517 किलोमीटर तक की रेंज का दावा करती है।

यह इलेक्ट्रिक SUV 204 PS की पावर और 310 Nm का टॉर्क देती है और 90kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। इसे 5-सीटर और 7-सीटर लेआउट में खरीदा जा सकता है।

MG Hector Tomahawk PHEV: BaaS कीमत 21.79 लाख रुपये

MG Hector Tomahawk का Plug-in Hybrid यानी PHEV वर्जन भी BaaS के साथ उपलब्ध है।

इसकी बिना BaaS कीमत 25.69 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि BaaS के तहत कीमत 21.79 लाख रुपये से शुरू होती है। बैटरी रेंटल की शुरुआती लागत 3.20 रुपये प्रति किलोमीटर है।

इसमें 20.5 kWh बैटरी के साथ 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। यह इलेक्ट्रिक मोड में 115 किलोमीटर से ज्यादा चल सकती है, जबकि इसकी कुल संयुक्त रेंज 1,100 किलोमीटर से ज्यादा बताई गई है।

Mahindra BE 6 Sporteq: 11.45 लाख रुपये से

Mahindra BE 6 Sporteq BaaS के तहत 11.45 लाख रुपये से शुरू होती है। बिना BaaS इसकी शुरुआती कीमत 19.45 लाख रुपये है और टॉप वेरिएंट 26.95 लाख रुपये तक जाता है।

इस तरह शुरुआती कीमत में करीब 8 लाख रुपये का अंतर आता है।

Mahindra का मॉडल सामान्य battery rental से थोड़ा अलग है। इसमें गाड़ी और बैटरी को अलग-अलग finance किया जाता है और बैटरी financing की effective usage cost 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर रखी गई है।

BE 6 Sporteq में 59 kWh, 70 kWh और 79 kWh बैटरी विकल्प मिलते हैं। टॉप वर्जन की claimed range 682 किलोमीटर तक है। इसमें तीन स्क्रीन वाला डिजिटल कॉकपिट और Google Gemini AI आधारित TEQ_Talk जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।

Mahindra XEV 9S: BaaS में 12.65 लाख रुपये

Mahindra ने XEV 9S को भी BaaS के दायरे में ला दिया है। इसकी BaaS कीमत 12.65 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि सामान्य शुरुआती कीमत 20.65 लाख रुपये है।

यानी यहां भी शुरुआती खरीद कीमत में करीब 8 लाख रुपये का अंतर है।

बैटरी financing की प्रभावी लागत 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर रखी गई है। XEV 9S INGLO प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसे बड़ी 7-सीटर प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV के तौर पर पेश किया गया है।

Mahindra XEV 9e: 13.90 लाख रुपये से

Mahindra XEV 9e की BaaS कीमत 13.90 लाख रुपये से शुरू होती है। बिना BaaS इसकी शुरुआती कीमत 21.90 लाख रुपये है।

यहां भी शुरुआती कीमत में करीब 8 लाख रुपये का अंतर पड़ता है। बैटरी financing के लिए Mahindra 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर की effective usage cost का benchmark इस्तेमाल कर रही है।

XEV 9e को प्रीमियम coupe-style electric SUV के तौर पर पेश किया गया है और यह भी INGLO architecture पर आधारित है।

Hyundai Creta Electric: 10.99 लाख रुपये से

Hyundai Creta Electric की BaaS कीमत 10.99 लाख रुपये से शुरू होती है। इसकी सामान्य शुरुआती कीमत 18.03 लाख रुपये के करीब है।

इस तरह BaaS चुनने पर शुरुआती खरीद कीमत करीब 7.04 लाख रुपये कम हो जाती है। बैटरी के लिए शुरुआती effective cost 3.90 रुपये प्रति किलोमीटर है।

Creta Electric में 42 kWh और 51.4 kWh बैटरी विकल्प मिलते हैं। बड़े बैटरी पैक के साथ इसकी claimed range 510 किलोमीटर तक है।

इसमें Level 2 ADAS, V2L और i-Pedal जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। Hyundai ने Creta Electric के लिए तीन साल या 45,000 किलोमीटर तक 60 प्रतिशत assured buyback program भी पेश किया है।

क्या BaaS में कार सच में सस्ती पड़ती है?

BaaS का सबसे बड़ा फायदा यह है कि कार खरीदते समय एक साथ बड़ी रकम देने की जरूरत कम हो जाती है। उदाहरण के लिए Kia Syros EV में शुरुआती कीमत 7.99 लाख रुपये और Hyundai Creta Electric में 10.99 लाख रुपये तक नीचे आ जाती है।

लेकिन सिर्फ शुरुआती कीमत देखकर फैसला करना सही नहीं होगा। खरीदार को बैटरी EMI या प्रति किलोमीटर बैटरी लागत भी चुकानी होती है।

इसलिए ज्यादा ड्राइव करने वाले ग्राहक के लिए लंबी अवधि की कुल लागत अलग हो सकती है। कार खरीदने से पहले BaaS EMI, डाउन पेमेंट, लोन टेन्योर, सालाना रनिंग और चार्जिंग खर्च का पूरा हिसाब देखना जरूरी है।

फिर भी एक बात साफ है कि BaaS ने भारत में इलेक्ट्रिक कार खरीदने की शुरुआती बाधा काफी कम कर दी है और अब 8 लाख रुपये के आसपास की अपफ्रंट कीमत में भी नई इलेक्ट्रिक SUV का विकल्प सामने आ गया है।

Read more!
Advertisement