25 साल की हुई Pulsar! पहली बाइक से ग्लोबल ब्रांड तक ऐसे कायम रहा युवाओं का प्यार
किसी के कॉलेज के दिनों की साथी, किसी की पहली सैलरी से खरीदी बाइक और किसी की पहली लंबी राइड की याद Pulsar ने 25 साल में खुद को सिर्फ मोटरसाइकिल नहीं रहने दिया। अब नई Pulsar 125 और 150 के साथ Bajaj उसी पुराने जुड़ाव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

In Short
- Pulsar ने कॉलेज राइड से पहली नौकरी और पहली बाइक तक कई पीढ़ियों की यादों में अपनी जगह बनाई।
- Bajaj के मुताबिक Pulsar की 2 करोड़ से अधिक मोटरसाइकिलें 40 से ज्यादा देशों में बिक चुकी हैं।
- TFT डिस्प्ले, नए फ्रेम, मोनोशॉक और आधुनिक फीचर्स के साथ भी Bajaj ने Pulsar का पुराना DNA बरकरार रखा है।
बजाज की बाइक Pulsar- यह सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि यह बजाज ऑटो की घड़कन है। Bajaj Pulsar इस साल अपना 25वां वर्षगांठ मना रही है। Pulsar ने भारत के लाखों युवाओं के कॉलेज, पहली नौकरी, दोस्तों के साथ लंबी राइड और पहली अपनी बाइक खरीदने की यादों को जोड़ा है।
जब साल नवंबर 2001 में Pulsar पहली बार भारतीय बाजार में आई थी, तब ज्यादातर मोटरसाइकिलों की चर्चा माइलेज और रोजमर्रा की जरूरतों के आसपास होती थी। Pulsar ने उस दौर में युवाओं को कुछ अलग दिया मस्कुलर लुक, दमदार परफॉर्मेंस और ऐसी रोड प्रेजेंस, जिससे बाइक सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं बल्कि पर्सनैलिटी का हिस्सा बनने लगी।
अब 25 साल बाद Bajaj उसी पहचान को नई Pulsar 125 और 150 के जरिए अगली पीढ़ी तक ले जाने की कोशिश कर रहा है।
2001 की Pulsar से 5 इंच TFT वाली Pulsar तक
25 साल में बदलाव कितना बड़ा रहा है, इसे नई Pulsar 150 के फीचर्स से समझा जा सकता है। कभी Pulsar की पहचान उसके मस्कुलर टैंक और एग्जॉस्ट नोट से होती थी, अब उसी नाम की बाइक में 5 इंच TFT डिस्प्ले, फोन कनेक्टिविटी, डॉक्यूमेंट स्टोरेज और स्क्रीन शेयरिंग जैसे फीचर्स मिल रहे हैं।
नई Pulsar 150 के टॉप वेरिएंट में रेन, रोड और स्पोर्ट जैसे राइडिंग मोड भी दिए गए हैं। पुराने डबल-क्रैडल फ्रेम की जगह डायमंड-टाइप फ्रेम आ गया है और ट्विन शॉक एब्जॉर्बर को मोनोशॉक सस्पेंशन ने बदल दिया है।
इसके बावजूद Bajaj ने मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्पोर्टी स्टांस और सिग्नेचर ट्विन टेल लाइट जैसी पहचान को बरकरार रखा है।
यही Pulsar की 25 साल की कहानी है समय के साथ बदलना लेकिन अपनी पहचान को नहीं खोना।
किसी की कॉलेज बाइक तो किसी की पहली सैलरी का सपना
Pulsar की लोकप्रियता को सिर्फ बिक्री के आंकड़ों से समझना मुश्किल है। 2000 के शुरुआती वर्षों में जिसने Pulsar 150 देखकर बाइक खरीदने का सपना देखा था, वह आज शायद अपने बच्चे के साथ शोरूम पहुंच रहा हो।
किसी के लिए Pulsar कॉलेज जाने की पहली बाइक रही, किसी के लिए दोस्तों के साथ पहली हाईवे राइड और किसी ने इसे अपनी पहली सैलरी से खरीदा।
Bajaj इसी भावनात्मक जुड़ाव को My Pulsar Story कैंपेन के जरिए सामने ला रहा है। 25 साल पूरे होने पर कंपनी ने सिर्फ बड़े एनिवर्सरी विज्ञापन चलाने के बजाय राइडर्स से उनकी अपनी Pulsar की कहानी सुनाने को कहा।
Bajaj Auto के प्रेसिडेंट मार्केटिंग सुमित नारंग के मुताबिक अब तक इस कैंपेन में 3,000 से ज्यादा कहानियां मिल चुकी हैं।
Bajaj के लिए Pulsar क्यों रही खास
Bajaj Auto के प्रेसिडेंट मार्केटिंग सुमित नारंग के मुताबिक Pulsar की शुरुआत ही भारतीय राइडर्स को रोमांच और एड्रेनालिन रश देने के विचार के साथ हुई थी।
उनका कहना है कि 125cc से 400cc तक अलग-अलग Pulsar मॉडल आए, लेकिन ब्रांड की मूल पहचान वही रखी गई पावर, मस्कुलर डिजाइन और मजेदार राइडिंग अनुभव।
इन 25 सालों में भारतीय बाइक बाजार में मुकाबला भी काफी बढ़ा। Royal Enfield, TVS, Hero, Yamaha और दूसरी कंपनियों ने अलग-अलग सेगमेंट में नए मॉडल उतारे। युवा खरीदारों के पास विकल्प पहले से कहीं ज्यादा हो गए।
इसके बावजूद Bajaj ने Pulsar को नए इंजन, बेहतर फ्रेम, डिजिटल डिस्प्ले, कनेक्टिविटी और आधुनिक फीचर्स देकर लगातार प्रासंगिक बनाए रखने की कोशिश की।
TV विज्ञापनों से सोशल मीडिया तक
Pulsar के शुरुआती दौर में उसके TV विज्ञापनों ने युवाओं के बीच ब्रांड बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। आज वही युवा ग्राहक Instagram, YouTube, OTT और शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद हैं।
सुमित नारंग के मुताबिक Bajaj आज TV, डिजिटल, प्रिंट, आउटडोर, सिनेमा और OTT का इस्तेमाल करता है। इन्फ्लुएंसर्स भी मार्केटिंग का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
कंपनी अब किसी कैंपेन की सफलता सिर्फ बिक्री से नहीं देखती। लोग Pulsar को कितना सर्च कर रहे हैं, वेबसाइट पर कितना ट्रैफिक आ रहा है और शोरूम में दिलचस्पी कितनी बढ़ रही है, ये भी मायने रखता है।
भारत से निकलकर दुनिया तक पहुंची Pulsar
Pulsar की कहानी अब सिर्फ भारतीय सड़कों तक सीमित नहीं है। 2001 में शुरू हुआ यह सफर अब दुनिया के कई बाजारों तक पहुंच चुका है। Bajaj Auto के मुताबिक अब तक 2 करोड़ से ज्यादा Pulsar मोटरसाइकिलें बिक चुकी हैं।
यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि Pulsar की लोकप्रियता सिर्फ एक दौर या एक उम्र के राइडर्स तक सीमित नहीं रही। 2000 के शुरुआती वर्षों में इसे खरीदने वाली पीढ़ी के बाद नई पीढ़ियों ने भी Pulsar को अपनाया और Bajaj ने समय के साथ अलग-अलग इंजन क्षमता, डिजाइन और फीचर्स के जरिए इसे लगातार नया बनाए रखा।
कंपनी का My Pulsar Story कैंपेन भी सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। दूसरे देशों के राइडर्स भी इसमें अपनी Pulsar से जुड़ी यादें साझा कर रहे हैं। यानी जो बाइक कभी भारतीय युवाओं के लिए पहली परफॉर्मेंस मोटरसाइकिल बनी थी, आज वही नाम दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में राइडर्स तक पहुंच चुका है।
नई 125 और 150 के सामने अब असली परीक्षा
नई Pulsar 125 और 150 के साथ Bajaj ने एक बार फिर वही रास्ता अपनाया है DNA पुराना रखो लेकिन टेक्नोलॉजी आज की दो।
अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि नई बाइक में कितने फीचर्स दिए गए हैं। असली सवाल यह होगा कि क्या नई Pulsar सड़क पर पहले से ज्यादा भरोसेमंद और आरामदायक साबित होती है, और क्या नई पीढ़ी भी इसे उसी तरह अपनाती है जैसे पिछली पीढ़ियों ने किया था।
क्योंकि 25 साल बाद Pulsar सिर्फ Bajaj की एक मोटरसाइकिल नहीं रह गई है। यह कई पीढ़ियों की यादों, पहली राइड और युवा होने की भावना से जुड़ा नाम बन चुकी है। नई Pulsar 125 और 150 के सामने अब उसी प्यार को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है।