Mercedes-Benz GLC Electric: 715 KM रेंज और 39.1 इंच की स्क्रीन! भारत में कल आएगी ये लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV
Mercedes-Benz अपनी नई लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV GLC Electric को 4 नवंबर को भारत में लॉन्च करने जा रही है। इसमें 94kWh बैटरी और एक बार चार्ज करने पर 715 किलोमीटर तक की रेंज का दावा किया गया है। SUV में बड़ी डिजिटल स्क्रीन, दमदार पावर और फास्ट चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलेंगे। जानिए इसकी रफ्तार, केबिन और दूसरी खासियतें।

भारत में कब लॉन्च होगी Mercedes-Benz GLC Electric?
Mercedes-Benz अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV GLC Electric को 4 नवंबर 2026 को भारत में लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी भारतीय बाजार में इसका स्टैंडर्ड व्हीलबेस वाला GLC 400 4MATIC वेरिएंट पेश करेगी। यह कंपनी की लोकप्रिय GLC SUV का पूरी तरह इलेक्ट्रिक मॉडल होगा।
एक बार चार्ज करने पर कितनी चलेगी?
Mercedes-Benz GLC 400 4MATIC में 94kWh की इस्तेमाल करने योग्य बैटरी क्षमता मिलती है। कंपनी के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक SUV एक बार फुल चार्ज होने पर 715 किलोमीटर तक की WLTP सर्टिफाइड रेंज दे सकती है। हालांकि, असल रेंज सड़क, मौसम और ड्राइविंग के तरीके के हिसाब से अलग हो सकती है।
पावर और रफ्तार में कितनी दमदार?
नई GLC Electric में आगे और पीछे दोनों एक्सल पर एक-एक इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। इससे SUV को ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है। इसका कुल पावर आउटपुट 360kW और टॉर्क 800Nm है। कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक SUV सिर्फ 4.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।
केबिन में मिलेगी 39.1 इंच की बड़ी स्क्रीन
GLC Electric के केबिन में 39.1 इंच की MBUX Hyperscreen दी गई है। इसमें ड्राइवर डिस्प्ले, सेंट्रल इंफोटेनमेंट स्क्रीन और फ्रंट पैसेंजर स्क्रीन को एक बड़े पैनल में जोड़ा गया है। इसके अलावा जरूरी फीचर्स को कंट्रोल करने के लिए स्टीयरिंग व्हील और सेंटर कंसोल पर फिजिकल बटन और रोटरी कंट्रोल भी मिलते हैं।