Mahindra Bolero का बदल गया पूरा अंदाज! Bold Edition में मिलेगा प्रीमियम लुक, लेकिन कीमत को लेकर है बड़ा ट्विस्ट
महिंद्रा की लोकप्रिय SUV Bolero अब बिल्कुल नए अंदाज में नजर आएगी। कंपनी ने Bold Edition पेश किया है, जिसमें ब्रॉन्ज फिनिश वाले अलॉय व्हील्स, बदला हुआ केबिन और कुछ नए फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, इसके नाम और कीमत को लेकर एक खास बात है, जो खरीदने से पहले जानना जरूरी है। क्या इंजन भी बदला है और इस नए लुक के लिए कितना खर्च करना होगा? जानिए।

महिंद्रा की दमदार SUV Bolero अब नए अंदाज में नजर आएगी। कंपनी ने Bolero Bold Edition पेश किया है, जिसमें ब्रॉन्ज फिनिश वाले अलॉय व्हील्स, ग्रिल इंसर्ट्स, बंपर एक्सेंट्स, मिरर डिटेलिंग और रूफ रेल्स दिए गए हैं। इन बदलावों से बोलेरो का लुक पहले से ज्यादा आकर्षक हो गया है। हालांकि, यह कोई नया वेरिएंट नहीं है। कंपनी एक्सक्लूसिव एक्सेसरीज पैकेज के जरिए ग्राहकों को यह नया लुक दे रही है।
Bolero Bold Edition में सिर्फ बाहर ही नहीं, अंदर भी कई बदलाव किए गए हैं। इसमें ब्रॉन्ज एक्सेंट्स वाली ब्लैक लेदरेट सीटें, कॉन्ट्रास्ट स्टिचिंग जैसी डिजाइन और आगे की सीटों पर Bolero की ब्रांडिंग दी गई है। इसके अलावा, कलर्ड पार्किंग गाइडलाइंस वाला रियर-व्यू कैमरा भी मिलता है, जिससे गाड़ी पीछे करना आसान होगा। हालांकि, महिंद्रा ने अभी इस एक्सेसरीज पैकेज की कीमत का खुलासा नहीं किया है।
Bolero Bold Edition का लुक भले ही बदल गया हो, लेकिन इंजन पहले जैसा ही रखा गया है। इसमें 1.5 लीटर का तीन-सिलेंडर mHawk75 डीजल इंजन मिलता है, जो 75 bhp की पावर और 210 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ पांच-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। यानी ग्राहकों को नए डिजाइन और कुछ अतिरिक्त फीचर्स जरूर मिलेंगे, लेकिन इंजन की पावर या परफॉर्मेंस में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
महिंद्रा बोलेरो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹8.49 लाख है, जो B4 वेरिएंट के लिए है। वहीं, टॉप B8 वेरिएंट की कीमत ₹9.99 लाख तक जाती है। Bold Edition का एक्सेसरीज पैकेज लेने के लिए ग्राहकों को अलग से पैसे देने होंगे, लेकिन कंपनी ने अभी इसकी कीमत और किन वेरिएंट्स में यह मिलेगा, इसकी जानकारी नहीं दी है। पिछले महीने बोलेरो की 9,344 यूनिट्स बिकी थीं। अब कंपनी को उम्मीद है कि नया लुक त्योहारी सीजन में ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित करेगा।