
UK Visa Rules 2027: ब्रिटेन में पढ़ाई और नौकरी के बदलेंगे नियम, भारतीयों को राहत मिलेगी या बढ़ेंगी मुश्किलें?
ब्रिटेन में पढ़ाई और नौकरी करने का सपना देख रहे भारतीयों के लिए 2027 से वीजा के नियम बदलने वाले हैं। नए नियमों का असर सैलरी, पढ़ाई के बाद रहने की अवधि और नौकरी बदलने के मौकों पर पड़ सकता है। जानिए किसे राहत मिलेगी और किसकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

In Short
- ब्रिटेन में 2027 से स्किल्ड वर्कर वीजा के सैलरी नियमों में बदलाव की तैयारी।
- ग्रेजुएट वीजा की अवधि 18 महीने होगी, लेकिन कुछ छात्रों को दो साल की छूट मिल सकती है।
- नौकरी छूटने पर कुछ विदेशी कर्मचारियों को नई नौकरी तलाशने के लिए छह महीने मिल सकते हैं।
UK Visa Rules 2027: ब्रिटेन में पढ़ाई करने या नौकरी पाने का सपना देख रहे भारतीयों के लिए साल 2027 कई बदलाव लेकर आने वाला है। ब्रिटेन सरकार अपने वीजा नियमों में बदलाव की तैयारी कर रही है। इसका असर वहां पढ़ने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों और नौकरी करने वाले विदेशी लोगों पर पड़ सकता है। नए नियमों में सैलरी, नौकरी बदलने और पढ़ाई पूरी होने के बाद ब्रिटेन में रहने की अवधि से जुड़े बदलाव शामिल हैं। आइए जानते हैं कि किस वीजा में क्या बदलाव होने वाला है और किसे इसका फायदा मिल सकता है।
स्किल्ड वर्कर वीजा: सैलरी के नियमों में क्या बदलेगा?
ब्रिटेन सरकार 2027 की बसंत ऋतु से स्किल्ड वर्कर वीजा के लिए न्यूनतम सैलरी तय करने का तरीका बदल सकती है। अभी अलग-अलग नौकरियों के लिए सैलरी की सीमा मीडियन वेज यानी बीच के स्तर की कमाई के आधार पर तय होती है। नए नियमों में इसे घटाकर उस पेशे की कमाई के 25वें पर्सेंटाइल पर लाने की योजना है। सामान्य सैलरी की सीमा भी 2026 के कमाई के आंकड़ों के आधार पर अपडेट होगी। हालांकि, अंतिम सैलरी और नियम अभी घोषित नहीं हुए हैं।
नए कर्मचारियों को मिलेगी एक जैसी छूट
अभी छात्रों, हाल ही में ग्रेजुएट हुए लोगों और प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेने वालों के लिए सैलरी में अलग-अलग छूट मिलती है। सरकार इनकी जगह एक न्यू एंट्रेंट डिस्काउंट लाने की तैयारी में है।

इसके अलावा पीएचडी डिग्री रखने वालों को मिलने वाली मौजूदा सैलरी छूट भी खत्म करने का प्रस्ताव है। ये बदलाव माइग्रेशन एडवाइजरी कमेटी की सिफारिशों के बाद सामने आए हैं।
एचपीआई वीजा: अब टॉप 150 यूनिवर्सिटी के छात्रों को मौका
ब्रिटेन सरकार हाई पोटेंशियल इंडिविजुअल यानी एचपीआई वीजा का दायरा बढ़ाने वाली है। इसके तहत दुनिया की टॉप 150 यूनिवर्सिटी से योग्य डिग्री लेने वाले ग्रेजुएट्स को मौका मिल सकता है। इसके साथ वीजा की कुल लिमिट भी उसी अनुपात में बढ़ाई जाएगी। हालांकि, किन यूनिवर्सिटी को शामिल किया जाएगा और कितने वीजा जारी होंगे, इसकी जानकारी अभी आनी बाकी है।
ग्रेजुएट वीजा: पढ़ाई के बाद कितने समय तक रह सकेंगे?
1 जनवरी 2027 से आवेदन करने वालों के लिए सामान्य ग्रेजुएट वीजा की अवधि घटकर 18 महीने होने वाली है। हालांकि, कुछ योग्य यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों को दो साल का वीजा मिल सकेगा। इसके लिए यूनिवर्सिटी को सरकारी नियमों का बेहतर पालन करना होगा और उसके छात्रों के रोजगार से जुड़े नतीजे अच्छे होने चाहिए। सरकार ने अभी इसकी पात्रता तय नहीं की है।
नौकरी छूटने पर मिल सकते हैं छह महीने
ब्रिटेन में स्पॉन्सर्ड वर्कर की नौकरी खत्म होने पर कुछ बेहद कुशल कर्मचारियों को नई नौकरी खोजने के लिए छह महीने तक का समय मिल सकता है। इस दौरान वे दूसरा स्पॉन्सर करने वाला नियोक्ता तलाश सकेंगे। सरकार इस प्रस्ताव पर 2027 के दौरान काम करेगी।
ग्लोबल टैलेंट वीजा और रिसर्च में भी नए मौके
2027 की बसंत ऋतु में ग्लोबल टैलेंट वीजा के एंडोर्स्ड फंडर पाथवे का विस्तार करने की योजना है। इसके अलावा यूके रिसर्च एंड इनोवेशन क्षेत्रीय संस्थाओं के साथ मिलकर रिसर्च और डेवलपमेंट से जुड़ी ऐसी कंपनियों की पहचान करेगा, जो विदेशी टैलेंट को स्पॉन्सर कर सकें।
इन बदलावों की जानकारी 28 अक्टूबर को पेश यूके बजट 2026 में दी गई थी। सरकार का मकसद ज्यादा कुशल विदेशी कर्मचारियों को आकर्षित करना और कम व मध्यम कौशल वाले लोगों के इमिग्रेशन पर सख्ती बनाए रखना है। सभी नियमों के लागू होने की अंतिम तारीख और पूरी गाइडलाइन अभी जारी नहीं हुई है।


