scorecardresearch

NCLT पर सरकार का कब्जा? सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा- मंत्रालय ने पूरा सिस्टम हाईजैक कर लिया!

सुप्रीम कोर्ट ने NCLT के कामकाज को लेकर कॉरपोरेट अफेयर्स मिनिस्ट्री पर गंभीर सवाल उठाए हैं. कोर्ट ने यहां तक कह दिया कि पूरा सिस्टम हाईजैक हो चुका है. कर्मचारियों की भर्ती से लेकर ट्रिब्यूनल की खराब हालत तक कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. आखिर कोर्ट इतना नाराज क्यों हुआ?

Advertisement

In Short

  • सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कॉरपोरेट अफेयर्स मिनिस्ट्री ने NCLT के कामकाज को पूरी तरह हाईजैक कर लिया है.
  • NCLT में कर्मचारियों की भर्ती प्राइवेट कंपनी से कराने पर कोर्ट ने नाराजगी जताई और नियुक्ति का अधिकार NCLT प्रेसिडेंट को देने की बात कही.
  • - दिल्ली में NCLT की दो मंजिलें बंद, ज्यूडिशियल और टेक्निकल मेंबर्स के 16 पद खाली, कोर्ट ने चार हफ्ते में पूरा प्लान मांगा.

देश में कंपनियों के विवाद और दिवालिया मामलों की सुनवाई करने वाले नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) के कामकाज को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर सवाल उठाए हैं. कोर्ट ने कॉरपोरेट अफेयर्स मिनिस्ट्री (MCA) की भूमिका, कर्मचारियों की भर्ती और ट्रिब्यूनल की आजादी पर नाराजगी जताई है. इसके साथ ही NCLT की खराब होती सुविधाओं और खाली पदों का मामला भी सामने आया है. आइए जानते हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने इन सभी मुद्दों पर क्या कहा और आगे क्या कदम उठाने को कहा है.

advertisement

मंत्रालय ने पूरा सिस्टम हाईजैक कर लिया!

Informist की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने कॉरपोरेट अफेयर्स मिनिस्ट्री को कड़ी फटकार लगाई. कोर्ट ने कहा कि दिवालिया मामलों की सुनवाई करने वाले ट्रिब्यूनल का कामकाज पूरी तरह हाईजैक हो चुका है. मंत्रालय हर चीज पर अपना कंट्रोल रखना चाहता है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

कर्मचारियों की भर्ती पर उठाए सवाल

सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि NCLT में कर्मचारियों की भर्ती का काम एक प्राइवेट कंपनी को सौंप दिया गया है. याचिकाकर्ता ने आशंका जताई कि इससे पहले से कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है. कोर्ट ने साफ कहा कि कर्मचारियों की नियुक्ति का पूरा अधिकार NCLT के प्रेसिडेंट के पास होना चाहिए, न कि मंत्रालय या प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर के पास.

कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को भी लगाई फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की नियुक्ति और कामकाज पर भी सवाल उठाए. कोर्ट ने उन्हें पिछले दरवाजे से भर्ती हुए कर्मचारी बताया. बेंच ने कहा कि प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर ज्यूडिशियल और टेक्निकल मेंबर्स की जरूरतों की परवाह नहीं करते. NCLT और NCLAT, दोनों के प्रेसिडेंट को पूरी प्रशासनिक आजादी मिलनी चाहिए.

भर्ती के लिए सुझाया नया रास्ता

चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच ने याचिका पर नोटिस जारी किया. कोर्ट ने कहा कि इस मामले को सिर्फ मौजूदा कर्मचारियों की नौकरी तक सीमित नहीं रखा जाएगा. शुरुआत में अनुभवी सरकारी अधिकारियों को डेपुटेशन पर लाया जा सकता है. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से नियमित भर्ती हो सकती है. UPSC या SSC के जरिए भर्ती कराने का विकल्प भी सुझाया गया.

NCLT की बिल्डिंग की हालत खराब

वकीलों की एसोसिएशन ने बताया कि दिल्ली स्थित NCLT की प्रिंसिपल बेंच की हालत बेहद खराब है. छतें गिर रही हैं और सातवीं व आठवीं मंजिल बंद हो चुकी हैं. अदालतें आधी क्षमता पर काम कर रही हैं. इसके अलावा ज्यूडिशियल और टेक्निकल मेंबर्स के 16 पद खाली हैं.

चार हफ्ते में मांगा पूरा प्लान

advertisement

सुप्रीम कोर्ट ने NCLT और NCLAT के प्रेसिडेंट को चार हफ्ते के भीतर कर्मचारियों, इंफ्रास्ट्रक्चर और दूसरी जरूरतों का पूरा प्रस्ताव देने को कहा है. कोर्ट ने अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी से केंद्र सरकार तक जरूरी सुविधाओं की मांग पहुंचाने को कहा. उन्होंने सरकार, NCLT प्रेसिडेंट और वकीलों की एसोसिएशन की संयुक्त बैठक का सुझाव दिया.

पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने जताई थी चिंता

अप्रैल में भी सुप्रीम कोर्ट ने कंपनियों के दिवालिया मामलों के समाधान में देरी पर खुद संज्ञान लिया था. कोर्ट ने कहा था कि इन समस्याओं को तुरंत दूर करना जरूरी है, वरना इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC), 2016 बनाने का मकसद ही अधूरा रह जाएगा.