scorecardresearch

2008 में डूब गई थी 90% दौलत, अब ₹16,000 करोड़ की नेटवर्थ! 'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की कहानी

फिल्म 'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने अपनी जिंदगी से जुड़ा चौंकाने वाला खुलासा किया है। कभी आर्थिक संकट में अपनी लगभग पूरी दौलत गंवाने वाले नमित आज हजारों करोड़ की फिल्म बना रहे हैं। आखिर कैसे उन्होंने मुश्किल दौर से निकलकर इतनी बड़ी कामयाबी हासिल की? जानिए उनकी कहानी।

Advertisement

In Short

  • 2008 के ग्लोबल फाइनेंशियल क्राइसिस में नमित मल्होत्रा ने अपनी 90% दौलत गंवा दी थी।
  • महज 19 साल की उम्र में मुंबई के गैरेज से शुरू किया बिजनेस, उनकी कंपनी DNEG ने जीते 8 ऑस्कर।
  • - ₹4,000 करोड़ की 'रामायण' बना रहे नमित मल्होत्रा के परिवार की नेटवर्थ अब करीब ₹16,000 करोड़।

फिल्म 'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा इन दिनों अपनी फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। रणबीर कपूर की इस फिल्म पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा। कभी उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था, तो आज वह दुनिया की बड़ी फिल्मों पर काम कर रहे हैं। लॉस एंजिल्स में फिल्म के खास कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी के कई उतार-चढ़ाव के बारे में बताया।

advertisement

2008 में गंवा दी थी 90% दौलत

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉस एंजिल्स के एकेडमी थिएटर में आयोजित 'रामायण' के स्पेशल प्रेजेंटेशन के दौरान 50 साल के नमित मल्होत्रा ने बताया कि 2008 के ग्लोबल फाइनेंशियल क्राइसिस में उनकी 90% दौलत खत्म हो गई थी। उन्होंने कहा कि 2007 में वह भारत से लॉस एंजिल्स आए थे। उनका सपना भारतीय और पश्चिमी फिल्म इंडस्ट्री को जोड़ने वाली कंपनी बनाना था। इतने बड़े नुकसान के बाद दोबारा खड़े होना उनके लिए बड़ी चुनौती थी।

मुंबई के गैरेज से शुरू किया बिजनेस

नमित मल्होत्रा ने महज 19 साल की उम्र में मुंबई के एक गैरेज से अपना बिजनेस शुरू किया था। उनके पास एक एप्पल कंप्यूटर था, जिसकी मदद से उन्होंने वीडियो एडिटिंग और कंप्यूटर ग्राफिक्स का काम शुरू किया। उन्होंने अपने तीन पुराने प्रोफेसरों को भी साथ जोड़ा। यही छोटा बिजनेस आगे चलकर प्राइम फोकस और फिर डीएनईजी (DNEG) जैसी बड़ी विजुअल इफेक्ट्स कंपनी बना।

कंपनी ने जीते 8 ऑस्कर अवॉर्ड

नमित की कंपनी डीएनईजी अब तक 8 एकेडमी अवॉर्ड जीत चुकी है। इनमें से 7 ऑस्कर पिछले 11 साल में विजुअल इफेक्ट्स के लिए मिले हैं। कंपनी ने क्रिस्टोफर नोलन और डेनिस विलेन्यूव जैसे बड़े फिल्ममेकर्स के साथ भी काम किया है।

'रामायण' पर लगा है ₹4,000 करोड़ का दांव

नमित मल्होत्रा अब डायरेक्टर नितेश तिवारी की दो हिस्सों में बनने वाली फिल्म 'रामायण' को प्रोड्यूस कर रहे हैं। इसका कुल बजट करीब ₹4,000 करोड़ बताया गया है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे हैं। कन्नड़ स्टार यश इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर बना रहे हैं।

लॉस एंजिल्स में बताया अपना 'ऑस्कर मोमेंट'

नमित ने लॉस एंजिल्स के कार्यक्रम को अपना 'ऑस्कर मोमेंट' बताया। उन्होंने कहा कि इतने संघर्ष के बाद दुनिया की सबसे बड़ी इंडिपेंडेंट फिल्म प्रोडक्शंस में से एक को पेश करना उनके लिए सपने जैसा है। फिल्म का मकसद भारतीय संस्कृति और कहानियों को दुनिया तक पहुंचाना है। इसमें हंस जिमर, टेरी नोटरी और रवि बंसल जैसे इंटरनेशनल टैलेंट भी जुड़े हैं। फिल्म की रिलीज 5 नवंबर को तय है।

अब ₹16,000 करोड़ की फैमिली नेटवर्थ

advertisement

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक, नमित मल्होत्रा के परिवार की कुल नेटवर्थ करीब ₹16,000 करोड़ आंकी गई है। कभी अपनी 90% दौलत गंवाने वाले नमित की यह वापसी उनके लंबे बिजनेस और फिल्मी सफर को दिखाती है।