
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी घूमने वालों की मौज! ₹426 करोड़ से बदलेगी तस्वीर, जानिए क्या-क्या होगा नया
गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी घूमने जाने वालों के लिए पीएम मोदी ने बड़ी सौगात दी है। अब यहां टूरिस्ट को कई नई और खास सुविधाएं मिलने वाली हैं। सरकार ने करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट शुरू किए हैं। जानिए यहां क्या-क्या बदलेगा और घूमने आने वालों को कौन से नए अनुभव मिलेंगे।

In Short
- पीएम मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए ₹426.71 करोड़ के 31 प्रोजेक्ट की सौगात दी।
- ₹307.83 करोड़ के 23 प्रोजेक्ट का उद्घाटन और ₹118.88 करोड़ के 8 नए प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी।
- ₹50 करोड़ का IRCTC होटल, ₹16 करोड़ का एकता क्रूज और ₹14.30 करोड़ का रेन फॉरेस्ट शामिल।
गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी घूमने जाने वाले टूरिस्ट के लिए कई नई सुविधाएं शुरू की गई हैं। अब यहां आने वाले लोगों को सिर्फ दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ही नहीं, बल्कि होटल, क्रूज, रेन फॉरेस्ट और कई दूसरे आकर्षण भी देखने को मिलेंगे। इसके साथ ही आने-जाने और ठहरने की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है। आइए जानते हैं कि यहां कितने प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं और टूरिस्ट को क्या-क्या नया मिलेगा।
₹426.71 करोड़ के 31 प्रोजेक्ट की सौगात
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर में ₹426.71 करोड़ के 31 टूरिज्म और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की सौगात दी है। यह ऐलान सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर किया गया।
पीएम मोदी ने ₹307.83 करोड़ के 23 तैयार प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इसके अलावा ₹118.88 करोड़ के आठ नए प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। इनका मकसद स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास टूरिस्ट के लिए सुविधाएं और कनेक्टिविटी बेहतर बनाना है।
₹50 करोड़ का होटल और ₹16 करोड़ का क्रूज
प्रधानमंत्री कार्यालय के हवाले से PTI ने बताया कि इन प्रोजेक्ट में ₹50 करोड़ की लागत से बना IRCTC होटल शामिल है। इससे एकता नगर आने वाले टूरिस्ट को ठहरने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
इसके अलावा ₹16 करोड़ की लागत से तैयार एकता क्रूज भी शुरू किया गया है। इसके जरिए टूरिस्ट नर्मदा नदी में क्रूज की सवारी करते हुए आसपास के खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकेंगे।
रेन फॉरेस्ट और इको ट्रेल भी बने आकर्षण
टूरिस्ट के लिए ₹14.30 करोड़ की लागत से रेन फॉरेस्ट तैयार किया गया है। इसके अलावा ₹3.67 करोड़ में इको ट्रेल विकसित किया गया है।

यहां ₹5.79 करोड़ की लागत वाला कैक्टस और बटरफ्लाई गार्डन भी प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इन नई सुविधाओं से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आने वाले लोगों को घूमने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
इलेक्ट्रिक बसों से लेकर बेहतर सड़कों तक सुविधा
टूरिस्ट की आवाजाही आसान बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसें, ट्रैवलेटर और बेहतर सड़कों की व्यवस्था भी प्रोजेक्ट में शामिल है।इसके अलावा नर्मदा घाट की सुविधाओं को अपग्रेड किया गया है। इमारतों की बाहरी लाइटिंग, कचरा प्रबंधन, पानी साफ करने और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पर भी ध्यान दिया गया है।
एकता नगर को बड़ा टूरिज्म हब बनाने की तैयारी
गुजरात के नर्मदा जिले में स्थित एकता नगर को पहले केवड़िया कहा जाता था। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी खुलने के बाद यह प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनकर उभरा है।पीएम मोदी ने प्रोजेक्ट लॉन्च करने से पहले स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को पुष्पांजलि भी अर्पित की।
सरकार को उम्मीद है कि इन सुविधाओं से टूरिस्ट यहां ज्यादा समय बिताएंगे। साथ ही होटल, ट्रांसपोर्ट, स्थानीय रोजगार और दूसरे कारोबार को भी फायदा मिल सकता है।


