कतर से भारत की LNG सप्लाई में 370% का उछाल, 7 महीने बाद बदले हालात! जानिए कैसे पहुंच रही गैस
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए LNG सप्लाई को लेकर राहत की खबर आई है। कतर से गैस की सप्लाई में करीब 370% का उछाल आया है। लेकिन समुद्री रास्तों पर खतरा बरकरार है। आखिर भारत तक कैसे पहुंच रही गैस और किन देशों ने बढ़ाई सप्लाई?

In Short
- अक्टूबर के पहले 25 दिनों में कतर से भारत का LNG इंपोर्ट करीब 370% बढ़कर 0.44 मिलियन टन पहुंचा।
- पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कतर LNG सप्लाई के लिए नए शिपिंग तरीके अपना रहा है।
- - अमेरिका 0.56 मिलियन टन LNG के साथ भारत का सबसे बड़ा सप्लायर बना, जबकि कतर दूसरे नंबर पर रहा।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए LNG यानी लिक्विफाइड नेचुरल गैस की सप्लाई को लेकर राहत की खबर आई है। कई महीनों तक सप्लाई प्रभावित रहने के बाद अब कतर से गैस की आवक बढ़ने लगी है। हालांकि, समुद्री रास्तों पर खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में सवाल है कि भारत तक गैस कैसे पहुंच रही है और किन देशों से कितनी सप्लाई मिल रही है?
अक्टूबर में कतर से कितनी LNG आई?
कमोडिटी मार्केट एनालिटिक्स कंपनी Kpler के शिप ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, 1 से 25 अक्टूबर के बीच भारत ने कतर से 0.44 मिलियन टन (mt) LNG मंगाई। यह पूरे सितंबर के मुकाबले करीब 370% ज्यादा है। सात महीने तक सप्लाई कमजोर रहने के बाद कतर अक्टूबर में भारत का दूसरा सबसे बड़ा LNG सप्लायर बन गया।
सात महीने तक क्यों प्रभावित रही सप्लाई?
कतर लंबे समय से भारत का सबसे बड़ा LNG सप्लायर रहा है। लेकिन फरवरी के आखिर में पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई। मार्च से सितंबर के बीच कतर से हर महीने औसतन सिर्फ 0.07 मिलियन टन LNG आई, जबकि 2025 में मासिक औसत 0.95 मिलियन टन था।
खतरे के बीच कैसे पहुंच रही गैस?
रिपोर्ट के मुताबिक, कतर अब सप्लाई जारी रखने के लिए नए शिपिंग तरीके अपना रहा है। कुछ टैंकर पहचान छिपाने के लिए अपने ट्रांसपोंडर बंद कर रहे हैं। इसे 'गोइंग डार्क' कहा जाता है। जहाज सुरक्षा के लिहाज से बेहतर समय मिलने पर आगे बढ़ रहे हैं।
इसके अलावा शिप-टू-शिप (STS) ट्रांसफर का भी इस्तेमाल हो रहा है। इसमें एक जहाज से दूसरे जहाज में LNG पहुंचाई जाती है। हालांकि, बेहद कम तापमान बनाए रखने और खास उपकरणों की जरूरत के कारण यह प्रक्रिया मुश्किल होती है।
अमेरिका बना सबसे बड़ा सप्लायर
अक्टूबर के पहले 25 दिनों में अमेरिका ने भारत को 0.56 मिलियन टन LNG भेजी, जो पूरे सितंबर से 61.4% ज्यादा है। इसके बाद कतर से 0.44 मिलियन टन, UAE से 0.38 मिलियन टन, ओमान से 0.30 मिलियन टन और नाइजीरिया से 0.28 मिलियन टन LNG आई।
भारत का कुल LNG इंपोर्ट कितना बढ़ा?
1 से 25 अक्टूबर के बीच भारत का कुल LNG इंपोर्ट 2.51 मिलियन टन रहा। यह सितंबर के पूरे महीने से 12.2% और पिछले साल की समान अवधि से 9.8% ज्यादा है।
Kpler की एनालिस्ट सोनल रंजन के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के बाद कतर से भारत को मिलने वाली LNG अक्टूबर में सबसे ऊंचे मासिक स्तर पर पहुंची है। सप्लाई लगातार सुधरने से दूसरे देशों से अतिरिक्त गैस खरीदने की जरूरत घट सकती है।
महंगी गैस के बावजूद क्यों बढ़ रही मांग?
भारत अपनी करीब आधी नेचुरल गैस जरूरत इंपोर्ट से पूरी करता है। संघर्ष से पहले लगभग 60% LNG होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते आती थी। अब भारत अमेरिका जैसे दूसरे सप्लायर से खरीद बढ़ा रहा है।
फर्टिलाइजर, बिजली, सिटी गैस और सिरेमिक इंडस्ट्री की मांग बनी हुई है। इसी वजह से ऊंची कीमतों के बावजूद मई से सितंबर के बीच LNG इंपोर्ट सालाना आधार पर 17.8% बढ़कर 11.87 मिलियन टन पहुंच गया। उत्तरी गोलार्ध में सर्दियां आने से पहले ग्लोबल डिमांड भी बढ़ रही है।

