
Bullet Train: भारत की पहली देसी बुलेट ट्रेन का इंतजार होगा खत्म! जानें कितनी होगी रफ्तार और कब शुरू होगा सफर
भारत की पहली देसी बुलेट ट्रेन B28 जल्द ही पटरी पर दौड़ती नजर आ सकती है। इसमें तेज रफ्तार के साथ यात्रियों के आराम और सुरक्षा का भी खास ध्यान रखा गया है। लेकिन यह ट्रेन कब शुरू होगी, इसमें कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी और सबसे पहले किस रूट पर चलेगी? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- भारत की पहली देसी बुलेट ट्रेन B28 की डिजाइन स्पीड 280 kmph होगी, जबकि ऑपरेशनल स्पीड 249 kmph होगी।
- 8 कोच वाली इस ट्रेन में 557 यात्रियों के बैठने की जगह होगी, साथ ही Wi-Fi और कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
- सूरत-वापी रूट पर मई-जून 2027 में ट्रायल और अगस्त 2027 में कमर्शियल सर्विस शुरू करने का लक्ष्य है।
भारत में बुलेट ट्रेन का सपना अब हकीकत बनने के करीब है। देश में ही तैयार हो रही पहली बुलेट ट्रेन B28 को लेकर नई जानकारी सामने आई है। इसमें यात्रियों की सुविधा से लेकर सुरक्षा और तेज रफ्तार तक कई बातों का ध्यान रखा गया है। आइए जानते हैं कि यह ट्रेन कहां बन रही है, इसमें क्या खास होगा और यात्री कब से इसमें सफर कर सकेंगे।
बेंगलुरु में बन रही पहली देसी बुलेट ट्रेन
भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन B28 को BEML की बेंगलुरु स्थित ADITYA फैक्ट्री में तैयार किया जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में यहां पहुंचकर काम की समीक्षा की। यह ट्रेन 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए बनाई जा रही है। रेलवे के मुताबिक, सबसे पहले 97 किलोमीटर लंबे सूरत-वापी सेक्शन पर सेवा शुरू करने की योजना है।
कितनी होगी रफ्तार और कितने यात्री बैठ सकेंगे?
B28 की डिजाइन और टेस्टिंग स्पीड 280 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जबकि इसे 249 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाने की योजना है। करीब 202 मीटर लंबी इस ट्रेन में 8 कोच होंगे। इनमें 4 मोटर कार और 4 ट्रेलर कार शामिल होंगी। ट्रेन में लगभग 557 यात्री सफर कर सकेंगे। दिव्यांग यात्रियों के लिए 2 खास जगह होंगी।
सीटों से लेकर Wi-Fi तक मिलेंगी ये सुविधाएं
ट्रेन में 7 स्टैंडर्ड क्लास कोच होंगे, जिनमें 3×2 सीटिंग व्यवस्था होगी। एक एग्जीक्यूटिव क्लास कोच में 2×2 सीटिंग मिलेगी। यात्रियों को आरामदायक सीटें, बड़ी खिड़कियां, LED लाइट, सामान रखने की जगह और चार्जिंग पॉइंट मिलेंगे।

इसके अलावा Wi-Fi आधारित इंफोटेनमेंट सिस्टम में पहले से लोड किया गया मनोरंजन कंटेंट मिलेगा। LCD स्क्रीन पर हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में जानकारी दिखाई जाएगी। ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट, बायो-डाइजेस्टर टॉयलेट और तापमान व नमी नियंत्रित करने वाला HVAC सिस्टम भी होगा। शोर कम करने के इंतजाम भी किए जाएंगे।
सुरक्षा और दिव्यांग यात्रियों का खास ध्यान
ट्रेन में व्हीलचेयर के अनुकूल दरवाजे, खास सीटें, टॉयलेट, ब्रेल साइनेज, लेवल बोर्डिंग और जरूरत के मुताबिक बाहर निकलने वाले फुटस्टेप होंगे। इमरजेंसी में स्टाफ से बात करने के लिए टॉक-बैक सिस्टम मिलेगा। दोनों सिरों पर ड्राइवर केबिन होंगे, जिनमें इंटेलिजेंट ऑन-बोर्ड कंट्रोल सिस्टम लगाया जाएगा।
बिजली कैसे बचेगी?
B28 ट्रेन 25 kV, 50 Hz सिंगल-फेज AC बिजली सिस्टम पर चलेगी। इसमें हेवी कंपाउंड कैटेनरी के जरिए बिजली मिलेगी। रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम ब्रेक लगाने के दौरान ऊर्जा वापस हासिल करेगा। ट्रेन की एयरोडायनामिक डिजाइन तेज रफ्तार में मदद करेगी।
कब शुरू होगा बुलेट ट्रेन का सफर?
B28 के 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत तक फैक्ट्री से बाहर आने की उम्मीद है। रेल मंत्री के मुताबिक, पहली ट्रेन अप्रैल-मई 2027 तक ट्रैक पर पहुंच सकती है। सूरत-वापी सेक्शन पर मई-जून 2027 में ट्रायल और अगस्त 2027 में कमर्शियल सर्विस शुरू करने का लक्ष्य है।
BEML शुरुआत में 8-8 कोच वाली दो ट्रेनें बना रही है, जिनके 2027 की पहली तिमाही में ट्रायल के लिए तैयार होने की उम्मीद है। रेलवे मंत्रालय ने मुंबई-अहमदाबाद और भविष्य के हाई-स्पीड रूट्स के लिए BEML को ₹5,400 करोड़ का ऑर्डर भी दिया है।

