Cyclone Arnab: दिल्ली-NCR में फिर होगी तेज बारिश! IMD का 2 दिन का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, ओले गिरने का भी खतरा
चक्रवात अर्नब कमजोर पड़ने के बावजूद देश के कई राज्यों में बारिश का खतरा बना हुआ है। दिल्ली-NCR में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। IMD ने तेज हवाओं, बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम और किन राज्यों में बढ़ेंगी मुश्किलें।

In Short
- दिल्ली-NCR, हरियाणा और चंडीगढ़ में 29-30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट, 70 KM प्रति घंटे तक चल सकती हैं तेज हवाएं।
- चक्रवात अर्नब कमजोर होकर डिप्रेशन में बदला, ओडिशा के पात्रपुर में रिकॉर्ड 546 MM बारिश दर्ज।
- - अंडमान सागर में नया लो प्रेशर सिस्टम सक्रिय, कई राज्यों में बाढ़ का खतरा और मछुआरों को 31 अक्टूबर तक चेतावनी।
चक्रवात अर्नब (Cyclone Arnab) कमजोर पड़ गया है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश से मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, दिल्ली-NCR में भी मौसम बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश, तेज हवाओं और ओले गिरने की चेतावनी दी है। आइए जानते हैं कि दिल्ली से लेकर दूसरे राज्यों तक मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
दिल्ली-NCR में दो दिन बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 29 और 30 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका है।
दिल्ली में 31 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में 29 अक्टूबर की सुबह मध्यम बारिश हुई। इसके बाद IMD ने येलो अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अक्टूबर को भी बादल छाए रह सकते हैं और बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 31 अक्टूबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। नवंबर की शुरुआत से मौसम साफ और सूखा रहने का अनुमान है।
कमजोर पड़ा चक्रवात अर्नब
चक्रवात अर्नब अब कमजोर होकर डिप्रेशन (Depression) में बदल गया है। 29 अक्टूबर सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा में था। यह जगदलपुर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम, रायपुर से 200 किलोमीटर दक्षिण और संबलपुर से 310 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। पिछले छह घंटों में यह 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की तरफ बढ़ा। शाम तक इसके और कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया बनने का अनुमान है।
ओडिशा में रिकॉर्डतोड़ बारिश
ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। गंजम जिले के पात्रपुर में सबसे ज्यादा 546 मिलीमीटर बारिश हुई। सोराडा में 503 मिलीमीटर, कंधमाल के जी उदयगिरि में 462 मिलीमीटर और गजपति के महेंद्रगढ़ में 458 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
वहीं, गंजम के सनाखेमुंडी में 388 मिलीमीटर और चिकिटी में 309 मिलीमीटर बारिश हुई।
आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में असर
29 अक्टूबर सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में उत्तरी आंध्र प्रदेश, पूर्वोत्तर तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले इलाकों में बारिश हुई। आंध्र प्रदेश के इच्छापुरम में 24 सेंटीमीटर और सोमपेटा में 22 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
अंडमान सागर में नया सिस्टम तैयार
दक्षिण अंडमान सागर में एक नया लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। अगले 24 घंटों में इसके मजबूत होने और उसके बाद अगले 24 घंटों में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन बनने की संभावना है।
बाढ़ का खतरा, मछुआरों को चेतावनी
IMD ने छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तटीय आंध्र प्रदेश के संवेदनशील इलाकों में अचानक बाढ़ और सड़क-रेल यातायात प्रभावित होने का खतरा जताया है। मछुआरों को 31 अक्टूबर तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों और अंडमान सागर में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

