scorecardresearch

एशिया में नंबर 1 पर बिहार म्यूजियम, आनंद महिंद्रा ने की जमकर तारीफ, नीतीश कुमार को भी दिया क्रेडिट

बिहार के पटना में बने बिहार म्यूजियम ने दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस उपलब्धि पर उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने जमकर तारीफ की है। उन्होंने इसे भारत के लिए एक बड़ा बदलाव बताया और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी जिक्र किया। जानिए आखिर क्यों खास है यह उपलब्धि।

Advertisement

In Short

  • पटना के बिहार म्यूजियम को दुनिया में 9वां और एशिया में पहला स्थान मिला है।
  • आनंद महिंद्रा ने इस उपलब्धि को 'गेम चेंजर' और 'न्यू गोल्ड स्टैंडर्ड' बताया।
  • - आनंद महिंद्रा ने बिहार म्यूजियम की सफलता का क्रेडिट पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार सरकार को दिया।

बिहार की राजधानी पटना में बना बिहार म्यूजियम एक बार फिर चर्चा में है। इस म्यूजियम को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान ने देश के बड़े उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा का ध्यान खींचा है। उन्होंने इस उपलब्धि को भारत के लिए खास बताया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि इससे देश के दूसरे म्यूजियम में भी बदलाव देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं कि बिहार म्यूजियम को कौन-सी उपलब्धि मिली है और आनंद महिंद्रा ने इसकी तारीफ में क्या कहा है।

advertisement

दुनिया में 9वें नंबर पर बिहार म्यूजियम

पटना के बिहार म्यूजियम को दुनिया के टॉप म्यूजियम की रैंकिंग में 9वां स्थान मिला है। वहीं, एशिया में इसे पहला स्थान हासिल हुआ है। इस उपलब्धि पर आनंद महिंद्रा ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खुशी जताई। उन्होंने लिखा कि यह पहचान मिलना एक ऐतिहासिक पल है। पटना के बिहार म्यूजियम का दुनिया में 9वें और एशिया में पहले नंबर पर आना वाकई हैरान करने वाला है।

आनंद महिंद्रा ने बताया गेम चेंजर

आनंद महिंद्रा का मानना है कि यह उपलब्धि भारत में म्यूजियम घूमने के अनुभव को पूरी तरह बदल सकती है। उन्होंने इसे 'गेम चेंजर' बताया। महिंद्रा के मुताबिक, बिहार म्यूजियम ने देश के मौजूदा और भविष्य में बनने वाले सभी म्यूजियम के लिए एक नया स्टैंडर्ड तय कर दिया है। उन्होंने इसे 'न्यू गोल्ड स्टैंडर्ड' कहा।

नीतीश कुमार को दिया क्रेडिट

आनंद महिंद्रा ने बिहार म्यूजियम की सफलता के पीछे की कहानी का भी जिक्र किया। उन्होंने इसका क्रेडिट बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया। महिंद्रा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की कल्पना और इसे आगे बढ़ाने में नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही। वहीं, बिहार सरकार और अधिकारियों की लगातार कोशिशों से यह प्रोजेक्ट हकीकत बन सका।

शानदार विजन और टीमवर्क की तारीफ

महिंद्रा ने बिहार म्यूजियम को बेहतरीन विजन, प्रशासन की मजबूत इच्छाशक्ति और वर्ल्ड क्लास क्रिएटिव टीमवर्क का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस म्यूजियम को तैयार करने में शामिल हर व्यक्ति तारीफ का हकदार है। उन्होंने सभी लोगों के लिए 'स्टैंडिंग ओवेशन' की बात कही।

आम लोगों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा

आनंद महिंद्रा के मुताबिक, इस पहचान का सबसे ज्यादा फायदा भारत के आम लोगों को होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय लोग लंबे समय से अपने देश में भी विदेशों जैसे शानदार म्यूजियम अनुभव के हकदार रहे हैं। अब बिहार म्यूजियम की सफलता दूसरे म्यूजियम को भी बेहतर बनने के लिए प्रेरित कर सकती है।

भारत में म्यूजियम कल्चर बदलने की उम्मीद

अपनी पोस्ट के आखिर में आनंद महिंद्रा ने उम्मीद जताई कि बिहार म्यूजियम की यह उपलब्धि भारत में म्यूजियम के एक नए दौर की शुरुआत बनेगी। उन्होंने इसे देश में 'म्यूजियम रेनैसां' यानी म्यूजियम के नए विकास और बदलाव की शुरुआत बनने की उम्मीद जताई।

advertisement