scorecardresearch

Akasa Air के पायलटों की सैलरी में 20% तक बढ़ोतरी! अब साल में मिलेंगी कम से कम 42 छुट्टियां, जानें नए नियम

अकासा एयर अपने पायलटों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। कंपनी सैलरी बढ़ाने के साथ छुट्टियों और काम करने के नियमों में भी बदलाव करने जा रही है। नए नियम जनवरी 2027 से लागू होंगे। आखिर पायलटों को कितनी सैलरी बढ़ोतरी मिलेगी और कौन-कौन से नए फायदे मिलेंगे? जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • अकासा एयर के पायलटों की सैलरी में 20% तक बढ़ोतरी होगी, नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।
  • पायलटों को साल में कम से कम 42 दिन की छुट्टी मिलेगी और हर महीने 50 घंटे की गारंटीड फ्लाइंग का फायदा मिलेगा।
  • कंपनी पायलटों को फ्लेक्सिबल वर्क पैटर्न, लॉयल्टी रिवॉर्ड्स और लॉन्ग टर्म इंसेंटिव प्लान का फायदा भी देगी।

Akasa Air Pilot Salary Hike: अकासा एयर अपने पायलटों की सैलरी और छुट्टियों से जुड़े नियमों में बदलाव करने जा रही है। एयरलाइन का मकसद पायलटों को बेहतर सुविधाएं देना और उनके काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाना है। कंपनी अपने विमानों की संख्या बढ़ाने के साथ नए रूट्स पर भी उड़ानें शुरू कर रही है। ऐसे में जानते हैं कि पायलटों की सैलरी, छुट्टियों और काम करने के तरीकों में क्या-क्या बदलाव होने वाले हैं।

advertisement

1 जनवरी 2027 से बढ़ेगी पायलटों की सैलरी

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, अकासा एयर अपने पायलटों की सैलरी में 20 फीसदी तक बढ़ोतरी करने जा रही है। नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। सूत्रों के मुताबिक, पायलटों की फिक्स्ड सैलरी के साथ हर घंटे की उड़ान के लिए मिलने वाला पेमेंट भी बढ़ाया जाएगा। फिलहाल अकासा एयर के पास 45 बोइंग 737 मैक्स विमान हैं और कंपनी में 800 से ज्यादा पायलट काम कर रहे हैं।

हर महीने 50 घंटे की गारंटीड फ्लाइंग

अकासा एयर पायलटों के लिए हर महीने के मिनिमम प्रोटेक्टेड फ्लाइंग आवर्स को बढ़ाकर 50 घंटे करेगी। यह नियम स्टैंडर्ड वर्क पैटर्न पर लागू होगा। इसका मतलब है कि पायलटों को हर महीने कम से कम 50 घंटे की उड़ान के हिसाब से गारंटीड पेमेंट मिलेगा। इसके अलावा कंपनी पायलटों को काम करने के अलग-अलग पैटर्न चुनने का विकल्प भी देगी।

साल में कम से कम 42 दिन की छुट्टी

पायलटों के लिए एक और राहत की खबर है। अकासा एयर ने सालाना छुट्टियों की न्यूनतम संख्या बढ़ाकर 42 दिन करने का फैसला किया है। यानी पायलटों को साल में कम से कम 42 दिन की छुट्टी मिलेगी। हालांकि, यह संख्या उनके चुने गए फ्लेक्सिबल वर्क पैटर्न के आधार पर और बढ़ सकती है।

काम करने के लिए मिलेंगे नए विकल्प

कंपनी पायलटों को '25/9' और '6-2-6-3' जैसे वर्क पैटर्न चुनने का विकल्प देगी। '25/9' पैटर्न में 25 दिन काम और 9 दिन की गारंटीड छुट्टी होगी। वहीं, सूत्रों ने दूसरे पैटर्न को '6-2-6-3-6' बताया है, जिसमें पहले 6 दिन काम और 2 दिन छुट्टी, फिर 6 दिन काम और 3 दिन छुट्टी का शेड्यूल शामिल है। इन विकल्पों का मकसद पायलटों को अपने काम और आराम के समय को बेहतर तरीके से मैनेज करने की सुविधा देना है।

सैलरी के अलावा मिलेंगे दूसरे फायदे

सैलरी बढ़ने के साथ पायलटों को लॉयल्टी रिवॉर्ड्स का फायदा भी मिलेगा। इसके अलावा वे कंपनी के पहले से घोषित लॉन्ग टर्म इंसेंटिव प्लान (LTIP) के लिए भी योग्य होंगे। ये फायदे बढ़ी हुई सैलरी के अलावा मिलेंगे। बुधवार को कंपनी के डायरेक्टर ऑफ फ्लाइट ऑपरेशंस कैप्टन संकेत लिमये ने एक इंटरनल मीटिंग में पायलटों को इन बदलावों की जानकारी दी। हालांकि, अकासा एयर की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

advertisement

पायलटों की थकान को लेकर भी चल रही चर्चा

एयरलाइन का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब एविएशन सेक्टर में फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशंस (FDTL) को लेकर चर्चा जारी है। FDTL ऐसे नियम हैं, जो पायलटों के काम करने और आराम करने के समय से जुड़े होते हैं। पायलटों की थकान को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच कंपनी के नए नियमों का मकसद बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस देना है।

कोच्चि और कोलकाता में नए बेस बनाने की तैयारी

अकासा एयर अपने नेटवर्क को बढ़ाने के लिए कोच्चि और कोलकाता में पायलटों के नए बेस बनाने की योजना पर भी काम कर रही है। फिलहाल कंपनी के मुख्य बेस बेंगलुरु और मुंबई में हैं। एयरलाइन अपने बेड़े में और विमान जोड़ने के साथ नए रूट्स शुरू करने की तैयारी कर रही है। अकासा एयर ने अगस्त 2022 में अपनी कमर्शियल उड़ानें शुरू की थीं।