
पुराने फोन क्यों खरीद रहे हैं लोग? नए की जगह पुराने प्रीमियम मोबाइल की बढ़ी डिमांड।
भारत में महंगे स्मार्टफोन खरीदने का ट्रेंड तेजी से बदल रहा है। फेस्टिव सीजन में नए फोन की बढ़ती कीमतों के बीच ग्राहक अब दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं। खासकर iPhone और प्रीमियम स्मार्टफोन को लेकर दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। जानिए ग्राहक किस तरीके से पैसे बचाकर महंगे फोन खरीद रहे हैं।

In Short
- ₹50,000 से महंगे Refurbished Phones के ट्रेड-इन में चार गुने से ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज हुई।
- नए स्मार्टफोन के मुकाबले Refurbished iPhone करीब 25% और Android फोन लगभग 31% सस्ते मिल रहे हैं।
- छोटे शहरों में Refurbished Phones की बिक्री 49% बढ़ी, जबकि छह बड़े महानगरों में 39% की बढ़ोतरी हुई।
भारत में महंगे स्मार्टफोन खरीदने का तरीका तेजी से बदल रहा है। फेस्टिव सीजन में नए फोन की बढ़ती कीमतों के बीच लोग अब Refurbished यानी पुराने लेकिन दोबारा तैयार किए गए स्मार्टफोन खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। खासकर 50,000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले Refurbished Phones की मांग बढ़ी है। कैशिफाई की फेस्टिव सीजन रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्राइस रेंज में फोन एक्सचेंज करने के मामलों में चार गुने से ज्यादा उछाल आया है, जबकि Refurbished Phones की बिक्री दोगुने से ज्यादा बढ़ी है।
नए स्मार्टफोन की बिक्री पर दबाव
भारत में नए स्मार्टफोन की बिक्री दबाव में है। Omdia की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही में स्मार्टफोन शिपमेंट सालाना आधार पर 26% गिर गया। वहीं, Counterpoint Research का अनुमान है कि फेस्टिव सीजन में स्मार्टफोन की बिक्री वॉल्यूम के लिहाज से 12% घट सकती है।
ऐसे में ग्राहक कम कीमत पर प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने के लिए Refurbished Phones का विकल्प चुन रहे हैं।
नए फोन के मुकाबले कितने सस्ते?
कैशिफाई के मुताबिक, Superb Grade के Refurbished Phones नए फोन के मुकाबले करीब 26% सस्ते मिल रहे हैं। वहीं, Best Value Grade वाले फोन की कीमत लगभग 36% कम है।
Refurbished iPhone करीब 25% और Android स्मार्टफोन लगभग 31% सस्ते मिल रहे हैं।
कैशिफाई के को-फाउंडर और CMO नकुल कुमार के मुताबिक, ग्राहक आज भी प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं, लेकिन अब उन्हें खरीदने के तरीके बदल रहे हैं। पुराने फोन की वैल्यू का इस्तेमाल नया फोन खरीदने में किया जा सकता है।

फोन एक्सचेंज करने वालों की संख्या बढ़ी
कैशिफाई के आंकड़ों के मुताबिक, फेस्टिव सीजन में फोन एक्सचेंज का वॉल्यूम 25% बढ़ा, जबकि एक्सचेंज किए गए फोन की कुल वैल्यू में 40% की बढ़ोतरी हुई। औसतन एक फोन की ट्रेड-इन वैल्यू 15,105 रुपये रही।
मोटोरोला के अपग्रेड और ट्रेड-इन मामलों में 79% और गूगल में 74% की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, कुल एक्सचेंज वॉल्यूम में सैमसंग सबसे आगे रहा।
iPhone 13 से नए मॉडल की तरफ बढ़ा रुझान
iPhone 13 अब भी कैशिफाई पर सबसे ज्यादा एक्सचेंज होने वाला iPhone है। कुल iPhone ट्रेड-इन में इसकी हिस्सेदारी 23% है।
हालांकि, अब iPhone 14, 15 और 16 के एक्सचेंज में तेजी आ रही है। Refurbished Phones की बिक्री में भी ग्राहकों का रुझान iPhone 15, 16 और 17 की तरफ बढ़ रहा है।
50,000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले Refurbished iPhones की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है।
छोटे शहरों में ज्यादा तेजी
Refurbished Phones की मांग सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। कैशिफाई के मुताबिक, Tier-3 और छोटे शहरों में बिक्री 49% बढ़ी, जबकि छह बड़े महानगरों में 39% की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
दिल्ली और बेंगलुरु की कुल Refurbished बिक्री में 30% हिस्सेदारी है। वहीं, तिरुवनंतपुरम, नासिक और राजकोट जैसे शहरों में बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है।
ये आंकड़े बताते हैं कि महंगे स्मार्टफोन खरीदने के लिए ग्राहक अब नए फोन के साथ Refurbished और एक्सचेंज ऑफर्स को भी अहम विकल्प मान रहे हैं।

