scorecardresearch

AI से 10 साल में खत्म हो सकती है इंसानों की दुनिया? Google के पूर्व इंजीनियर ने बंद की रिटायरमेंट की बचत, जानें वजह

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर Google के पूर्व इंजीनियर नेट सोरेस ने ऐसी चेतावनी दी है, जिसने सबको चौंका दिया है। AI के भविष्य को लेकर उनका डर इतना बढ़ गया कि उन्होंने रिटायरमेंट के लिए पैसे बचाना तक बंद कर दिया। आखिर उन्हें किस खतरे का डर है?

Advertisement

In Short

  • Google के पूर्व इंजीनियर नेट सोरेस ने अगले 10 साल में AI से इंसानों के खत्म होने की आशंका 50% से ज्यादा बताई।
  • AI के खतरे को गंभीर मानते हुए नेट सोरेस ने करीब 10 साल से अपने रिटायरमेंट अकाउंट में पैसे जमा नहीं किए।
  • - सोरेस ने चेतावनी दी कि सुपरइंटेलिजेंट AI इंसानों के कंट्रोल से बाहर जाकर उनके अस्तित्व के लिए खतरा बन सकता है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तेजी से हमारी जिंदगी का हिस्सा बन रहा है। बड़ी टेक कंपनियां इसे और ज्यादा ताकतवर बनाने के लिए अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं। लेकिन इसी टेक्नोलॉजी को लेकर कुछ एक्सपर्ट्स गंभीर खतरे की चेतावनी दे रहे हैं। उनका मानना है कि भविष्य में AI इंसानों के कंट्रोल से बाहर जा सकता है। ऐसे ही एक एक्सपर्ट ने AI के डर से अपनी रिटायरमेंट की प्लानिंग तक बदल दी है। आखिर उन्होंने ऐसा फैसला क्यों लिया और AI को लेकर उनकी चिंता कितनी बड़ी है?

advertisement

10 साल में इंसान खत्म होने की 50% से ज्यादा आशंका

Google के पूर्व इंजीनियर और AI सेफ्टी रिसर्चर नेट सोरेस (Nate Soares) ने दावा किया है कि अगले 10 साल में AI की वजह से इंसानों के खत्म होने की आशंका 50% से ज्यादा है। मशीन इंटेलिजेंस रिसर्च इंस्टीट्यूट (MIRI) के प्रेसिडेंट सोरेस ने पॉडकास्ट The Most Interesting Thing in AI में यह बात कही। उनके मुताबिक, अगर ताकतवर AI सिस्टम बिना जरूरी सुरक्षा उपायों के बनाए गए, तो इंसानों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। हालांकि, यह उनका निजी अनुमान है, कोई साबित वैज्ञानिक भविष्यवाणी नहीं।

रिटायरमेंट के लिए पैसे बचाना किया बंद

सोरेस AI के खतरे को इतना गंभीर मानते हैं कि उन्होंने अपनी रिटायरमेंट सेविंग्स में पैसे डालना बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि Google में नौकरी के दौरान उनका 401(k) रिटायरमेंट अकाउंट था, लेकिन करीब 10 साल से उन्होंने उसमें कोई पैसा जमा नहीं किया। उनका यह फैसला दिखाता है कि वह AI से जुड़े खतरे को लेकर कितने चिंतित हैं।

2014 में छोड़ दी थी Google की नौकरी

नेट सोरेस ने साल 2014 में Google छोड़कर बर्कले स्थित नॉन-प्रॉफिट संस्था MIRI जॉइन की थी। यह संस्था AI अलाइनमेंट (AI Alignment) पर काम करती है। आसान भाषा में इसका मतलब ऐसे AI सिस्टम तैयार करना है, जो इंसानों की जरूरतों और निर्देशों के मुताबिक काम करें और उनके लिए खतरा न बनें।

किस तरह इंसानों के लिए खतरा बन सकता है AI?

सोरेस की चिंता आज के चैटबॉट या तस्वीर बनाने वाले AI टूल्स को लेकर नहीं है। वह सुपरइंटेलिजेंट AI से डरते हैं, जो लगभग हर सोचने-समझने वाले काम में इंसानों से ज्यादा काबिल हो सकता है। उनके मुताबिक, ऐसे सिस्टम अपने अलग लक्ष्य बना सकते हैं, जो इंसानों के हितों के खिलाफ हों। इससे ऐसे गंभीर नुकसान हो सकते हैं, जिन्हें बाद में रोकना मुश्किल होगा।

AI की बढ़ती रेस पर भी उठाए सवाल

दुनियाभर की टेक कंपनियां ज्यादा एडवांस AI बनाने के लिए अरबों डॉलर निवेश कर रही हैं। सोरेस का मानना है कि कंपनियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा ऐसे AI सिस्टम तैयार करने का खतरा बढ़ा रही है, जिनके फैसलों और व्यवहार को पूरी तरह समझना या कंट्रोल करना मुश्किल हो सकता है।

advertisement

किताब में भी दे चुके हैं चेतावनी

सोरेस ने MIRI के को-फाउंडर एलिजर युडकोव्स्की (Eliezer Yudkowsky) के साथ 2025 में If Anyone Builds It, Everyone Dies नाम की किताब लिखी थी। इसमें उन्होंने चेतावनी दी थी कि सुपरइंटेलिजेंट AI के गलत लक्ष्य इंसानों के अस्तित्व के लिए खतरा बन सकते हैं।

हालांकि, कई दूसरे AI रिसर्चर इस अनुमान से सहमत नहीं हैं। उनका मानना है कि ऐसे खतरे की भविष्यवाणी अभी अटकलों पर आधारित है। वहीं, सोरेस के समर्थकों का कहना है कि खतरा कितना भी अनिश्चित क्यों न हो, उससे बचने के लिए अभी से सुरक्षा उपाय करना जरूरी है।