Vedanta Aluminium के शेयर में 3% की गिरावट! शानदार तिमाही नतीजों के बावजूद ब्रोकरेज ने घटाए टारगेट, आगे क्या?
वेदांता एल्युमीनियम के शेयर में गुरुवार को करीब 3 फीसदी की गिरावट आई, जबकि कंपनी ने सितंबर तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए। मुनाफे में जोरदार बढ़ोतरी के बावजूद कई ब्रोकरेज ने शेयर के टारगेट प्राइस घटा दिए हैं।

वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड (VAML) के शेयर में गुरुवार को करीब 3 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। कंपनी के सितंबर तिमाही के शानदार नतीजों के बावजूद कई ब्रोकरेज कंपनियों ने शेयर के टारगेट प्राइस घटा दिए हैं। हालांकि, ज्यादातर ब्रोकरेज ने शेयर पर अपनी 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है। एनालिस्ट्स का मानना है कि एल्युमीनियम की कीमतों में नरमी के बावजूद मजबूत बिक्री और उत्पादन ने कंपनी की कमाई को सहारा दिया है।
मुनाफे में 118% की जबरदस्त बढ़ोतरी
सितंबर तिमाही में VAML का एडजस्टेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 118 फीसदी बढ़कर 5,167 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, कंपनी का रेवेन्यू 41 फीसदी बढ़कर 22,066 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी का EBITDA भी 83 फीसदी बढ़कर 10,192 करोड़ रुपये पहुंच गया। EBITDA मार्जिन 46 फीसदी रहा। यह लगातार दूसरी तिमाही है, जब कंपनी का EBITDA 10,000 करोड़ रुपये से ऊपर रहा है।
शेयर में 55% तक तेजी की उम्मीद?
नतीजों के बाद Investec और Emkay Global ने शेयर के लिए सबसे ज्यादा 550 रुपये का टारगेट दिया है। यह शेयर में करीब 55 फीसदी तेजी की संभावना दिखाता है।
वहीं, Ambit Capital का 365 रुपये का टारगेट सबसे कम है। इसके बावजूद यह मौजूदा स्तर से करीब 5 फीसदी संभावित बढ़त का संकेत देता है।
Motilal Oswal Financial Services (MOFSL) ने शेयर पर 'Buy' रेटिंग के साथ 480 रुपये का टारगेट रखा है। ब्रोकरेज के मुताबिक, उत्पादन बढ़ने, लागत घटने और ज्यादा वैल्यू वाले प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी बढ़ने से कंपनी की कमाई को फायदा हो सकता है।
ब्रोकरेज ने क्यों घटाए टारगेट?
ICICI Securities ने शेयर का टारगेट 520 रुपये से घटाकर 490 रुपये कर दिया है, लेकिन 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है।
JM Financial ने भी एल्युमीनियम की कम कीमतों को देखते हुए FY27 से FY29 के मुनाफे के अनुमान में 3.5 से 9 फीसदी की कटौती की है। ब्रोकरेज ने टारगेट 560 रुपये से घटाकर 500 रुपये किया है।
लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने की तैयारी
कंपनी को FY27 के अंत तक प्रति टन उत्पादन लागत में 100 डॉलर की कमी की उम्मीद है। इसके बाद अगली एक-दो तिमाहियों में 100 डॉलर की अतिरिक्त बचत का लक्ष्य है।
VAML वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में सिजिमाली बॉक्साइट खदान और कुरोलोई कोयला खदान शुरू करने की योजना बना रही है। इससे महंगे आयातित कच्चे माल पर निर्भरता घटेगी।
Nuvama के मुताबिक, इन प्रोजेक्ट से FY28 में पूरी क्षमता पर एल्युमीनियम उत्पादन लागत प्रति टन 150 डॉलर तक कम हो सकती है। कंपनी एल्युमीनियम और एल्युमिना उत्पादन क्षमता बढ़ाने की भी तैयारी कर रही है।

