Stock Market: अगले 2-3 साल में Nifty से 50% तक रिटर्न? रामदेव अग्रवाल ने बताया कहां है मौका
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच दिग्गज निवेशक रामदेव अग्रवाल ने बाजार की आगे की चाल को लेकर बड़ा अनुमान जताया है। उनका मानना है कि बाजार में गिरावट की गुंजाइश अब सीमित है और कंपनियों की कमाई में तेज सुधार देखने को मिल सकता है।

शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज (Motilal Oswal Financial Services) के चेयरमैन और को-फाउंडर रामदेव अग्रवाल ने निवेशकों के लिए बड़ी बात कही है। उनका मानना है कि बाजार अब निचले स्तर के करीब पहुंच रहा है और यहां से गिरावट की गुंजाइश सीमित दिखाई देती है। उन्होंने अगले एक साल में कंपनियों की कमाई में जबरदस्त बढ़ोतरी की उम्मीद जताई है। अगर यह तेजी बनी रहती है तो अगले 2-3 साल में निफ्टी 40-50% तक का रिटर्न दे सकता है।
बिजनेस टुडे के ग्रुप एडिटर सिद्धार्थ जराबी के साथ खास बातचीत में रामदेव अग्रवाल ने कहा कि बाजार को संभलने में थोड़ा और समय लग सकता है, लेकिन कंपनियों की कमाई में संभावित तेजी का असर अभी शेयरों की कीमतों में पूरी तरह नहीं दिखा है।
बाजार में कितनी गिरावट की गुंजाइश?
MOFSL के रामदेव अग्रवाल के मुताबिक, बाजार में यहां से 5-7% की और गिरावट संभव है। कुछ परिस्थितियों में यह गिरावट 10% तक भी पहुंच सकती है। हालांकि, उनके अनुसार संभावित रिटर्न के मुकाबले जोखिम काफी कम है।
उन्होंने Business Today TV से कहा कि बाजार में जोखिम हमेशा रहेगा। किसी भी स्तर पर शेयर बाजार को पूरी तरह जोखिम मुक्त बताना गलत होगा। लेकिन फिलहाल निवेशकों के लिए जोखिम और संभावित रिटर्न का अनुपात काफी अनुकूल नजर आ रहा है।
निफ्टी की कमाई के अनुमान बढ़ाए
सितंबर तिमाही में कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजों के बाद मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने निफ्टी के लिए कमाई के अनुमान बढ़ाए हैं।
ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए निफ्टी का अर्निंग प्रति शेयर (EPS) अनुमान 1.1% बढ़ाकर 1,247 रुपये कर दिया है। वहीं, वित्त वर्ष 2027-28 के लिए अनुमान 1.6% बढ़ाकर 1,428 रुपये किया गया है, जो पहले 1,406 रुपये था।
रुपये और AI को लेकर क्या चिंता?
अग्रवाल ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता अभी बनी हुई है, लेकिन कई चीजें धीरे-धीरे बेहतर हो रही हैं। उनके मुताबिक, तेल की पर्याप्त सप्लाई और कमजोर मांग के कारण आगे चलकर कीमतों में कमी आ सकती है।
हालांकि, AI से जुड़ा वैश्विक कारोबार लंबी अवधि की चुनौती है। उन्होंने कहा कि भारतीय IT सेक्टर पर AI का जो नकारात्मक असर दिख रहा था, उसमें भी बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
उन्होंने रुपये की कमजोरी को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, फ्यूचर्स मार्केट में 200-250 अरब डॉलर की शॉर्ट पोजिशन मौजूद हैं। रुपये में मजबूती और स्थिरता आने पर विदेशी निवेशकों का भरोसा लौट सकता है।
निवेशकों के लिए क्यों अहम है अगला एक साल?
अपने 40 साल के बाजार अनुभव का हवाला देते हुए अग्रवाल ने कहा कि कंपनियों की कमाई बढ़ने के दौर में शेयर बाजार का प्रदर्शन भी मजबूत रहता है।
उनके मुताबिक, बेस इफेक्ट के कारण अगले चार क्वार्टर तक कमाई में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। उन्होंने इस संवत से अगले संवत तक शानदार अर्निंग ग्रोथ की उम्मीद जताई।
अग्रवाल का मानना है कि असाधारण रिटर्न पाने के लिए निवेशकों को कंपनियों की कमाई बढ़ने से पहले उचित कीमत पर निवेश करना होता है। जब तक कमाई में पूरी तेजी सामने आती है, तब तक शेयर बाजार उसका असर कीमतों में दिखा चुका होता है।

