इस डिफेंस कंपनी ने अधिग्रहण पर दिया फ्रेश अपडेट! ओपन ऑफर में मिला शानदार रिस्पॉन्स, रडार पर शेयर
शेयर बाजार में तेजी के बीच डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर की कंपनी के शेयर निवेशकों के फोकस में हैं। कंपनी ने दूसरी डिफेंस कंपनी के अधिग्रहण से जुड़ी ओपन ऑफर प्रक्रिया पर अहम अपडेट दिया है।

Stock in Focus: सोमवार को शेयर बाजार में शानदार तेजी के बीच डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर की कंपनी, अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड (Apollo Micro Systems Ltd) के शेयर निवेशकों के रडार पर है।
कंपनी ने आज बाजार खुलने के पहले अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में निवेशकों को प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स लिमिटेड (Premier Explosives) के अधिग्रहण से जुड़ी ओपन ऑफर प्रक्रिया को लेकर अपडेट दिया की कंपनी ने 9 जुलाई 2026 को हुए शेयर खरीद समझौते के तहत यह अधिग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके तहत अपोलो माइक्रो सिस्टम्स ने प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स के सार्वजनिक शेयरधारकों से कंपनी के 1,39,77,600 इक्विटी शेयर खरीदने के लिए ओपन ऑफर पेश किया था। ये शेयर कंपनी की कुल इक्विटी का 26% हैं।
यह ओपन ऑफर 12 अक्टूबर 2026 को खुला था और 26 अक्टूबर 2026 को बंद हुआ। कंपनी के मुताबिक, ओपन ऑफर को निर्धारित शेयरों की संख्या से 1.41% अधिक आवेदन मिले, यानी यह ओवरसब्सक्राइब हुआ।
Apollo Micro Systems Share Price
कंपनी का शेयर सुबह 10:13 बजे तक बीएसई पर 0.25% या 1 रुपये चढ़कर 399.85 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 0.19% या 0.75 रुपये चढ़कर 399.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी ने हाल ही में पेश किए थे नतीजें
कंपनी ने हाल ही में बताया था कि उसने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2FY27) में स्टैंडअलोन आधार पर अब तक का सबसे शानदार सितंबर तिमाही प्रदर्शन किया है।
इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू पिछली तिमाही के 156 करोड़ रुपये से 97% बढ़कर 306 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, EBITDA में 122% की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 48 करोड़ रुपये से बढ़कर 108 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का टैक्स के बाद मुनाफा (PAT) भी 72% बढ़कर 48 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछली तिमाही में 29 करोड़ रुपये था। यानी तिमाही आधार पर कंपनी की आय और मुनाफे दोनों में जोरदार उछाल देखने को मिला है।
H1FY27 नंबर्स भी शानदार
कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही (H1FY27) में भी शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया है। इस दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 78% बढ़कर 639 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, EBITDA (अन्य आय को छोड़कर) 65% बढ़कर 165 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का टैक्स के बाद मुनाफा (PAT) भी 50% बढ़कर 71 करोड़ रुपये पहुंच गया।
दूसरी तिमाही (Q2FY27) की बात करें तो कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल के 225 करोड़ रुपये से 72% बढ़कर 388 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA 59 करोड़ रुपये से 88% बढ़कर 111 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, शुद्ध मुनाफा 30 करोड़ रुपये से 54% बढ़कर 46 करोड़ रुपये हो गया। यानी कंपनी की कमाई और मुनाफे दोनों में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है।


