KYC Fraud: कार्ड ब्लॉक करने के बाद भी खाते से उड़ गए ₹35,010, अब SBI को देने होंगे ₹50,010, जानें पूरा मामला
KYC अपडेट के नाम पर एक वकील के बैंक खाते से ₹35,010 निकल गए। हैरानी की बात यह है कि कार्ड और UPI ब्लॉक कराने के बावजूद ट्रांजैक्शन हुआ। मामला कंज्यूमर कमीशन पहुंचा, जहां SBI की दलील खारिज हो गई। जानिए बैंक की कौन सी गलती उस पर भारी पड़ी।

In Short
- KYC अपडेट के नाम पर फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर वकील के SBI खाते से ₹35,010 की ठगी हुई।
- डेबिट कार्ड और UPI ब्लॉक कराने के बावजूद ₹35,000 का ट्रांजैक्शन हुआ, ग्राहक ने OTP भी शेयर नहीं किया था।
- - कंज्यूमर कमीशन ने SBI को ₹35,010 रिफंड और ₹15,000 मुआवजे समेत कुल ₹50,010 देने का आदेश दिया।
ऑनलाइन बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ KYC अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ रहे हैं। कई बार लोग अनजान लिंक या ऐप के जरिए ठगी का शिकार हो जाते हैं। ऐसे मामलों में सबसे बड़ा सवाल होता है कि ग्राहक के पैसे वापस करने की जिम्मेदारी किसकी है। दिल्ली के एक वकील के साथ हुई धोखाधड़ी पर कंज्यूमर कमीशन ने अहम फैसला सुनाया है। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या था, बैंक ने क्या दलील दी और कमीशन ने क्या फैसला सुनाया।
KYC अपडेट के नाम पर कैसे हुई ठगी?
दिल्ली के एक वकील का SBI की तीस हजारी कोर्ट ब्रांच में सेविंग अकाउंट था। 8 सितंबर 2021 को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि उनकी KYC एक्सपायर हो गई है। इसके बाद उसी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उन्हें Play Store से एक ऐप डाउनलोड करने और KYC अपडेट करने के लिए ₹10 देने को कहा।
ऐप डाउनलोड करते ही खाते से कटे पैसे
वकील ने ऐप डाउनलोड किया और ₹10 का पेमेंट कर दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर ₹35,000 के ट्रांजैक्शन का OTP आया। उन्होंने न तो यह पेमेंट किया था और न ही किसी को OTP बताया था। शक होने पर उन्होंने तुरंत ऐप अनइंस्टॉल किया, इंटरनेट बंद किया और SBI की हेल्पलाइन पर संपर्क किया।
कार्ड और UPI ब्लॉक करने के बाद भी ट्रांजैक्शन
वकील को पता चला कि उनके अकाउंट से ₹10 और ₹35,000 कट गए हैं। उन्होंने तुरंत बैंक से पेमेंट रोकने को कहा और डेबिट कार्ड व UPI सर्विस ब्लॉक करा दी। इसके बावजूद 8 सितंबर 2021 को शाम 7:40 बजे ₹35,000 का ट्रांजैक्शन दर्ज हुआ। बैंक ने पहले रिफंड का भरोसा दिया, लेकिन जनवरी 2022 में क्लेम खारिज कर दिया।
SBI ने क्या दी दलील?
SBI का कहना था कि दोनों ट्रांजैक्शन रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए OTP से ऑथेंटिकेट हुए थे। बैंक ने यह भी कहा कि ग्राहक ने खुद थर्ड पार्टी ऐप डाउनलोड किया था। इसके बाद वकील ने पैसे वापस पाने और मुआवजे के लिए कंज्यूमर कमीशन का दरवाजा खटखटाया।
कंज्यूमर कमीशन ने क्या कहा?
14 अक्टूबर को मामले की सुनवाई में कमीशन ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद ट्रांजैक्शन रोकना बैंक की जिम्मेदारी थी। ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि ग्राहक ने OTP या बैंकिंग डिटेल्स शेयर की थीं। सिर्फ फर्जी ऐप डाउनलोड करना ग्राहक की लापरवाही साबित नहीं करता। SBI ने शिकायत का समाधान तय 90 दिनों में भी नहीं किया।
SBI को कितने पैसे देने होंगे?
कमीशन की प्रेसिडेंट दिव्या ज्योति जयपुरियार और मेंबर्स अश्वनी कुमार मेहता व हरप्रीत कौर चार्या ने SBI को ₹35,010 रिफंड करने का आदेश दिया। साथ ही मानसिक परेशानी और कानूनी खर्च के लिए ₹15,000 मुआवजा देने को कहा। इस तरह बैंक को कुल ₹50,010 देने होंगे।
ऑनलाइन फ्रॉड होने पर क्या करें?
किसी को भी OTP या बैंकिंग डिटेल्स न बताएं। अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचें। फ्रॉड का शक होते ही बैंक को सूचना दें, कार्ड और पेमेंट सर्विस ब्लॉक कराएं और शिकायत दर्ज करें। जरूरत पड़ने पर नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन के नंबर 1915 पर संपर्क कर सकते हैं।

