scorecardresearch

PM Kisan की 24वीं किस्त के ₹2,000 नहीं आए? इन 6 गलतियों से अटक सकता है पैसा, जानें कैसे मिलेगा लाभ

पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी हो गई है, लेकिन कई किसानों के खातों में अभी तक ₹2,000 नहीं पहुंचे हैं। इसके पीछे कुछ ऐसी गलतियां हो सकती हैं, जिन पर आपका ध्यान नहीं गया होगा। जानिए किन वजहों से पैसा अटक सकता है और इसे पाने के लिए क्या करना होगा।

Advertisement

In Short

  • पीएम किसान की 24वीं किस्त के तहत 9.32 करोड़ किसानों के खातों में करीब ₹19,000 करोड़ ट्रांसफर किए गए।
  • e-KYC अधूरी होने, जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी या बैंक खाते की NPCI मैपिंग सही नहीं होने से ₹2,000 अटक सकते हैं।
  • - किसान आधिकारिक वेबसाइट पर Beneficiary Status चेक करके किस्त रुकने की वजह पता कर सकते हैं।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी हो चुकी है। इसके बावजूद कई किसानों के बैंक खातों में अभी तक 2,000 रुपये नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में किसानों के मन में सवाल है कि उनका पैसा क्यों अटका है और इसे पाने के लिए क्या करना होगा। इसकी वजह बैंक खाते से लेकर जमीन के दस्तावेजों तक हो सकती है। आइए जानते हैं किस्त रुकने की 6 वजहें और इन्हें ठीक करने का तरीका।

advertisement

9.32 करोड़ किसानों को भेजे गए ₹19,000 करोड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा से पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत 9.32 करोड़ किसानों के खातों में करीब 19,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। योजना में पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये मिलते हैं। यह पैसा 2,000 रुपये की तीन किस्तों में दिया जाता है। हालांकि, योजना में रजिस्ट्रेशन होने के बाद भी कुछ गलतियों के कारण पैसा रुक सकता है।

e-KYC और जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी

किस्त अटकने की पहली वजह ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी नहीं होना है। इसे पीएम किसान की वेबसाइट पर ओटीपी से पूरा कर सकते हैं। परेशानी होने पर कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) में बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराएं। दूसरी वजह जमीन के रिकॉर्ड का वेरिफिकेशन नहीं होना है। अगर लैंड सीडिंग का स्टेटस पेंडिंग है, तो कृषि विभाग या राजस्व अधिकारी से संपर्क करके रिकॉर्ड अपडेट कराएं।

बैंक खाते और परिवार से जुड़ी गलतियां

तीसरी वजह बैंक खाते का आधार से लिंक नहीं होना या एनपीसीआई (NPCI) मैपिंग अधूरी होना है। सिर्फ आधार नंबर लिंक होना काफी नहीं है। डीबीटी (DBT) मैपिंग भी सही होनी चाहिए। इसके लिए बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक से संपर्क करें। चौथी वजह परिवार के एक से ज्यादा सदस्यों का लाभ लेना है। पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों को एक किसान परिवार माना जाता है। ऐसे मामलों में जांच पूरी होने तक पैसा रुक सकता है।

जमीन खरीदने और पात्रता से जुड़े नियम

पांचवीं वजह 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन का मालिकाना हक मिलना हो सकता है। ऐसे कुछ मामलों में पात्रता की जांच होती है। जमीन खरीदने या विरासत में मिलने पर दस्तावेज सही रखें। छठी वजह पात्रता के नियम हैं। हर महीने 10,000 रुपये या ज्यादा पेंशन पाने वाले रिटायर्ड लोग पात्र नहीं हैं। हालांकि, एमटीएस, क्लास IV और ग्रुप D कर्मचारियों को छूट है। प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, सीए, आर्किटेक्ट, संवैधानिक पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक, मौजूदा या पूर्व मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष भी योजना से बाहर हैं।

₹2,000 नहीं मिले तो क्या करें?

सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर बेनिफिशियरी स्टेटस चेक करें। यहां ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग और आधार-बैंक लिंकिंग की जानकारी देखें। जहां गड़बड़ी मिले, उसे संबंधित विभाग, बैंक या सीएससी से ठीक कराएं। जरूरत पड़ने पर फिजिकल वेरिफिकेशन का स्टेटस भी पता करें। याद रखें, सिर्फ रजिस्ट्रेशन से पैसा मिलने की गारंटी नहीं है। पात्रता और सभी जरूरी रिकॉर्ड सही होने चाहिए।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।