Mutual Fund में आपका पैसा खतरे में? देश की 12 बड़ी कंपनियों की रिपोर्ट में खुलासा, जानें क्या है Climate Risk
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए एक नई रिपोर्ट में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। देश की बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनियों की क्लाइमेट रिस्क को लेकर तैयारियों पर सवाल उठे हैं। आखिर निवेशकों के पैसे पर कितना खतरा है और कौन सी कंपनियां इस मामले में आगे हैं? जानिए।

In Short
- देश की 12 बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनियों को लगातार दूसरे साल क्लाइमेट रिस्क एनालिसिस और स्ट्रेस टेस्टिंग में जीरो अंक मिले।
- देश के कुल म्यूचुअल फंड एसेट्स का 80% से ज्यादा पैसा मैनेज करने वाली कंपनियों की तैयारियों पर सवाल उठे।
म्यूचुअल फंड में निवेश करते समय लोग आमतौर पर रिटर्न और शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव पर ध्यान देते हैं। लेकिन अब निवेश से जुड़ा एक और खतरा सामने आया है, जिसका संबंध क्लाइमेट चेंज यानी जलवायु परिवर्तन से है। एक नई रिपोर्ट में बताया गया है कि देश की बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनियां इस खतरे से निपटने के लिए कितनी तैयार हैं। रिपोर्ट में कंपनियों की रैंकिंग, निवेश से जुड़े जोखिम और जरूरी नियमों को लेकर कई अहम बातें सामने आई हैं।
12 बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनियों को मिले जीरो अंक
30 अक्टूबर को जारी क्लाइमेट रिस्क होराइजन्स (CRH) की 'रिस्किंग अल्फा' रिपोर्ट के दूसरे एडिशन के मुताबिक, देश की 12 बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMCs) को लगातार दूसरे साल क्लाइमेट सिनेरियो एनालिसिस और स्ट्रेस टेस्टिंग में जीरो अंक मिले हैं।
ये कंपनियां देश के कुल म्यूचुअल फंड एसेट्स का 80% से ज्यादा पैसा मैनेज करती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, किसी भी कंपनी ने सार्वजनिक तौर पर यह नहीं बताया कि उसके पोर्टफोलियो में शामिल कंपनियों से कितना कार्बन उत्सर्जन होता है। हालांकि, तीन कंपनियां अपने ऑपरेशन से होने वाले वेरिफाइड उत्सर्जन की जानकारी देती हैं और दो ने इसे घटाने के लिए समयसीमा तय की है।
10 कंपनियों का स्कोर सुधरा, UTI रही सबसे आगे
रिपोर्ट में कुछ सुधार भी सामने आए हैं। 12 में से 10 कंपनियों के कुल स्कोर बढ़े हैं। पिछले साल केवल तीन कंपनियों को 20 में से 10 या उससे ज्यादा अंक मिले थे, जबकि इस साल यह संख्या सात हो गई।
यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी 12 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही। पिछले साल उसका स्कोर 9 था। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट 11 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, एचडीएफसी, निप्पॉन लाइफ इंडिया, कोटक महिंद्रा और डीएसपी को 10-10 अंक मिले। एक्सिस, मिराए एसेट, टाटा और बंधन के स्कोर तीन-तीन अंक बढ़े। एक्सिस का स्कोर 5 से 8 हुआ, जबकि बंधन जीरो से ऊपर पहुंची।
ESG फंड होने के बावजूद कोयले में निवेश पर सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक, 12 में से सात कंपनियां ESG या सस्टेनेबिलिटी से जुड़े फंड ऑफर करती हैं। लेकिन किसी भी कंपनी ने अपने सभी फंड्स पर लागू होने वाली कोयले से जुड़ी पॉलिसी सार्वजनिक नहीं की है।
सिर्फ एक ESG स्कीम में कोयले से जुड़े निवेश पर रोक है, लेकिन उसकी सीमा साफ नहीं है। कुछ ESG फंड्स में कोयले से जुड़ी कंपनियों के शेयर भी शामिल हैं।
SEBI के नियमों में क्या कमी?
रिपोर्ट के मुताबिक, सभी 12 कंपनियों के पास स्टूवर्डशिप कोड और वोटिंग पॉलिसी है। 11 के पास ESG स्क्रीनिंग की बेसिक पॉलिसी है, जबकि नौ ग्लोबल रिस्पॉन्सिबल इन्वेस्टमेंट पहल की फुल मेंबर हैं।
हालांकि, सेबी के ESG नियमों में फॉसिल फ्यूल में निवेश की कोई तय सीमा नहीं है। रिपोर्ट की लेखिका और CRH की सस्टेनेबल फाइनेंस एनालिस्ट स्नेहा यादव के मुताबिक, सेबी के नियमों से पारदर्शिता बढ़ी है, लेकिन ESG फंड्स को निवेश पर लगाई गई रोक और उसकी सीमाएं ज्यादा साफ बतानी चाहिए।


