
SIP से ₹1 करोड़ जोड़ने का सपना पड़ सकता है फीका! 15 साल बाद कितनी रह जाएगी रकम की असली कीमत?
SIP के जरिए करोड़पति बनने का सपना देख रहे निवेशकों के लिए एक जरूरी खबर है। क्या आपने कभी सोचा है कि आज जिस ₹1 करोड़ के लिए निवेश कर रहे हैं, भविष्य में उसकी असली कीमत कितनी होगी? एक्सपर्ट ने महंगाई और निवेश को लेकर कुछ अहम बातें बताई हैं।

In Short
- SIP से ₹1 करोड़ जुटाने के बाद भी महंगाई के कारण घट सकती है पैसों की खरीदने की ताकत।
- 6% महंगाई के अनुमान पर 15 साल बाद ₹1 करोड़ की वैल्यू आज के मुकाबले काफी कम हो सकती है।
- एक्सपर्ट ने वित्तीय लक्ष्य के हिसाब से SIP और Step-Up SIP अपनाने की सलाह दी।
अगर आप भी SIP के जरिए ₹1 करोड़ का फंड बनाने का सपना देख रहे हैं, तो सिर्फ इस रकम तक पहुंचना ही काफी नहीं है। आपको यह भी समझना होगा कि 10 या 15 साल बाद उस पैसे की असली कीमत कितनी रह जाएगी। महंगाई लगातार आपके पैसों की खरीदने की ताकत कम करती है। ऐसे में आज का ₹1 करोड़ भविष्य में उतना काम नहीं आएगा, जितना आप सोच रहे हैं। बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Money Tree Partners के को-फाउंडर सिद्धार्थ शर्मा ने निवेशकों को इसी बात पर ध्यान देने की सलाह दी है।
15 साल बाद ₹1 करोड़ की कीमत कितनी रह जाएगी?
सिद्धार्थ शर्मा के मुताबिक, ज्यादातर निवेशक SIP के जरिए ₹1 करोड़ जुटाने का लक्ष्य तो बना लेते हैं, लेकिन यह नहीं सोचते कि भविष्य में उस रकम की असली वैल्यू कितनी होगी।
उन्होंने बताया कि अगर महंगाई की दर 6 फीसदी मानकर चलें, तो 15 साल बाद ₹1 करोड़ की खरीदने की ताकत आज के हिसाब से करीब ₹36-37 लाख के बराबर रह सकती है।
यानी आपके खाते में ₹1 करोड़ जरूर होंगे, लेकिन उस पैसे से आप उतनी चीजें नहीं खरीद पाएंगे, जितनी आज खरीद सकते हैं। इसलिए सिर्फ बड़ी रकम जमा करना ही सही फाइनेंशियल प्लानिंग नहीं है।
पहले अपना लक्ष्य तय करें, फिर SIP शुरू करें
सिद्धार्थ शर्मा का कहना है कि निवेश की शुरुआत किसी तय रकम से नहीं, बल्कि अपने वित्तीय लक्ष्य से करनी चाहिए।
मसलन, अगर आप रिटायरमेंट के लिए पैसा जोड़ रहे हैं, बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना चाहते हैं या भविष्य में घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह समझें कि उस समय आपको कितने पैसों की जरूरत होगी।
इसके बाद महंगाई को ध्यान में रखते हुए भविष्य की रकम का अनुमान लगाएं। फिर उसी हिसाब से तय करें कि हर महीने कितनी SIP करनी होगी।

Step-Up SIP से पूरा हो सकता है लक्ष्य
अगर आपकी मौजूदा SIP से भविष्य की जरूरतें पूरी होती नहीं दिख रही हैं, तो सिद्धार्थ शर्मा ने Step-Up SIP को बेहतर विकल्प बताया है।
इसमें निवेशक अपनी आमदनी बढ़ने के साथ SIP की रकम भी समय-समय पर बढ़ा सकते हैं। इससे लंबे समय में बड़ा फंड तैयार करने में मदद मिल सकती है।
बाजार गिरने पर निवेश करना भी जरूरी
सिद्धार्थ शर्मा ने लंबी अवधि के निवेशकों के लिए बाजार में गिरावट के दौरान खरीदारी करने की रणनीति को भी अहम बताया।
उनके मुताबिक, बाजार में करेक्शन आने पर निवेश बढ़ाने से लंबे समय में ज्यादा निवेश यूनिट जुटाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने समझाया कि 15-15-15 जैसे निवेश के नियमों में रिटर्न और कंपाउंडिंग महत्वपूर्ण हैं, लेकिन सबसे जरूरी है कि निवेश आपके असली लक्ष्य से जुड़ा हो। सिर्फ करोड़पति बनना नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों के लिए पर्याप्त पैसा जुटाना ही सही निवेश का मकसद होना चाहिए।


