scorecardresearch

Onion Price Hike: प्याज की कीमतों में 108% का उछाल! चीनी, तेल और चावल भी महंगे

देश में महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्याज से लेकर चीनी, तेल और चावल तक की कीमतों में तेज उछाल आया है। खास बात यह है कि गांवों में इसका असर शहरों से ज्यादा है। आखिर क्यों बढ़ रहे हैं दाम? जानिए रिपोर्ट।

Advertisement

In Short

  • सितंबर 2026 में प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 108% का उछाल, चीनी 30% और गुड़ 23% महंगा हुआ।
  • ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 6.08% रही, जबकि शहरों में यह 4.88% दर्ज की गई।
  • सितंबर में खाद्य महंगाई दर 7.74% और कुल खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.54% पहुंच गई।

देश में खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के घर का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। सितंबर 2026 में प्याज की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। वहीं, चीनी, खाने का तेल और चावल भी महंगे हुए हैं। महंगाई का असर शहरों के मुकाबले गांवों में ज्यादा दिखाई दे रहा है। सरकार की अक्टूबर मंथली इकोनॉमिक रिव्यू रिपोर्ट में महंगाई को लेकर कई अहम आंकड़े सामने आए हैं।

advertisement

सितंबर में कितनी बढ़ी महंगाई?

रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.54% पहुंच गई, जो अगस्त के मुकाबले 0.71 प्रतिशत अंक ज्यादा है। वहीं, खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर बढ़कर 7.74% हो गई।

महंगाई बढ़ने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों पर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। खासकर ग्रामीण इलाकों में इसका असर ज्यादा देखने को मिला है।

गांवों में शहरों से ज्यादा महंगाई

सितंबर में ग्रामीण इलाकों की खुदरा महंगाई दर 6.08% रही, जबकि शहरी इलाकों में यह 4.88% दर्ज की गई।

खाने-पीने की चीजों की महंगाई में भी यही अंतर दिखाई दिया। गांवों में खाद्य महंगाई दर 8.06% रही, जबकि शहरों में यह 7.18% थी। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि ग्रामीण परिवारों के कुल खर्च में खाने-पीने की चीजों की हिस्सेदारी ज्यादा होती है।

प्याज 108% महंगा, चीनी और तेल के दाम भी बढ़े

रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर में प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 108% की बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा चीनी की कीमतें 30% और गुड़ की कीमतें 23% बढ़ीं।

वहीं, रिफाइंड तेल 15%, मूंगफली का तेल 14% और चावल 8% महंगा हुआ। जरूरी चीजों की कीमतों में इस बढ़ोतरी ने परिवारों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा दिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

आखिर क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?

प्याज महंगा होने की बड़ी वजह सप्लाई में कमी है। रबी सीजन की पुरानी फसल का स्टॉक घट रहा है, जबकि खरीफ की नई फसल बाजार में पहुंचने में करीब एक महीने की देरी हुई है।

चीनी की कीमतें बढ़ने के पीछे गन्ने का कम उत्पादन है। ज्यादा बारिश और रेड रॉट बीमारी से फसल प्रभावित हुई है। त्योहारों से पहले बढ़ती मांग और वैश्विक स्तर पर चीनी की सीमित सप्लाई ने भी दबाव बढ़ाया है।

वहीं, खाड़ी देशों से भारतीय चावल की बढ़ती मांग के कारण इसकी कीमतों पर भी असर पड़ा है।

थोक महंगाई भी बढ़ी, आगे क्या होगा?

सितंबर में थोक महंगाई दर अगस्त के 9.92% से बढ़कर 11.39% पहुंच गई। ईंधन और बिजली की थोक महंगाई 25.85% रही, जबकि मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स की महंगाई दर 9.76% दर्ज हुई।

advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक खाद्य मूल्य सूचकांक भी सालाना आधार पर 5.8% बढ़ा है। अगर खाने-पीने की चीजों और थोक कीमतों में बढ़ोतरी जारी रहती है, तो आने वाले समय में महंगाई को काबू करना और मुश्किल हो सकता है। फिलहाल इसका सबसे ज्यादा दबाव ग्रामीण परिवारों पर दिखाई दे रहा है।