scorecardresearch

मिडिल ईस्ट तनाव से बिगड़ेगा दुनिया का बजट! कच्चे तेल से लेकर खाने-पीने की चीजों तक बढ़ सकते हैं दाम

दुनियाभर में महंगाई का एक नया संकट खड़ा हो सकता है। वर्ल्ड बैंक की ताजा रिपोर्ट में तेल, अनाज और दूसरी जरूरी चीजों की कीमतों को लेकर बड़ी चेतावनी दी गई है। आखिर किन वजहों से बढ़ सकती हैं कीमतें और आने वाले समय में खाद्य सुरक्षा पर कितना खतरा मंडरा रहा है?

Advertisement

In Short

  • वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, 2026 में वैश्विक कमोडिटी की कीमतें 23% तक बढ़ने का अनुमान है।
  • तेल की कीमतों में 32% और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में 10% बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।
  • पश्चिम एशिया में संघर्ष और ताकतवर अल नीनो के कारण दुनिया में महंगाई और खाद्य सुरक्षा का खतरा बढ़ सकता है।

दुनियाभर में महंगाई का एक और बड़ा खतरा मंडरा रहा है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, ब्लैक सी क्षेत्र में तनाव और ताकतवर अल नीनो की वजह से तेल, अनाज और दूसरी जरूरी चीजों की कीमतों में तेज उछाल आने की आशंका है। वर्ल्ड बैंक की ताजा कमोडिटी मार्केट्स आउटलुक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में वैश्विक कमोडिटी की कीमतें 23% बढ़ सकती हैं। इससे कीमतें 2013 के बाद दूसरे सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच सकती हैं। हालांकि, 2027 में इनमें 7% गिरावट का अनुमान है।

advertisement

कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उछाल

वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण दुनिया में तेल की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। साल 2026 में ऊर्जा की कीमतें 32% बढ़ सकती हैं। ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत 2025 के 69 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 2026 में 91 डॉलर पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, 2027 में यह घटकर 79 डॉलर रह सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में वैश्विक तेल सप्लाई 5.2% यानी रोजाना 55 लाख बैरल घट सकती है। वहीं, तेल की खपत में भी 2.5% गिरावट का अनुमान है। सप्लाई की कमी के चलते तेल भंडार का लगातार इस्तेमाल करना पड़ रहा है।

खाने-पीने की चीजें भी होंगी महंगी

महंगाई का असर अब खाने-पीने की चीजों पर भी पड़ सकता है। वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, 2026 में खाद्य वस्तुओं की कीमतें 10% और 2027 में 7% बढ़ सकती हैं। इस तरह दो साल में कुल बढ़ोतरी करीब 18% हो सकती है।

अनाज की कीमतों में 2026 में 14% और अगले साल 9% बढ़ोतरी का अनुमान है। इसकी बड़ी वजह खराब मौसम, महंगी खाद और व्यापार में रुकावटें हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

अल नीनो से फसलों पर खतरा

रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा अल नीनो 1950 के बाद सबसे ताकतवर हो सकता है। इससे चावल, पाम ऑयल, चीनी और कॉफी जैसी फसलों के उत्पादन पर असर पड़ने का खतरा है। दक्षिण-पूर्व एशिया में सूखे की वजह से चावल और पाम ऑयल की कीमतें बढ़ सकती हैं।

हालांकि, कॉफी और कोको का उत्पादन सुधरने से बेवरेज प्राइस इंडेक्स में 2026 के दौरान 24% गिरावट का अनुमान है।

सोना-चांदी और धातुओं में तेजी

वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, 2026 में धातुओं और खनिजों की कीमतें 25% बढ़ सकती हैं। इलेक्ट्रिक कारों, डेटा सेंटर और रिन्यूएबल एनर्जी की बढ़ती मांग से कॉपर, एल्युमीनियम और टिन की कीमतों में तेजी आई है।

वहीं, वैश्विक अनिश्चितता के कारण सोना, चांदी और प्लेटिनम जैसी कीमती धातुओं की कीमतों में 40% उछाल का अनुमान है।

2027 में और बिगड़ सकते हैं हालात

रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि अगर पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ा और अल नीनो का असर गंभीर हुआ, तो 2027 में ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकता है। खाद्य वस्तुओं की कीमतें भी 2022 के स्तर को पार कर सकती हैं।

advertisement

इन खतरों से निपटने के लिए वर्ल्ड बैंक ने विकासशील देशों की मदद के वास्ते मौजूदा वित्तीय साधनों के जरिए 50 से 60 अरब डॉलर उपलब्ध कराए हैं। इसका मकसद कमजोर अर्थव्यवस्थाओं को सहारा देना और खाद्य सुरक्षा से जुड़े जोखिम कम करना है।